Anita Kanwal कौन हैं? आर्थिक तंगी की फर्जी खबरों पर भड़कीं 72 साल की दिग्गज एक्ट्रेस, शाहरुख खान के साथ कर चुकी हैं काम

बॉलीवुड और टीवी की दिग्गज एक्ट्रेस में शुमार अनीता कंवल ने हाल ही में उन खबरों को सिरे से खारिज किया है, जिसमें दावा किया गया था कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और लोगों से मदद मांग रही हैं। अनीता ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि कल मीडिया चैनल्स और न्यूज पोर्टल्स ने उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया और इससे उन्हें काफी परेशानी हुई। इस वीडियो के सामने आते ही अनीता कंवल का नाम चर्चा में आ गया है। चलिए आपको बताते हैं कि वह कौन हैं और किन फिल्मों व टीवी सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं।
अनीता कंवल कौन हैं?
अनीता कंवल टीवी और फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा रही हैं। उन्होंने फिल्मी दुनिया में तीन दशकों से अधिक समय तक टीवी और फिल्मों में काम किया है। दिग्गज एक्ट्रेस अनीता शाहरुख खान के साथ फिल्म 'कभी हां कभी ना' और अजय देवगन की फिल्म 'गंगाजल' में नजर आ चुकी हैं। वह 'शांति', 'सोनपरी' और 'ससुराल गेंदा फूल' जैसे सीरियल्स का हिस्सा रही हैं। उन्होंने साल 1991 में टीवी सीरियल 'चाणक्य' से अपने करियर की शुरुआत की थी। आज की पीढ़ी भले ही उन्हें ज्यादा न जानती हो, लेकिन उनकी दमदार एक्टिंग से उन्होंने फिल्म और टीवी की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है।
मेरे पास पैसे कम होते जा रहे हैं...
अनीता ने कुछ महीने पहले सीनियर जर्नलिस्ट विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में अपनी आर्थिक स्थिति पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह कमाना चाहती हैं, क्योंकि अगर उन्हें अगले 10-12 सालों तक जिंदा रहना है, तो वह क्या करेंगी? अनीता ने कहा था कि वह ऐसी स्थिति में नहीं जाना चाहती हैं, जहां उन्हें अपने बच्चों पर निर्भर रहना पड़े या उन्हें बच्चों से कुछ मांगने पड़े। उन्होंने यह भी कहा था कि उनका घर उनकी इकलौती संपत्ति है और उनके पास रखी सारी बचत एक साल में खत्म हो जाएगी। वह काम करना चाहती हैं, क्योंकि उनके पैसे कम होते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Love Gill कौन हैं? गर्लफ्रेंड के होते हुए भी जिनके प्यार में पड़े स्काउट, Bigg Boss 20 में पहले बताया था बहन
अनीता कंवल ने आर्थिक तंगी से जुड़ी अफवाहों पर जताई नाराजगी
अब अनीता कंवल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन खबरों पर नाराजगी जताई है, जिसमें कहा जा रहा है कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू में कही गई उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और इस तरह से पेश किया गया है कि जैसे वह लोगों से मदद मांग रही हैं। अनीता ने वीडियो में यह भी कहा कि कुछ न्यूज चैनल वालों ने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर कई ऐसे दावे किए, जिनसे उन्हें बहुत दुख हुआ है। अनीता ने बताया कि वह सोशल मीडिया से अच्छा कमा रही हैं। उन्होंने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चल रही खबरों को सीधे तौर पर गलत बताते हुए कहा, "लोग लिख रहे हैं कि मेरे पास पैसे नहीं हैं...जैसे मैं लोगों से भीख मांग रही हूं...आप ऐसी सनसनीखेज खबरें क्यों बना रहे हैं कि मैं परेशान हूं...आर्थिक तंगी में हूं...मैं बिल्कुल ठीक हूं और अपना फ्यूयर सेफ करने की कोशिश कर रही हूं। मेरी अपील है कि इस उम्र में मेरे नाम को इस तरह बदनाम मत कीजिए।"
यह भी पढ़ें- Madhu Kambikar कौन थीं? 73 साल की उम्र में हुआ निधन, नाना पाटेकर की 'मां' का निभाया था रोल
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।