क्या सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनाने से सच में बिगड़ती है आर्थिक स्थिति? वास्तु एक्सपर्ट से जानें

अक्सर देखा जाता है कि घर में सीढ़ियों के नीचे की जो खाली जगह होती है उसका इस्तेमाल लोग बाथरूम या टॉयलेट बनाने के लिए करते हैं। खासतौर पर छोटे घरों और फ्लैट्स में स्पेस बचाने के लिए लोग हर कोने का इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग सीढ़ियों के नीचे बने खाली हिस्से को टॉयलेट या बाथरूम में बदल लेते हैं। इस स्थान पर बना टॉयलेट आपकी सीढ़ियों के नीचे के स्थान को इस्तेमाल करने का एक अच्छा तरीका माना जाता है, लेकिन क्या यह वास्तु के अनुसार भी ठीक है? क्या सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनाने से आपके घर की आर्थिक स्थिति खराब हो सकती हैं? आइए यहां वास्तु एक्सपर्ट ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें इन सवालों का सही जवाब क्या है?
क्या सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनाना ठीक नहीं है?
वास्तु शास्त्र के अनुसार सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनाना पूरी तरह से गलत नहीं है। हालांकि, यह इस बार पर भी निर्भर करता है कि सीढ़ियों के नीचे की दिशा टॉयलेट बनाने के लिए अनुकूल है या नहीं और आपकी सीढ़ियां सही दिशा में बनी हैं या नहीं। ऐसे में अगर सीढ़ियों की दिशा सही है और उसी दिशा में टॉयलेट बनाना अनुकूल है तो वहां आप टॉयलेट बनवा सकती हैं। सीढ़ियों के नीचे बना टॉयलेट आपके घर के लिए तभी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है जब इसकी दिशा सही न हो। इसलिए यदि आप सीढ़ियों के नीचे के स्थान को टॉयलेट के लिए इस्तेमाल करना चाहती हैं, तो इसकी दिशा का ध्यान जरूर रखें।
किन दिशाओं में सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनाना माना जाता है शुभ?
वास्तु की मानें तो कुछ दिशाएं हैं जहां टॉयलेट बनाना ठीक माना जाता है। जैसे यदि आपकी सीढ़ियां उत्तर-पश्चिम दिशा में हैं, तो आप यहां टॉयलेट बना सकती हैं। इसके साथ ही, पश्चिम दिशा या दक्षिण दिशा में टॉयलेट बनवाना भी ठीक माना जाता है। यदि आपके घर की सीढ़ियां इनमें से किसी भी दिशा में हैं तो आप इन स्थानों पर सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनवा सकती हैं, इससे आपके आर्थिक जीवन में कोई बुरा प्रभाव नहीं होता हो।
यह भी पढ़ें- Vastu Tips: टॉयलेट-बाथरूम में इन चीजों को रखने से दूर होगा वास्तु दोष
किन दिशाओं में सीढ़ियों के नीचे नहीं बनवाना चाहिए टॉयलेट?
वास्तु शास्त्र में कुछ दिशाओं को टॉयलेट बनाने के लिए शुभ नहीं माना जाता है और इन दिशाओं में यदि सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट होता है, तो आपको आर्थिक नुकसान का सामना भी करना पड़ सकता है। यदि सीढ़ियां उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में हैं, तो भूलकर भी इस स्थान पर टॉयलेट न बनवाएं। इस दिशा को भगवान की दिशा माना जाता है और इस दिशा में बना टॉयलेट आपके लिए नुकसान पहुंचा सकता है। इसके साथ ही आपको दक्षिण-पश्चिम दिशा में बनी सीढ़ियों के नीचे भी टॉयलेट नहीं बनवाना चाहिए। इस दिशा को परिवार से जोड़ा जाता है और इस दिशा में टॉयलेट बनाने से घर में कलह-कलेश बढ़ने लगते हैं। यदि आप दक्षिण-पूर्व दिशा की सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनवाती हैं, तो ये आपकी सेहत के लिए नुकसान पहुंचा सकता है।
गलत दिशा में बना टॉयलेट घर की ऊर्जा को प्रभावित कर सकता है और आर्थिक हानि का कारण भी बन सकता है। अगर आप सीढ़ियों के नीचे टॉयलेट बनवा रहे हैं, तो यहां बताए वास्तु नियमों का पालन जरूरी है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।