घर में पॉजिटिविटी को बनाए रखने के लिए जरूरी होता है कि चीजों को उनकी सही जगह पर रखा जाए। जब घर की चीजों को उनकी सही दिशा में रखा जाता है तो इससे घर में सकारात्मकता का माहौल बनता है। अमूमन लोग अपनी किचन से लेकर बेडरूम और बाथरूम आदि पर ध्यान देते हैं। लेकिन ब्रह्मस्थान की ओर उनका ध्यान नहीं दिया जाता है। जबकि वास्तव में यह बहुत ही अहम् है।
घर के बीचों-बीच के एरिया को ब्रह्मस्थान कहा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि घर के इस स्थान में ब्रह्माजी का निवास होता है। यह स्थान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि घर के इसी स्थान से पूरे घर में ऊर्जा का प्रवाह होता है। पहले के समय में लोग अपने घर में इस स्थान को खुला रखते थे, क्योंकि यह आकाश तत्व का प्रतीक है। आज के समय में ऐसा करना संभव नहीं है, इसलिए यह जरूरी है कि आप वहां पर सोच-समझकर चीजें रखें। तो चलिए आज इस लेख में वास्तुशास्त्री डॉ. आनंद भारद्वाज आपको बता रहे हैं कि आपको घर के ब्रह्मस्थान में किन चीजों को रखना चाहिए-
हमेशा हो लाइट
घर का ब्रह्मस्थान बहुत ही मायने रखता है। इसलिए हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि वहां पर लाइट की व्यवस्था हमेशा ही होनी चाहिए। इस स्थान पर कभी भी अंधेरा नहीं होना चाहिए। ब्रह्मस्थान में रोशनी होने से वहां पर आकाश तत्व का प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है। इससे व्यक्ति को एक खुलेपन का अहसास होता है और उसे हमेशा नए-नए विचार आते हैं। साथ ही साथ, इससे व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इसे भी पढ़ें :Vastu Tips For Attached Bathroom: घर में एक साथ हैं बाथरूम और टॉयलेट तो वास्तु के इन नियमों का करें पालन
लगाएं नेचुरल तस्वीरें
ब्रह्मस्थान को सजाने के लिए आप वहां पर कुछ अच्छी तस्वीरें लगा सकते हैं। इनमें ध्यान रखें कि आप नेचुरल व हरियाली से जुड़ी तस्वीरें लगाएं। आप यहां पर फूलों की तस्वीर लगा सकती हैं। खासतौर से, गुलाब के फूलों की तस्वीरें पूर्व दिशा की दीवार पर लगा सकती हैं। इससे परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्यार व अटैचमेंट बढ़ता है।
लगाएं इनडोर प्लांट

घर के ब्रह्मस्थान में इनडोर प्लांट भी रखे जा सकते हैं। आप छोटे-छोटे इनडोर प्लांट्स को ब्रह्मस्थान के उत्तर-पश्चिम व दक्षिण-पूर्व दिशा में रख सकते हैं। इससे आपको व आपके परिवार को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। ऐसा माना जाता है कि ब्रह्मस्थान में छोटे इनडोर प्लांट्स लगाने से लोगों की सेहत अच्छी बनी रहती है।
हल्का हो फर्नीचर

यूं तो ब्रह्मस्थान को खुला ही रखने की सलाह दी जाती है। लेकिन आजकल लोग ब्रह्मस्थान में फैमिली लाउन्ज बनवाते हैं। अगर आप भी इस एरिया में फैमिली लाउन्ज तैयार करवा रही हैं तो हमेशा कोशिश करें कि फर्नीचर को आप हमेशा हल्का ही रखें। यह घर का वह स्थान होता है, जहां पर भारी फर्नीचर बिल्कुल भी नहीं रखना चाहिए। जो लोग ऐसा करते हैं, उनके जीवन में आगे बढ़ने के रास्ते अवरूद्ध हो जाते हैं।
इसे भी पढ़ें :Vastu Tips For Job: नौकरी में बार-बार आ रही हैं दिक्कतें तो अपनाएं ये वास्तु टिप्स
बना सकते हैं पूजा स्थान
यूं तो घर में लोग अलग से पूजा स्थान बनाते हैं। लेकिन अगर आपको पूरे घर में कहीं पर पूजा स्थान बनाने की उचित जगह नहीं मिलती है तो ऐसे में आप घर के ब्रह्मस्थान में भी पूजा स्थान बना सकते हैं। इसके लिए आप ब्रह्मस्थान में पूर्व की दीवार पर अपने इष्ट देव की तस्वीर लगाएं।
तो अब आप भी घर के ब्रह्मस्थान में इन चीजों को रखें और अपने घर में पॉजिटिविटी का माहौल बनाए रखें।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों