सुरभि चंदाना की गिनती टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में होती है। उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया है। उन्हें स्टार प्लस के शो 'इश्कबाज' से पहचान मिली। इसके बाद 'नागिन' में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से फैंस के दिलों में खास जगह बनाई। ज्यादातर फैंस उन्हें 'इश्कबाज' की अनिका के नाम से ही जानते हैं, लेकिन उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाने के लिए काफी मेहनत की है। एक वक्त पर उन्होंने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में कैमियो रोल किया था और उस वक्त उन्हें सेट पर काफी ताने सुनने पड़े थे। यहां तक कि सेट पर मौजूद लोगों ने यह तक कह डाला था कि उन्हें एक्टिंग नहीं आती है। चलिए आपको बताते हैं यह दिलचस्प किस्सा।

'तारक मेहता...' में इस रोल में नजर आई थीं सुरभि

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के शुरुआती एपिसोड्स में से एक एपिसोड में सुरभि, स्वीटी नाम की एक सेल्सगर्ल के रोल में नजर आई थीं। स्वीटी ने जेठालाल पर झूठा इल्जाम लगाया था और उसकी वजह से शो में काफी हंगामा देखने को मिला था, लेकिन जेठालाल के बेटे टपू ने स्वीटी की पोल खोल दी थी।

यह भी पढ़ें- 'मां को कर दिया था ब्लॉक...', रश्मि देसाई ने जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में की बात, महिलाओं की दी बड़ी सलाह

सुरभि को सेट पर सुनने पड़े थे ताने


सुरभि ने एक लीडिंग मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उस वक्त उन्हें काफी दिक्कत हुई थी। उन्हें एक्टिंग बिल्कुल नहीं आती थी और यहां तक कि वो डायलॉग्स भी याद नहीं कर पाती थीं। शो के मेकर्स एक वक्त पर उन्हें रिप्लेस भी करने वाले थे और उनकी मां भी सेट पर मौजूद थी। मेकर्स ने उनकी मां से कहा था कि ये पूरा ट्रैक सुरभि के कैमियो पर ही टिका है, लेकिन वो सही से एक्टिंग नहीं कर रही हैं। उनकी मां ने उनका हौंसला बढ़ाया, तब जाकर वो अच्छा कर पाईं। सुरभि ने इंटरव्यू के दौरान ये भी कहा था कि आज जब वीकेंड पर 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का रिपीट टेलीकास्ट होता है और उनका एपिसोड आता है, तो लोग उन्हें मैसेज करके कहते हैं कि उनकी जर्नी बहुत शानदार रही है।

इन शोज में नजर आ चुकी हैं सुरभि

सुरभि चंदाना 'कुबूल है' में नजर आई थीं। इसके अलावा वो 'इश्कबाज' और 'नागिन 5' में भी लीड रोल प्ले कर चुकी हैं। 'इश्कबाज' शो काफी पॉपुलर रहा था और इसमें नकुल मेहता यानी शिवाय सिंह ओबरॉय के साथ उनकी केमिस्ट्री काफी चर्चा में रही थी।

 

यह भी पढ़ें- 'मैं उसमें कंफर्टेबल नहीं थी लेकिन...', 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को लेकर एक्ट्रेस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, शो में निभाया था यह किरदार


'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' लंबे समय से दर्शकों को एंटरटेन कर रहा है। शो के साथ कई विवाद भी जुड़ चुके हैं, लेकिन इसकी पॉपुलरिटी काफी ज्यादा है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।