मशहूर रियलिटी शो लॉक अप 2 अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है, लेकिन शो के हालिया एपिसोड ने फैंस को हिलाकर रख दिया है। हॉस्ट रितेश देशमुख के इस शो में सितारों के कई अनसुने और गहरे राज बाहर आ रहे हैं। इस बार टास्क के दौरान शो की पॉपुलर एक्ट्रेस शिवांगी जोशी और हैंडसम एक्टर हर्षद चोपड़ा ने अपनी जिंदगी के सबसे काले पन्नों को दुनिया के सामने खोला। बता दें कि बचपन में हुए यौन शोषण से लेकर परिवार की बदहाली और खाली पेट सोने तक के दर्द को बयां करते हुए दोनों कलाकार कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। उनकी इस आपबीती ने न सिर्फ साथी कंटेस्टेंट राम कपूर को भावुक कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर फैंस को भी हिलाकर रख दिया है।

बचपन में 'मामा जी' की गंदी हरकत का शिकार हुई थीं शिवांगी जोशी

टास्क के दौरान जब स्क्रीन पर 'ब्रेड बटर' कीवर्ड आया, तो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम शिवांगी जोशी अपने आंसू रोक नहीं पाईं। शिवांगी ने खुलासा किया कि जब वह बेहद छोटी थीं, तब उनके पिता के ट्रांसपोर्ट बिजनेस में नुकसान हो गया था। परिवार की स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई थी कि उन्हें भूखे रहना पड़ा।

उन्होंने बताया कि जब वह मुंबई आई तो एक करीबी व्यक्ति, जिसे वह 'मामा जी' कहती थीं और जो उनकी मां का राखी भाई था, ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाया। उस व्यक्ति ने एक्टिंग सिखाने और गाड़ी चलाने की ट्रेनिंग देने के नाम पर शिवांगी को जबरन अपने पास बिठाना शुरू किया, जिससे शिवांगी असहज हो गईं।

एक रात जब घर पर कोई नहीं था, तो उसने शिवांगी को डराकर गलत तरीके से छूने और किस करने की कोशिश की। जब शिवांगी ने विरोध किया और उसे धक्का दिया, तो उस व्यक्ति ने उन्हें गुस्से में जमीन पर पटक दिया। खुशकिस्मती से उसी वक्त उनके माता-पिता घर लौट आए और उन्होंने उस इंसान को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। इस घटना के बाद शिवांगी काफी समय तक खौफ में रहीं और स्कूल जाना तक बंद कर दिया था।

हर्षद चोपड़ा ने बयां किया 9 साल की उम्र का अनुभव

शिवांगी के बाद जब स्क्रीन पर 'चाइल्डहुड' शब्द आया, तो अभिनेता हर्षद चोपड़ा भी अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख सके। हर्षद ने बताया कि जब वह करीब 9-10 साल के थे, तब उनके माता-पिता ने उन्हें एक भरोसेमंद आदमी के पास छोड़ा था।

हर्षद ने रोते हुए बताया कि रात के वक्त उस व्यक्ति ने उनके साथ बेहद घिनौनी हरकत की। उस उम्र में हर्षद इतने डर गए थे कि उन्होंने सोने का नाटक किया और कुछ बोल नहीं पाए। अभिनेता ने भावुक होकर सभी माता-पिता से अपील की कि वे कभी भी अपने बच्चों को किसी के पास अकेला न छोड़ें और उनके साथ हर बात पर खुलकर चर्चा करें।

'लॉक अप 2' के इस एपिसोड ने यह साबित कर दिया कि स्टारडम की चमक-दमक के पीछे कई ऐसे घाव छिपे होते हैं, जो सालों बाद भी इंसान को अंदर से तोड़ देते हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: instagram