लड़कियां अकेले सफर करें या फिर किसी ग्रुप के साथ जाएं। कुछ जरूरी सामान लेना वे कभी नहीं भूलती हैं, जैसे स्लिंग बैग, मेकअप और मेडिकल पाउच, पेड आदि, लेकिन आजकल बाजार में ट्रैवल उपयोगी कुछ आधुनिक और ट्रेंडी चीजें आ गईं हैं, जो सफर को काफी आसान कर देती हैं। आइए सोलो ट्रैवलर प्रज्ञा से जानते हैं कैसे आप अपनी ट्रैवल किट तैयार कर सकती हैं।
ट्रैवल के लिए स्मार्ट और ट्रेंडी चीजें
आजकल लड़कियां अपनी ट्रैवल किट में बेसिक सामान के अलावा कुछ स्मार्ट चीजें भी रखने लगी हैं, जिससे उनका सफर और भी आसान होने लगा है। स्लिंग बैग, हाइजीन किट, मेडिकल पाउच, फ्लैट चप्पल, इन सारी चीजों के अलावा कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन्हें कैरी करना बहुत सहज है। अगर आप अकेली यात्रा कर रही हैं, तो किसी और पर निर्भर होने के बजाय उन जरूरी चीजों को अपने साथ लेकर जरूर चलें।
टॉयलेट में पोर्टेबल बिडेट
ट्रैवल के दौरान टॉयलेट जाना एक चुनौती जैसा रहता है। इंफेक्शन और हाइजीन को ध्यान में रखते हुए पहले लड़कियां पी सेफ फ्री स्प्रे का इस्तेमाल किया करती थीं, लेकिन वह ज्यादा सुरक्षित नहीं होता। इसलिए, आजकल बाजार में पोर्टेबल बिडेट आने लगे हैं, जो जेट स्प्रे का ही काम करते हैं। कई पश्चिमी देशों के टॉयलेट में सिर्फ पेपर और वाइप्स ही उपलब्ध होते हैं। वहां ऐसे बिडेट की जरूरत पड़ती है। इसलिए, लड़कियां अक्सर इंटरनेशनल ट्रैवल या फिर कैंपिंग के दौरान इसे साथ रखती हैं।
मल्टी-चार्जर एडाप्टर
आजकल हर एक गैजेट या इलेक्ट्रानिक आइटम्स के लिए अलग-अलग चार्जर लेने की जरूरत नहीं पड़ती है। बाजार में मल्टी चार्जर कम एडाप्टर उपलब्ध हैं। यह बहुत ही ट्रेंडी और आधुनिक होते हैं, इनमें आप कई तरह के गैजेट्स चार्ज पर लगा सकते हैं। विदेश यात्रा के दौरान इसकी बहुत जरूरत पड़ती है। वहां यह ट्वेलर एडाप्टर काफी काम आ सकता है।
नेक पिलो-आई मास्क
फ्लाइट, ट्रेन या बस के सफर में सीट पर सोना काफी मुश्किल भरा होता है। इससे गर्दन और पीठ में अकड़न से दर्द शुरू हो जाता है। नेक पिलो गर्दन को सहारा देने का काम करते हैं। आजकल बाजार में नेक पिलो का सेट आता है, जिसमें आई मास्क और कुछ साउंड प्रोडक्ट्स भी होते हैं, जिन्हें शोरगुल के माहौल में आंख और कान में लगाकर आराम मिल सकता है। इन पिलो में चेन लगे हुए होते हैं, जिसमें आप अपनी पुरानी टीशर्ट को कवर की तरह लगा सकते हैं। इसे कैरी करने के लिए अलग से बैग लेने की जरूरत नहीं होती, आप उसे केबिन लगेज के साथ लेकर चल सकती हैं।
वैक्यूम बैग
सर्दियों का मौसम आने वाला है और इस दौरान अगर आप भी घूमने का प्लान बना रही हैं तो यह बैग आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। कई बार बैग पैक या सूटकेस में ठंड के कपड़ों के लिए जगह कम पड़ जाती है। ऐसे में स्वेटर और पफ जैकेट इस बैग में डालकर पैक किया जा सकता है। इसमें पफ जैकेट्स जो बहुत ही मोटे लेकिन हल्के होते हैं, वे आसानी से कम जगह में आ जाते हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
