शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। शादी की तैयारियां महीनों पहले से शुरू हो जाती हैं। शादी में इतने सारे रश्मों की तैयारियों के बीच कपल्स हनीमून की प्लानिंग भी करते हैं। आमतौर पर लोग भारत में गोवा, कश्मीर, कूर्ग, ऊटी, केरल जैसी जगहों पर जाते हैं। वहीं विदेशों में बाली और वियतनाम जैसे देश भी हनीमून के लिए बेस्ट ऑप्शन होते हैं, लेकिन अगर आप शादी के बाद पार्टनर के साथ कुछ दिन सुकून से बिताने का प्लान बना रही हैं, तो मालदीव जा सकती हैं।

नीला समुद्र, सफेद रेत वाले बीच, पानी के बीच बने खूबसूरत रिजॉर्ट और शांति इस जगह को कपल्स के लिए परफेक्ट बनाती है। यहां आप पार्टनर के साथ बीच पर घूमने से लेकर समुद्र के अंदर की खूबसूरत दुनिया तक देख सकती हैं।

भारत से मालदीव जाने का ट्रैवल गाइड

ऐसे में अगर आप भारत से पहली बार मालदीव जा रही हैं, तो हम आपको पूरा ट्रैवल गाइड बता रहे हैं। आने-जाने के लिए क्या इंतजाम करना होगा और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, यह भी बताएंगे।

image credit- adobe stock

मालदीव जाने के लिए वीजा और डॉक्यूमेंट्स की जानकारी रखें

भारत से मालदीव जाने वाले लोगों के लिए वीजा का प्रॉसेस काफी आसान है। मालदीव में भारतीय नागरिकों को टूरिज्म के लिए 90 दिनों तक वीजा की जरूरत नहीं होती। यानी आपको पहले से वीजा के लिए अप्लाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, सफर के दौरान कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपने पास जरूर रखें। जैसे-

  • कम से कम एक महीने की वैलिडिटी वाला मशीन रीडेबल पासपोर्ट होना चाहिए।
  • आने-जाने की कंफर्म फ्लाइट टिकट रखें।
  • होटल या रिजॉर्ट की कंफर्म बुकिंग होनी चाहिए।
  • ट्रिप के खर्च के लिए पर्याप्त पैसे होने का सबूत मांगा जा सकता है।
  • मालदीव पहुंचने से 96 घंटे पहले तक ऑनलाइन Traveller Declaration फॉर्म भरना जरूरी है।
  • यह फॉर्म मालदीव के ऑफिशियल IMUGA पोर्टल पर फ्री में भरा जाता है।

मालदीव घूमने का सबसे अच्छा समय कौन सा है?

हनीमून के लिए मालदीव जाने का प्लान बना रही हैं, तो मौसम का ध्यान जरूर रखें। यहां पूरे साल गर्मी रहती है, लेकिन बारिश और समुद्र की हालत मौसम के हिसाब से बदलती रहती है।

  • नवंबर से अप्रैल: इस समय आमतौर पर मौसम ज्यादा साफ रहता है। बारिश कम होती है और समुद्र की खूबसूरती भी देखने लायक होती है। इसके अलावा बीच पर घूमने और वॉटर स्पोर्ट्स के लिए यह अच्छा समय है।
  • मई से अक्टूबर: इन महीनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना ज्यादा रहती है। हालांकि, इस समय होटल और रिजॉर्ट के कुछ पैकेज कम कीमत में मिल जाते हैं।

अगर आप पार्टनर के साथ बीच पर ज्यादा समय बिताना चाहती हैं, तो दिसंबर से अप्रैल के बीच ट्रिप प्लान कर सकती हैं।

मालदीव में कहां रुकना रहेगा अच्छा?

आपको बता दें कि मालदीव में रुकने के लिए आपके पास कई तरह के ऑप्शन हैं। यहां महंगे प्राइवेट रिजॉर्ट से लेकर कम बजट वाले होटल और गेस्टहाउस भी मिल जाते हैं। अगर आपका बजट अच्छा है, तो समुद्र के ऊपर बने वॉटर विला में स्टे करें। यहां से समुद्र का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। वहीं, कम खर्च में ट्रिप पूरी करना चाहती हैं, तो माफुशी जैसे लोकल आइलैंड पर होटल या गेस्टहाउस देख सकती हैं। बस होटल बुक करते समय कुछ बातों का ध्यान रखें।

  • रूम के साथ ब्रेकफास्ट और डिनर मिल रहा है या नहीं।
  • बीच होटल से कितनी दूरी पर है।
  • एयरपोर्ट से होटल तक आने-जाने का खर्च कितना होगा।
  • वॉटर एक्टिविटीज का चार्ज पैकेज में शामिल है या अलग से देना होगा।

image credit- Magnific

मालदीव में घूमने के लिए कैसे करें सफर?

मालदीव में कई छोटे-बड़े आइलैंड हैं। यहां एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए सड़क की जगह समुद्री रास्तों और हवाई सफर का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए होटल बुक करते समय वहां तक पहुंचने का इंतजाम भी पहले से देख लें। आमतौर पर यहां आने-जाने के लिए तीन ऑप्शन मिलते हैं-

  • स्पीडबोट: एयरपोर्ट के आसपास और पास के आइलैंड तक जाने के लिए इसका इस्तेमाल होता है।
  • सीप्लेन: दूर के आइलैंड और रिजॉर्ट तक पहुंचने के लिए छोटे विमान मिल जारते हैं।
  • डोमेस्‍ट‍िक फ्लाइट: कुछ दूर के आइलैंड तक पहुंचने के लिए डोमेस्टिक फ्लाइट भी ले सकती हैं।

बस ध्यान रखें कि सीप्लेन रात में नहीं चलते हैं। इसलिए अपनी फ्लाइट और रिजॉर्ट के ट्रांसफर का समय मिलाकर ही टिकट बुक करें।

पार्टनर के साथ मालदीव में क्या-क्या कर सकती हैं?

मालदीव में सिर्फ बीच पर घूमना ही नहीं, बल्कि कई दूसरी चीजों का मजा भी ले सकतीर हैं। अगर आप हनीमून पर जा रही हैं, तो अपने ट्रिप प्लान में इन चीजों को शामिल करें।

  • स्नॉर्कलिंग: पानी में रंग-बिरंगी मछलियों और समुद्री दुनिया को करीब से देख सकती हैं।
  • स्कूबा डाइविंग: अगर आपको समुद्र के अंदर की दुनिया देखना पसंद है, तो स्‍कूबा डाइविंग का मजा लें।
  • कयाकिंग: पार्टनर के साथ समुद्र के पानी में कयाकिंग कर सकती हैं।
  • बीच पर डिनर: शाम के समय समुद्र किनारे पार्टनर के साथ डिनर का प्लान बना सकती हैं।
  • सनसेट देखना: शाम को बीच पर बैठकर डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा देखें।

बस ध्यान रहे कि पानी में की जाने वाली एक्टिविटीज के दौरान सुरक्षा के नियमों का ध्यान रखें और ट्रेनर की बात जरूर मानें।

डिस्क्लेमर (Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य ट्रैवल गाइड और पाठकों की सुविधा के लिए तैयार की गई है। किसी भी देश के वीजा नियम, ट्रैवल गाइडलाइंस, मौसम और होटल या फ्लाइट के किराए समय के साथ बदल सकते हैं। इसलिए मालदीव की ट्रिप या बुकिंग फाइनल करने से पहले संबंधित एयरलाइन, होटल और मालदीव सरकार की आधिकारिक वेबसाइट से ताजा नियमों की पुष्टि जरूर कर लें।

आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific