Puri Making Tips: त्योहारों, मेहमानों के आने पर या संडे के खास नाश्ते में पूड़ियां बनना तो बिल्कुल आम बात है। ज्यादातर लोग पूड़ियों को एकदम सफेद और फूली-फूली बनाने के लिए रिफाइंड तेल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सेहत के लिहाज से सरसों का तेल खाना पकाने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है। बहुत से लोगों की यह शिकायत होती है कि सरसों के तेल में पूड़ियां बनाने से वे पीली या काली पड़ जाती हैं, उनमें से कड़वाहट या झाग आने लगता है और वे सफेद नहीं दिखतीं।
अगर आप सरसों के तेल में ही हलवाई जैसी परफेक्ट, सफेद और गुब्बारे जैसी फूली पूड़ियां बनाना चाहती हैं, तो कुछ आसान ट्रिक्स अपनाएं। चलिए नीचे लेख में जानते हैं उन तरीकों के बारे में जिनकी मदद से सरसों के तेल में भी आपकी पूड़ियां एकदम लाजवाब बनेंगी।
तेल का धुआं निकलने तक गर्म करें
सरसों के तेल का अपना पीला रंग और बेहद तीखी गंध होती है। पूड़ियों को सफेद बनाने की पहली और सबसे बड़ी ट्रिक यही है कि तेल को कढ़ाई में डालने के बाद उसे तब तक गर्म करें जब तक कि उसमें से तेज धुआं न निकलने लगे।
सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म होकर धुआं छोड़ने लगता है, तो उसका पीलापन काफी हद तक खत्म हो जाता है। इसके बाद यह हल्के ट्रांसपेरेंट रंग का हो जाता है। साथ ही उसकी तीखी महक भी उड़ जाती है। धुआं निकलने के बाद गैस को थोड़ी देर के लिए धीमा कर दें। फिर पूड़ियां तलना शुरू करें। इससे पूड़ियों पर पीला या काला रंग नहीं चढ़ेगा।
इसे भी पढ़ें- अब गोलगप्पे सिर्फ पानी के साथ ही नहीं, इन 'स्पेशल रेसिपी' में भी आएंगे काम, जानें बची हुई पूरियों से क्या बना सकती हैं?
नमक का करें इस्तेमाल
कई बार सरसों का तेल गर्म होने पर उसमें बहुत ज्यादा झाग बनने लगता है, जिससे पूड़ियां ठीक से दिखाई नहीं देतीं और वे जल जाती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए नमक एक घरेलू उपाय है। तेल जब अच्छे से गर्म हो जाए और उसमें से धुआं निकलने लगे, तो तलने से ठीक पहले उस गरम तेल में सिर्फ एक चुटकी नमक डाल दें।
नमक डालते ही तेल में एक छनछनाहट होगी और सरसों के तेल का सारा झाग और कड़वाहट तुरंत खत्म हो जाएगी। यह तेल को एकदम हल्का और रिफाइंड जैसा साफ बना देता है, जिससे पूड़ियां एकदम सफेद तलकर बाहर आती हैं।
आटे को गूंथते समय मिलाएं ये चीजें
पूड़ियों को एकदम फूला हुआ और खस्ता बनाने का राज तेल के साथ-साथ आपके आटे में भी छिपा होता है। आटा गूंथते समय की गई एक छोटी सी ट्रिक पूड़ियों का टेक्सचर बदल देती है। आप पूड़ियों के लिए जब गेहूं का आटा छानें, तो उसमें दो चम्मच सूजी और एक छोटा चम्मच चीनी मिला लें।
सूजी पूड़ियों को लंबे समय तक फूला हुआ और क्रिस्पी रखती है, जबकि चीनी तेल में जाते ही पूड़ियों को एक खूबसूरत हल्का सा सुनहरा-सफेद रंग देती है और उन्हें कड़क नहीं होने देती।
बेलते समय सूखे आटे की जगह तेल का करें इस्तेमाल
अक्सर लोग पूड़ियों को बेलते समय उन पर सूखा आटा लगा लेते हैं। यह सरसों के तेल में पूड़ियां बनाते समय सबसे बड़ी गलती साबित होती है। सूखा आटा जब गरम सरसों के तेल में जाता है, तो वह जलकर कढ़ाई के नीचे बैठ जाता है। इससे तेल काला हो जाता है और वह जला हुआ आटा दूसरी पूड़ियों पर चिपककर उन्हें मटमैला और काला बना देता है।
इसलिए पूड़ियों को बेलते समय सूखे आटे की जगह बेलन और लोई पर एक बूंद सरसों का तेल लगा लें। इससे आपका तेल आखिर तक बिल्कुल साफ रहेगा और हर एक पूड़ी एकदम सफेद और साफ निकलेगी।
इसे भी पढ़ें- How To Make Puri: करारी और फूली पूड़ी बनाने के लिए करें एयर फ्रायर का इस्तेमाल, ये हैक्स आएंगे काम
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- Freepik
