सर्दियों की सुबह-सुबह बड़ी सुहावनी होती है। बाहर निकलते ही कोहरे की चादर दिल जीत लेती है। अक्सर लोग ठंड के मौसम में गरम-गरम चाय या सूप बाहर बालकनी में खड़े होकर पीना ज्यादा पसंद करते हैं। भारत के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी आते ही लोग बालकनी में सुबह-सुबह कम से कम आधे से एक घंटे बैठना भी पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोहरे देखते हुए गर्म पानी, चाय या सूप पीने से इतनी खुशी क्यों मिलती है? अगर नहीं, तो आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह।

कोहरे में गरम चाय या सूप पीने से खुशी मिलने की वजहें

अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन का शैक्षणिक संसाधन और मनोवैज्ञानिक तौर पर देखा जाए तो इसके पीछे ये खास वजहें काम करती हैं -

बाहरी ठंड और अंदर की गर्माहट का सुकून: जब इंसान बाहर ठंड और धुंध का माहौल देखता है, लेकिन खुद अंदर गर्म महसूस करता है, तो दिमाग को कंफर्ट फील होता है। हाथों में गर्म कप की गर्माहट शरीर के साथ-साथ मन और स्ट्रेस को भी कम करती है।

शांत नजारा और माइंडफुलनेस: कोहरे में बाहर की ठंडी हवा और दूर तक दिखने वाला सुंदर नजारा आंखों और दिमाग पर गहरा असर डालता है। यह शांत और धुंधला नजारा इंसान को ठहरने, गहरी सांस लेने और वर्तमान पल को महसूस करने के लिए प्रेरित करता है। 

बचपन की प्यारी यादें: मनोविज्ञान के अनुसार बचपन की सर्दियों में परिवार के साथ बैठकर चाय पीना और बालकनी या आंगन में खड़े होकर नजारा देखना, ये सभी यादें हमें पुराने दिनों की याद दिलाती हैं। इससे भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर इंसान स्ट्रेस फ्री होकर खुद के साथ एक खूबसूरत लम्हा जीता है।

खुशबू, स्वाद और बेहतर मूड: गरम-गरम चाय, अदरक-मसालों की खुशबू और सूप का स्वाद इस नजारे को दोगुना खूबसूरत बना देता है। इससे मूड बेहतर होता है और मानसिक सुकून भी मिलता है।  

Image Credit: pinterest/best fatburner for fast weightloss

बालकनी में चाय या सूप पीने के पल को खास बनाने का तरीका

अगर आप भी बालकनी में खड़े होकर गरमागरम सूप या चाय पीती हैं, तो अपने इस अंदाज को और खास बनाने के लिए इन टिप्स को जरूर फॉलो करें -

  • चाय या सूप पीते समय अगर आप मोबाइल भी साथ में चला रही हैं, तो ऐसा करने से रुक जाएं। चाय और सूप पीते समय मोबाइल को दूर रखें और खूबसूरत नजारे का आनंद लें।
  • दिन भर ज्यादा मीठी या कड़क चाय पीने के बजाय सुबह-सुबह हल्की या कम मीठी अदरक-इलायची वाली चाय पी सकती हैं।
  • खिड़की या बालकनी के पास खड़ी होकर आप शॉल या स्वेटर पहनकर ठंडी हवा को महसूस कर सकती हैं और मन हल्का कर सकती हैं।
  • आप चाहें तो अपनी बालकनी में कुछ खूबसूरत पौधे और बैठने के लिए आरामदायक मोड़ या चेयर रखवा सकती हैं। 

निष्कर्ष : सर्दी के दिनों में कोहरा दिल जीत लेता है। अक्सर लोग इस मौसम में बालकनी में खड़े होकर गरमागरम चाय, सूप या कुछ हल्का-फुल्का खाना-पीना पसंद करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि शरीर की गर्माहट, शांत वातावरण और खूबसूरत कोहरा हमारे दिमाग और शरीर दोनों को तरोताजा रखता है, जिससे बार-बार सर्दियों में बाहर खड़े होकर चाय या सूप पीने का मन करता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।