Leftover Candle Hacks: अक्सर त्योहारों, शादियों या बर्थडे पार्टी के बाद घर में मोमबत्तियां जलकर आधी रह जाती हैं। इन बचे हुए छोटे-छोटे मोमबत्ती के टुकड़ों को हम बेकार समझकर या तो डस्टबिन में फेंक देते हैं या फिर घर के किसी कोने में डाल देते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि इन बेकार टुकड़ों की मदद से आप अपने घर को आलीशान और लग्जरी लुक दे सकती हैं? इसके लिए आपको बाजार से महंगी डेकोरेटिव मोमबत्तियां खरीदने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आज के इस लेख में हम आपको 4 ऐसे बेहतरीन DIY आइडियाज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनसे आप बचे हुए मोम का इस्तेमाल करके कमाल की चीजें बना सकती हैं।

खूबसूरत कांच के गिलासों में बनाएं सेंटेड कैंडल

बचे हुए मोम के टुकड़ों से आप बाजार जैसी महंगी खुशबूदार मोमबत्ती घर पर ही तैयार कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले मोम के सभी टुकड़ों को एक बर्तन में डालकर धीमी आंच पर पिघला लें। जब मोम पिघल जाए, तो उसमें से धागा निकालकर बाहर कर दें।

अब इस पिघले हुए मोम में अपनी पसंद के एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिला दें। इसके बाद घर में रखे किसी बेकार पड़े कांच के छोटे गिलास या कप के बीच में एक नया सूती धागा सेट करें और पिघला हुआ मोम उसमें डाल दें। सूखने के बाद खुशबूदार मोमबत्ती बनकर तैयार है।

पुराने कप और विंटेज बर्तनों को दें नया लुक

अगर आपके पास चीनी मिट्टी के ऐसे चाय के कप हैं, जिनका हैंडल टूट गया है या जिनका सेट खराब हो चुका है, तो उन्हें फेंकने के बजाय कैंडल होल्डर बना लें। पिघले हुए मोम को इन विंटेज या एंटिक दिखने वाले कप, छोटी पीतल की कटोरियों या कांच के जार में भर दें।

आप चाहें तो मोम को पिघलाते समय उसमें पुराने वैक्स क्रेयॉन्स मिलाकर उसे अलग-अलग खूबसूरत रंगों में भी बदल सकती हैं। जब आप इन रंग-बिरंगे कप वाली मोमबत्तियों को अपने डाइनिंग टेबल या बालकनी में सजाएंगे, तो यह देखने में बेहद क्लासिक और महंगी लगेगी।

इसे भी पढ़ें- Thermocol DIY: कूड़े में मत फेंकिए थर्माकोल के टुकड़े, घर पर ही बनाएं ये 5 कमाल की चीजें; हर कोना दिखेगा आलीशान

तैरने वाली फ्लोटिंग कैंडल्स से सजाएं घर का कोना

घर के मेन गेट या लिविंग रूम के सेंटर टेबल पर पानी में तैरती हुई मोमबत्तियां बहुत ही रॉयल लुक देती हैं। इन्हें बनाने के लिए आपको बस सिलिकॉन के छोटे मोल्ड्स की जरूरत होगी।

पिघले हुए मोम को इन मोल्ड्स में डालें और बीच में छोटी बत्ती लगा दें। ठंडा होने पर इन्हें बाहर निकाल लें। अब एक बड़े कांच के कटोरे में पानी भरें, उसमें कुछ गुलाब की पंखुड़ियां डालें और इन तैरने वाली मोमबत्तियों को जला दें।

सूखे फूलों और दालचीनी के साथ डिजाइनर लुक

यदि आप अपनी मोमबत्तियों को बिल्कुल डिजाइनर और आर्टिस्टिक लुक देना चाहती हैं, तो यह तरीका सबसे बेस्ट है। जब आप कांच के जार में पिघला हुआ मोम डाल रहे हों, तो बर्तन की दीवारों के किनारे-किनारे सूखे हुए फूल, पुदीने की पत्तियां या दालचीनी के टुकड़े चिपका दें।

इसके बाद बीच में मोम भर दें। जब यह मोमबत्ती जमेगी, तो बाहर से इसमें जड़ी-बूटियां और फूल दिखाई देंगे। जलने पर यह न सिर्फ दिखने में लाजवाब लगेगी, बल्कि दालचीनी की वजह से पूरे घर में एक सोंधी और बेहतरीन खुशबू भी फैल जाएगी

इसे भी पढ़ें- Plastic Bottle के ढक्कन से बनाएं किचन के लिए कमाल के ऑर्गनाइजर, मार्केट से नहीं पड़ेगा खरीदना

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit- Freepik, Shutterstock