हम अक्सर सुनते हैं कि जीवन में अच्छी परवरिश होना बहुत जरूरी है, लेकिन अच्छी परवरिश का मतलब बड़ा घर, महंगी गाड़ियां और आलिशान लाइफस्टाइल नहीं होता। इंसान की छोटी-छोटी आदतें, उसका बोलने का तरीका और व्यवहार भी उसकी परवरिश को दर्शाता है। आज इस लेख में हम आपको 4 ऐसी आदतों के बारे में बता रहे हैं, जो यह तय करती हैं कि आपकी परवरिश कितनी अच्छी हुई है। आइए जानते हैं इन आदतों के बारे में।
इन आदतों से लगाएं परवरिश कितनी अच्छी है
आपकी आदतें और लोगों के प्रति आपका सम्मान भी आपकी अच्छी परवरिश तय करता है। ऐसे में नीचे बताई गई इन 4 आदतों से जानें अच्छी परवरिश के बारे में।
1. घर आए मेहमानों से दूरी बनाना
जब भी कोई मेहमान आपके घर आता है, तो वह घर के सदस्यों से मिलने और बात करने की उम्मीद रखता है। कई घरों में देखा जाता है कि लोग अपने कमरे से बाहर ही नहीं निकलते। वे मेहमानों के सामने ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे उन्हें उनसे कोई मतलब ही न हो। आपका यह अजीब एटीट्यूड और मेहमानों को नजरअंदाज करना आपकी परवरिश को बताता है।
2. घर में जूते-चप्पल बिखेरकर रखना
आपकी परवरिश सिर्फ आपके व्यवहार से ही नहीं, बल्कि आपके रहने के तरीके से भी झलकती है। अक्सर कुछ लोग बाहर से घर आते ही अपने जूते-चप्पल इधर-उधर फेंक देते हैं। इससे वे बिखरे हुए नजर आते हैं और कमरे की खूबसूरती भी खराब होती है। ऐसा करने से घर आए मेहमानों या दूसरों के मन में आपके प्रति गलत छवि बनती है।
यह भी पढ़ें- जब मुश्किल समय में ढाल बनी ज्वॉइंट फैमिली, परवरिश की बदल दी परिभाषा
3. दूसरों की बातों को अनसुना करना या ध्यान न देना
कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो दूसरों की या घर आए मेहमानों की बातों को सुनकर भी अनसुना कर देते हैं। सुनने की कला भी आपकी परवरिश और संस्कारों को दर्शाती है। अगर कोई शख्स आपसे बात कर रहा है या कुछ समझा रहा है, तो उसकी बात को टालने के बजाय हमेशा ध्यान से सुनें। बात काट देना या अनसुना करना आपकी इमेज खराब कर सकता है।
4. जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद न करना
कई बार लोग एक-दूसरे की सहायता करने से पीछे हट जाते हैं। जब भी कोई मेहमान या जान-पहचान वाला आपसे मदद की उम्मीद करता है, तो आप कभी भी मदद करने से पीछे न हटें, जितना आप कर सकती हैं, उतनी उनकी हेल्प करें। अगर आपके पास मदद करने का मौका है और फिर भी आप पीछे हट जाती हैं, तो इससे साफ पता चलता है कि आपको दूसरों का ख्याल रखना नहीं सिखाया गया है।
यह भी पढ़ें- सिंगल चाइल्ड की परवरिश आसान नहीं होती, अपनाएं ये जरूरी नियम
ऊपर बताई गई इन आदतों से आप आसानी से समझ सकती हैं कि आपकी परवरिश कैसी हुई है। अगर अनजाने में आप भी ऐसी कोई गलती करती हैं, तो आज ही अपनी इन आदतों में सुधार कर लें।
यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
