पूजा-पाठ या त्योहारों पर साड़ियों और लहंगों के साथ बालों में गूंथा हुआ मोगरा लगाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। खासकर दक्षिण भारत में महिलाओं को गजरा लगाना बहुत पसंद होता है। अक्सर महिलाओं को लगता है कि गजरा केवल श्रृंगार और बालों की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए ही लगाया जाता है, लेकिन इसके पीछे एक गहरा वैज्ञानिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा रहस्य भी छिपा हुआ है। जी हां, आयुर्वेद और आधुनिक एरोमाथेरेपी (सुगंध से इलाज) के अनुसार, मोगरे के फूलों की खुशबू हमारे दिमाग, नर्वस सिस्टम और मूड पर सकारात्मक असर डालती है।
सेहत के लिए मोगरे का गजरा
बालों में मोगरे का गजरा लगाने से मानसिक तनाव और दिनभर की थकान दूर की जा सकती है। आइए जानते हैं मोगरे के गजरे का साइंटिफिक लॉजिक और इससे होने वाले सेहत से जुड़े फायदों के बारे में -
तनाव और चिंता को कम करने में मददगार
वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) के तहत मोगरे के फूलों से आने वाली खुशबू दिमाग को सुकून पहुंचाती है। जब गजरा बालों में बंधा होता है, तब उसकी खुशबू नाक के जरिए शरीर के अंदर जाती है। यह खुशबू दिमाग में सेरोटोनिन और डोपामाइन जैसे खुशी महसूस कराने वाले हार्मोन्स को बढ़ाती है, जो मानसिक बेचैनी, चिंता और स्ट्रेस हार्मोन के लेवल को तेजी से कम करते हैं। इसकी मदद से मन तुरंत शांत हो जाता है और मूड अच्छा रहता है।
मूड स्विंग्स और मानसिक थकान से राहत
दिनभर की भागदौड़ के बाद बालों में लगा ताजा गजरा मन को ताजगी से भर देता है। मोगरे की महक सुस्ती और दिमागी थकान को दूर करती है। एरोमाथेरेपी एक्सपर्ट्स के अनुसार, मोगरे के फूलों से निकलने वाले प्राकृतिक खुशबूदार तत्व दिमाग को रिफ्रेश करने के साथ-साथ मूड स्विंग्स और चिड़चिड़ेपन को कम करने में मदद करते हैं।
सिरदर्द और अनिद्रा की समस्या में कारगर
आयुर्वेद और पुरानी पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, मोगरे के फूलों में ठंडक देने वाले गुण मौजूद होते हैं। स्कैल्प के पास गजरा लगाने से ये फूल सिर को ठंडक पहुंचाते हैं। इससे निकलने वाली खुशबू नसों के खिंचाव को कम करके सिरदर्द से राहत दिलाती है। साथ ही, इसकी भीनी-भीनी खुशबू से रात में गहरी और अच्छी नींद आने में भी मदद मिलती है।
पसीने की बदबू से राहत
मोगरे के फूल की खुशबू एक नेचुरल इत्र या परफ्यूम की तरह काम करती है। इसी वजह से बालों में गजरा लगाने से पसीने की बदबू दूर रहती है और बाल दिनभर महकते रहते हैं। मोगरे के फूलों से बना यह गजरा बाजार में मिलने वाले केमिकल हेयर स्प्रे से कई गुना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि यह बालों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाता है।
यह भी पढ़ें- Mogra Flowers Reuse Hacks: गजरा हो या मोगरा के सूखे फूल, फेंकने के बजाय इन 5 तरीके से करें इस्तेमाल
निष्कर्ष:बालों में मोगरे का गजरा सजाना केवल एक फैशन नहीं है, बल्कि यह सेहत और मानसिक संतुलन को बनाए रखने में भी बहुत मदद करता है। इससे आने वाली प्राकृतिक खुशबू आपके तनाव को कम करती है और मन को शांति देती है। ऐसे में आप किसी खास मौके या त्योहार पर ही नहीं, बल्कि आम दिनों में भी अपने बालों में ताजा मोगरा गजरा लगा सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
(image credit: magnific)
