आज की भागदौड़ से भरी दुनिया में बहुत ज्यादा थकान महसूस होना, बातें भूल जाना या मेंटली ड्रेन महूसस करना बहुत आम हो गया है। काफी देर तक काम करना, स्क्रीन का लगातार इस्तेमाल, नींद पूरी न होना और हर वक्त का तनाव, इन सब वजहों से लोग अक्सर इन इशारों को मामूली बात मानकर छोड़ देते हैं। जब ये सब संकेत नजर आते हैं, तो हम इन्हें स्ट्रेस या बर्नआउट समझ लेते हैं, लेकिन हर बार ऐसा होना जरूरी नहीं। कई बार ये संकेत सिर्फ तनाव के हो सकते हैं, लेकिन इसके पीछे कोई गंभीर बीमारी भी हो सकती है। हम बात कर रहे हैं ब्रेन ट्यूमर की। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि ब्रेन ट्यूमर होने पर केवल दौरे पड़ना या दिमाग से जुड़ी कोई बहुत बड़ी और गंभीर समस्या ही सामने आती है, लेकिन हकीकत यह है कि इसके शुरुआती लक्षण बहुत हल्के और सामान्य होते हैं, जिन्हें आसानी से अनदेखा किया जा सकता है। इसके शुरुआती लक्षणों को आमतौर पर स्ट्रेस या बर्नआउट समझ लिया जाता है, लेकिन इन शुरुआती संकेतों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से समझते हैं। इस बारे में Dr. Dipesh Pimpale, Consultant - Neurologist, KIMS Hospitals, Thane जानकारी दे रहे हैं।
हर बार नॉर्मल नहीं होती थकान
रोजमर्रा की जिंदगी में थकान महसूस होना नॉर्मल है, लेकिन हर समय थकान होना सही नहीं है। कई बार लोगों को लगता है कि ऐसा ज्यादा काम करने की वजह से हो रहा है और वो थोड़ा आराम करेंगे तो ठीक हो जाएंगे, लेकिन यह जरूरी नहीं है। अगर पूरी नींद और आराम के बाद भी आपको थकान महसूस हो रही है और इसका असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर हो रहा है, तो यह सही नहीं है।
यह भी पढ़ें- World Hypertension Day 2026: हाई बीपी को Silent Killer क्यों माना जाता है? डॉक्टर से समझें
बार-बार सिरदर्द होना
सिरदर्द आज के वक्त में काफी आम है। हम में से कई लोग ऐसे होंगे, जिन्हें हर दूसरे दिन सिरदर्द होता है, लेकिन वो इस पर ध्यान नहीं देते हैं। इसे कभी कमजोरी, कभी थकान तो कभी जुकाम की वजह से होने वाला सिरदर्द मान लेते हैं। अगर सिरदर्द के साथ उल्टी महसूस हो, जी मिचलाए या सिर के अंदर दबाव महसूस हो, तो यह तनाव की वजह से होने वाला सिरदर्द नहीं है।
चक्कर आना
अगर आपको धुंधला नजर आ रहा है, चीजों को याद रखने में मुश्किल हो रही है, आप काम पर फोकस नहीं कर पा रही हैं या आपको चक्कर आ रहे हैं, तो इस पर भी ध्यान दें। बार-बार मूड स्विंग्स होना या इमोशनली थका हुआ फील करना भी ब्रेन ट्यूमर का इशारा हो सकता है।
एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आपको इनमें से कोई लक्षण महसूस हो, तो डॉक्टर से जरूर मिलें। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
