क्या आप उन लोगों में से हैं जो वर्कआउट या वॉक करने के लिए वीकेंड का इंतजार करते हैं या उनमें से हैं कि पांच दिनों तक भरपूर काम करके हफ्ते के दो दिन अपने मी टाइम में वर्कआउट करते हैं? यहां बता दें कि जिन लोगों को पूरे हफ्ते वर्कआउट करने का समय नहीं मिलता और सिर्फ वीकेंड पर ही एक्सरसाइज करते हैं, इन्हीं लोगों को वीकेंड वॉरियर कहा जाता है।

फिटनेस के लिए 2 दिन करें एक्‍सरसाइज

एक अध्ययन में पाया गया है कि हफ्ते में सिर्फ एक या दो बार एक्‍सरसाइज करना हर दिन व्यायाम करने जितना ही फायदेमंद है जबकि एनएचएस प्रति हफ्ते कम से कम 150 मिनट एक्‍सरसाइज करने की सलाह देता है। नए अध्ययन में पाया गया है कि 75-75 मिनट के दो लंबे वर्कआउट सेशन से भी यह काम हो सकता है। इसके बारे में ज्‍यादा जानकारी के लिए जानिए फिटनेस एक्सपर्ट नीति शर्मा की राय...।

एक शेड्यूल बनाएं

हफ्ते में कितने दिन वर्कआउट आपके लिए बेहतर है यह तय करने के लिए आपको यह पता लगाना होगा कि आपके पास वर्कआउट के लिए कितने दिन उपलब्ध हैं? अगर आप वर्किंग हैं और ऑफिस टाइमिंग 8-12 घंटे तक है, परिवार के और दूसरे कई तरह के दायित्व हैं तो आपको वीकडेज में भी एक्सरसााइज करनी चाहिए। इससे पांच दिन में आप न सिर्फ अपने शरीर को फिट रख पाएंगे बल्कि रेस्ट के साथ-साथ निजी काम के लिए भी समय निकाल पाएंगे। छह दिन वर्कआउट और वेट लिफ्टिंग तभी करें, जब आपके पास आराम करने के लिए दिन में भी पर्याप्त समय हो।

फिटनेस गोल होना है जरूरी

कितने दिन वर्कआउट आपके लिए ठीक है? यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपका फिटनेस गोल क्या है? अगर आप वज़न कम करने के लिए वर्कआउट कर रहे हैं, तो कोशिश करें कि 6 दिन वर्कआउट करें, अगर आप वेट लिफ्टिंग-बॉडी बिल्डिंग कर रहे हैं, तो पांच दिन आपके लिए पर्याप्त हैं। वेट लॉस में आपको कैलरी बर्न करनी पड़ती है। ऐसे में हफ्ते में दो दिन वर्कआउट नहीं करते तो आपके शरीर में खत्म हो रही फैट पर इसका फर्क पड़ता है। वहीं बॉडी लिफ्टिंग में मसल्स बिल्ड करते हैं तो ऐसे में अगर आपको पर्याप्त रेस्ट नहीं लेते तो मसल्स पर उसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

प्लान करें वर्कआउट

अगर वेट लॉस करना चाहते हैं तो कार्डियो से अच्छा वर्कआउट कोई और नहीं, लेकिन इसे करने की भी एक सीमा है। अगर हर दिन कार्डियो करते रहेंगे तो शरीर पर इसका ज्‍यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन मिक्सड वर्कआउट, दो दिन भी कर लेते हैं तो बॉडी में काफी असर दिखता है। इसके लिए दो दिन जिम जाकर ट्रेनर के साथ वर्कआउट प्लान करें। वहीं आप अपनी क्षमता अनुसार वर्कआउट करें, लेकिन याद रखें कि इसे हर दिन एक पायदान ऊपर ले जाएं वरना आपको सुधार देखने को नहीं मिलेंगे। यह न्यूनतम 30 मिनट और अधिकतम 2 घंटे होना चाहिए। मेंटल हेल्थ के लिए मेडिटेशन या योग करें।

दिन भर की भागदौड़ और काम के दबाव के अलावा, जब समय वीकेंड का आता है तो सारी एनर्जी अपने आप पस्त पड़ने लगती है, लेकिन अगला हफ्ते शानदार गुजरें, इसके लिए आपको वीकेंड के दो दिन एक्सरसाइज करना होगी। इन दो दिन वर्कआउट के बाद अगले हफ्ते आप पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ काम कर सकेंगे। यह हम नहीं, बल्कि यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी के शोधकर्ताओं का कहना है। इस अध्ययन के अनुसार आप छुट्टी वाले दिन एक्सरसाइज करके कई समस्याओं से बच सकते हैं।

निकालें 80 मिनट

80 मिनट की एक्सरसाइज यानी हफ्ते में 2 दिन 40-40 मिनट की एक्सरसाइज, आपकी कई समस्याओं को कम कर सकती है। ऐसा करने से आपके मसल्स मजबूत होते हैं और आप दोगुनी गति से अपना कार्य कर पाने में सक्षम बनते हैं। दूसरा तरीका इससे आपका मेटाबॉलिक रेट बढ़ता है और पाचन क्रिया सही तरह से दुरुस्त हो पाती है। तीसरा, यह शरीर के अन्य अंग जैसे लिवर, किडनी और पैनक्रियाज स्वस्थ होते हैं। इसके साथ ही यह आपके फेफड़ों को स्वस्थ रखने में भी मदद कर सकता है।

फायदे हैं अनेक

वीकेंड वॉरियर को भी उतने ही फायदे मिलते हैं, जितने रोजाना एक्सरसाइज़ करने वालों को मिलते हैं। ये लोग हफ्ते में दो दिन वर्कआउट करते हैं।

  • कुछ मिनट ही काफी हैं- यदि कोई व्यक्ति प्रति सप्ताह 150 मिनट रेगुलर फिजिकल एक्टिविटी कर रहा है, तो उसे एक्टिव रेगुलर कहा जाएगा। भले ही उसने इसे पूरे हफ्ते में पूरा किया हो या सिर्फ दो दिन में।
  • दुरुस्त रहेगा दिल- दो दिन के वर्कआउट को करके दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। फिर भले ही आप नियमित रूप से एक्सरसाइज न कर पा रहे हों।
  • वजन होता है कम- दो दिन का वर्कआउट करके भी आप अपना वजन कम कर सकते हैं। बस आपको इन दो दिनों का शेड्यूल तय करना होगा, फिर उसे अच्छी तरह करना होगा। इसके बाद डाइट का भी खूब ध्यान रखना होगा। अगर आप हाई प्रोटीन या बैलेंस्ड डाइट लेंगे, तो आप वेट लॉस करने में कामयाब हो पाएंगे।
  • ब्लड प्रेशर भी रहता है ठीक- जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर रहता है, उन्हें भी हफ्ते में कुछ दिन एक्सरसाइज करने से मदद मिल सकती है। भले ही आप सिर्फ वॉक करें, पर इसे जरूर करें।
  • डायबिटीज लेवल रहेगा सही- एक्सरसाइज करके आप कई बीमारियों से कंट्रोल पा सकते हैं। एक्सरसाइज से डायबिटीज भी कंट्रोल में रहती है।

इस रूटीन की मदद से आप फिट रह सकते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक : गीतांजलि