ज्यादातर महिलाएं वर्कआउट से जुड़ी ट्रेंडिंग एक्सेसरीज देखकर अपने लिए आउटफिट्स, जूते आदि खरीदती हैं, जबकि उन्हें स्थान और अपनी सेहत को ध्यान में रखकर इन चीजों का चुनाव करना चाहिए। आइए, फिटनेस एक्सपर्ट मीनल भरद्वाज पाठक से जानते हैं कि जिम आउटफिट्स और एक्सेसरीज के चुनाव में स्थान का महत्व क्या है...

महिलाएं या तो बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के ट्रेंड्स फॉलो करती हैं या फिर इंटरनेट मीडिया पर जो चीजें चर्चा में रहती हैं, उन्हें खरीदती हैं। ट्रेंड फॉलो करना गलत नहीं है, लेकिन आंखें बंद करके ऐसा नहीं करना चाहिए। इसलिए एक्सपर्ट्स वर्कआउट का स्थान और अपनी सेहत ध्यान में रखकर एक्सेसरीज खरीदने की सलाह देते हैं।

ट्रेंड नहीं , स्थान देखकर चुनें जिम एक्सेसरीज

अक्सर कुछ महिलाएं पार्क या मैदान में वर्कआउट के दौरान शार्ट्स या क्रॉप टॉप पहन लेती हैं, जबकि जिम या स्टूडियो में फुल स्लीव्स वाले कपड़े पहन लेती हैं। दरअसल, उन्हें यह समझना चाहिए कि खुले मैदान में कीड़े-मकोड़ों के काटने से वे अस्वस्थ हो सकती हैं, जबकि जिम चारों ओर से बंद होता है। ऐसे में वहां थोड़े खुले कपड़े पहनना ठीक रहता है। वे शार्ट्स और स्पोर्ट्स ब्रा पहनकर भी एक्सरसाइज कर सकती हैं। वहीं, पार्क या मैदान में फुल स्लीव्स वाले टॉप्स और लेगिंग्स पहनना ही हर दृष्टि से ज्यादा आरामदायक हो सकता है।

जूतों का भी रखें ध्यान

यही बात रनिंग शूज पर भी लागू होती है। कई महिलाएं सड़क पर सामान्य जूते पहनकर दौड़ने लगती हैं, जबकि सड़क की सतह सख्त होती है। ऐसे में कुशनिंग वाले रनिंग शूज पहनना बेहतर रहता है। इससे घुटनों और एड़ियों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है। जिन महिलाओं को पहले से घुटनों या एड़ियों में दर्द है, उन्हें जूतों का चुनाव विशेष सावधानी से करना चाहिए। वहीं, जिम या स्टूडियो में भी वर्कआउट के प्रकार के अनुसार सही जूते चुनना जरूरी है। मार्केट में हर तरह के जूते मौजूद हैं।

स्वेटप्रूफ ईयरबड्स चुनें

आजकल बाजार में सामान्य ईयरबड्स के मुकाबले वर्कआउट के लिए आधुनिक तकनीक वाले ईयरबड्स उपलब्ध हैं। इन्हें खासतौर पर जिम या बाहर वर्कआउट करने के लिए डिजाइन किया जाता है। इनमें से कई पसीने, धूल और पानी की छींटों से भी खराब नहीं होते। इसलिए खरीदते समय ध्यान रखें कि उनमें स्वेट-रेसिस्टेंट या वाटर-रेसिस्टेंट होने की कितनी क्षमता है। इसके साथ ही वर्कआउट के लिए ईयर हुक या विंग टिप्स वाले बड्स चुनने चाहिए, ताकि दौड़ने या उछलने के दौरान वे कानों से न गिरें और उनमें पसीना जाने का खतरा भी कम रहे। यदि आप जिम से बाहर सड़क पर दौड़ती हैं, तो एक्टिव नाइज कैंसिलेशन (एएनसी) फीचर वाले बड्स चुनने से पहले यह भी ध्यान रखें कि वे आसपास की आवाजों को कितना कम करते हैं। सड़क पर दौड़ते समय यातायात की आवाज सुन पाना सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है।

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप बाहर वर्कआउट करती हैं, तो पसीना ज्यादा आ सकता है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी न हो, इसका ध्यान रखें।

  • बाहर या अंदर कहीं भी वर्कआउट के दौरान जरूरत के अनुसार पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स साथ रखें।
  • अपनी सेहत और जरूरत के अनुसार प्रोटीन शेक साथ ले जा सकती हैं।
  • घर या बाहर कहीं भी वर्कआउट के दौरान पसीना सोखने वाला तौलिया और पसीने से सुरक्षित रहने वाले इयरबड्स साथ रखें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल