Menopause Diary: महिलाओं की उम्र जैसे-जैसे बढ़ती है, शरीर में कई तरह के बदलाव आने लगते हैं। खासतौर पर 45 से 55 साल की उम्र के बीच मेनोपॉज का दौर शुरू होता है। इस दौरान शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने लगता है। इसकी वजह से कई महिलाओं को अचानक गर्मी लगना, रात में पसीना आना, नींद न आना, चिड़चिड़ापन और हर वक्त थकान महसूस होने जैसी परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में सेहत का ध्यान रखना और भी जरूरी हो जाता है।

मेनोपॉज में करनी चाहिए हार्मोन योग

मेनोपॉज के दौरान कुछ महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में योग को शामिल करती हैं। इनमें हार्मोन योग भी एक अच्छा ऑप्शन है, जिसे खास तरह के योगासन, सांस लेने की तकनीक और ध्यान के साथ किया जाता है। माना जाता है कि इससे तनाव कम करने, शरीर को आराम देने और नींद बेहतर बनाने में मदद मिलती है। हालांकि, इसे मेनोपॉज का इलाज या हार्मोन की कमी पूरी करने का तरीका नहीं समझना चाहिए। हार्मोन योग क्या है और यह शरीर को कैसे ठीक रखता है, इसकी जानकारी योग और मेनोपॉज कोच मरीना ने शेयर की है। वह इंस्टा के माध्यम से अपने फैंस के साथ इस तरह की जानकारी समय समय पर शेयर करती रहती हैं।

क्या होता है हार्मोन योग?

हार्मोन योग एक खास तरह का योग अभ्यास है। इसमें कुछ योगासन, सांस लेने के तरीके, शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर ध्यान लगाने और ध्यान यानी मेडिटेशन को शामिल किया जाता है। इस तरह के योग में थायरॉइड, एड्रिनल ग्लैंड और पेल्विक एरिया से जुड़े कुछ आसनों पर ध्यान दिया जाता है। इसके अलावा, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और मेडिटेशन भी कराया जाता है। हालांकि, हार्मोन योग करने से एस्ट्रोजन या दूसरे हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है।

Photo Credit: Pinterest (define health)

मेनोपॉज के दौरान हार्मोन योग कैसे कर सकता है मदद?

1. तनाव और चिड़चिड़ापन कम करने में मदद

मेनोपॉज के दौरान हार्मोन में बदलाव के कारण कुछ महिलाओं का मूड बार-बार बदलता रहता है। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, बेचैनी और तनाव महसूस होना भी आम है। ऐसे में योग और ध्यान करने से मन को शांत रखने में मदद मिल सकती है। गहरी सांस लेने की तकनीक शरीर को आराम देने में मदद करती है।

2. नींद की परेशानी में मिलती है राहत

मेनोपॉज के दौरान कई महिलाओं को रात में बार-बार नींद खुलने या देर तक नींद न आने की समस्या होती है। इसकी एक वजह रात में होने वाले हॉट फ्लैश और पसीना भी हो सकता है। नियमित योग और मेडिटेशन से तनाव कम हो सकता है, जिससे कुछ महिलाओं को बेहतर नींद लेने में मदद मिलती है।

3. शरीर की थकान कम करने में मदद

इस उम्र में कई महिलाओं को बिना ज्यादा काम किए भी थकान महसूस होती है। ऐसे में हल्के योगासन और स्ट्रेचिंग शरीर को एक्टिव रखने में मदद कर सकते हैं। नियमित शारीरिक गतिविधि से मांसपेशियों की ताकत और शरीर का संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

4. शरीर को लचीला और मजबूत बनाए रखने में मदद

उम्र बढ़ने के साथ मांसपेशियों की ताकत और हड्डियों की मजबूती पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। मेनोपॉज के बाद हड्डियों की सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए। हल्के योगासन, स्ट्रेचिंग और नियमित एक्सरसाइज से शरीर का लचीलापन और मांसपेशियां एकदम ठीक रहती है।

5. चिंता और बेचैनी से राहत

मेनोपॉज के दौरान कुछ महिलाओं को बिना किसी खास वजह के घबराहट, चिंता और उदासी महसूस हो सकती है। योग के साथ मेडिटेशन करने से मन को शांत रखने में मदद मिलती है। इससे महिलाओं को अपने रोजमर्रा के काम करने में भी आसानी हो सकती है।

नर्वस सिस्टम को शांत करता है हार्मोन योग

हार्मोन योग का दूसरा हिस्सा नर्वस सिस्टम यानी तंत्रिका तंत्र से जुड़ा होता है। इसमें गहरी सांस लेने की तकनीक, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और वेगस नर्व को सक्रिय करने वाले अभ्यास शामिल किए जाते हैं। वेगस नर्व शरीर के आराम और पाचन से जुड़े कामों में अहम भूमिका निभाती है। जब महिलाएं तनाव में रहती हैं तो शरीर में कोर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन का स्तर प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सांसों पर ध्यान देना और मेडिटेशन करना शरीर को शांत करने में मदद कर सकता है। इससे तनाव कम करने और नींद की गुणवत्ता बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।

क्या हार्मोन योगा से हॉट फ्लैश की समस्या खत्म होती है?

मेनोपॉज के दौरान अचानक शरीर में गर्मी महसूस होना हॉट फ्लैश कहलाता है। यह मेनोपॉज के आम लक्षणों में से एक है। सोशल मीडिया पर हार्मोन योग को हॉट फ्लैश से राहत दिलाने वाला बताया जाता है, लेकिन इस दावे को समझना जरूरी है।

Photo Credit: Pinterest (chandramouli)

मेनोपॉज में योग शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

  • शुरुआत में कठिन योगासन करने से बचें। आसान आसनों और हल्की स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें।
  •  किसी प्रशिक्षित योग शिक्षक की देखरेख में अभ्यास करें।
  •  शरीर पर जरूरत से ज्यादा दबाव न डालें।
  •  अगर चक्कर, दर्द या सांस लेने में परेशानी हो तो अभ्यास रोक दें।
  •  पहले से कोई बीमारी या शारीरिक परेशानी है तो डॉक्टर से सलाह लेकर ही योग शुरू करें।
  •  योग के साथ संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि पर भी ध्यान दें।

मेनोपॉज महिलाओं की जिंदगी का एक सामान्य पड़ाव है। इस दौरान शरीर में होने वाले बदलावों को समझना और अपनी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। हार्मोन योग के जरिए महिलाएं शरीर को एक्टिव रखने, तनाव कम करने और बेहतर नींद पाने की कोशिश कर सकती हैं। हालांकि, हर महिला का अनुभव अलग होता है। अगर मेनोपॉज के लक्षण ज्यादा परेशान कर रहे हैं तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर हार्मोन थेरेपी या दूसरे इलाज के विकल्प भी बता सकते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।