सर्दियों का मौसम शुरू होते ही न सिर्फ फैशन में कई तरह के बदलाव आते हैं, बल्कि खान-पान में भी तरह-तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। लोग इस मौसम में ड्राई फ्रूट्स और गोंद के लड्डू जैसी चीजों का सेवन करते हैं। अधिकतर लोगों को लगता है कि सर्दियों में वजन तेजी से बढ़ता है, लेकिन क्या इसके पीछे का कारण सिर्फ खान-पान है या कुछ और? अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं, तो आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

सर्दियों में वजन बढ़ने के बायोलॉजिकल और वैज्ञानिक कारण

यूनाइटेड किंगडम की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के आधिकारिक स्वास्थ्य पोर्टल के अनुसार मॉडर्न साइंस और बायोलॉजी इस बात की पुष्टि करती है कि सर्दियों के दौरान हमारे शरीर में कुछ ऐसे बदलाव होते हैं, जिससे वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है - 

1. सदियों से इंसान ठंड के मौसम में ऊर्जा और कैलोरीज को बचाकर रखता आया है। सर्दियों में तापमान कम होने से हमारा शरीर खुद को गर्म रखने के लिए फैट स्टोर करने की कोशिश करता है।

2. सर्दियों के दिनों में सूरज की रोशनी कम मिलती है, जिससे हमारे दिमाग में सेरोटोनिन यानी खुशी देने वाले हॉर्मोन का लेवल गिरने लगता है। इस कमी को पूरा करने के लिए दिमाग मीठे की क्रेविंग और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर चीजें खाने का संकेत देता है, जिससे वजन बढ़ सकता है।

3. यही नहीं इस मौसम में मेटाबॉलिज्म में बदलाव देखने को मिलते हैं। शरीर का तापमान मेंटेन रखने के लिए मेटाबॉलिज्म का तरीका भी बदल जाता है। कई लोगों को सर्दियों में ज्यादा भूख लगती है, क्योंकि शरीर को अंदर से गर्मी बनाए रखने के लिए अधिक कैलोरीज की जरूरत होती है।

4. ठंड और रजाई की गर्माहट के कारण अक्सर लोग जिम जाना या वॉक करना छोड़ देते हैं, जिससे खाई गई कैलोरीज बर्न नहीं हो पाती हैं और चर्बी में बदलने लगती हैं। 

सर्दियों में वजन को कैसे मेंटेन रखें?

अगर आप विंटर सीजन में वजन को कंट्रोल रखना चाहती हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकती हैं -

  • ठंड के मौसम में पानी पीने की इच्छा कम होती है, लेकिन जितना हो सके उतना पानी जरूर पिएं ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
  • अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, अंडे और प्रोटीन से भरपूर चीजों को ज्यादा शामिल करें।
  • अगर आप ठंड की वजह से घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं, तो घर के अंदर ही होम वर्कआउट या योग कर सकती हैं।
  • इस मौसम में गजक, मूंगफली और गुड़ जैसी चीजों का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। अगर आप इन सभी टिप्स को फॉलो करती हैं, तो आपका वजन हमेशा मेंटेन रहेगा। 

निष्कर्ष: सर्दियों के दिनों में वजन बढ़ना एक आम समस्या है, लेकिन यह सिर्फ खान-पान की वजह से नहीं, बल्कि शरीर से जुड़े कुछ जैविक बदलावों की वजह से होता है। ऐसे में ठंड के मौसम में अपने वजन को बढ़ने से रोकने के लिए भरपूर पानी, पौष्टिक आहार और होम वर्कआउट जैसी अच्छी आदतों को जरूर अपनाएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।