रिटायरमेंट के बाद सुरक्षित भविष्‍य को ध्‍यान में रखते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन पीएफ खाते से हर महीने पैसा निकालने की सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है। EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने इस बाबत 19 नवंबर को हुई बैठक में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे कर्मचारी रिटायरमेंट पर पूरा PF पैसा एक साथ निकालने के बजाय हर महीने तय रकम ले सकेंगे।चलिए देखते हैं, अगर आपको रिटायरमेंट के बाद हर महीने 50,000 चाहिए, तो कितना पीएफ फंड और कितनी बेसिक सैलरी जरूरी होगी?

हर महीने 50,000 रुपये के लिए कितना पीएफ फंड चाहिए?

अगर आप रिटायरमेंट के बाद हर महीने 50,000 रुपये निकालना चाहती हैं, तो आपके पीएफ खाते में अच्छी रकम जमा होनी चाहिए। यहां कैलकुलेशन 8.25% सालाना ब्याज दर मानकर किया गया है। इसे आप एक उदाहरण के जरिए समझ सकती हैं। मान लीजिए आप 60 साल की उम्र में रिटायर होते हैं और अगले 20 साल तक हर महीने 50,000 रुपये चाहते हैं। इसके लिए रिटायरमेंट के समय करीब 60.5 लाख रुपये का पीएफ फंड होना चाहिए। अगर आप 30 साल तक पैसा निकालना चाहती हैं, तो करीब 69 लाख रुपये के फंड की जरूरत होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि खाते में बची रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा।

 कितने पीएफ फंड की होगी जरूरत?

अवधि जरूरी पीएफ फंड  कुल निकासी
20 साल 60.5 लाख रुपये  1.20 करोड़ रुपये 
25 साल 

65.5 लाख रुपये 

1.50 करोड़ रुपये 30 साल  69 लाख रुपये  1.80 करोड़ रुपये

 

Image Credit: magnific.com

कितनी बेसिक सैलरी होने पर तैयार होगा इतना फंड?

यहां सवाल उठता है कि नौकरी के दौरान आपकी बेसिक सैलरी कितनी होनी चाहिए? जिससे रिटायरमेंट तक इतना पैसा जमा हो सके। मान लीजिए आप 30 साल नौकरी करते हैं और पूरे समय पीएफ में नियमित योगदान होता है। अगर, बेसिक सैलरी करीब 25,600 रुपये है और हर महीने लगभग 4,070 रुपये आपके पीएफ अकाउंट में जमा होते हैं, तो 30 साल में करीब 60.5 लाख रुपये का फंड बन सकता है। (ध्‍यान दें कि यह केवल अनुमान है EPS की वेज सीमा और ब्याज दर बदलने पर आंकड़े बदल सकते हैं)। यह बेसिक सैलरी है, पूरी इन-हैंड सैलरी नहीं। कर्मचारी और कंपनी दोनों पीएफ में योगदान करते हैं। कंपनी के योगदान का एक हिस्सा पात्र कर्मचारियों की पेंशन में भी जाता है।

ईपीएफओ के बोर्ड ने SWP का प्रस्ताव मंजूर किया

जानकारी के अनुसार, ईपीएफओ के बोर्ड ने अभी केवल SWP का प्रस्ताव मंजूर किया है, लेकिन यह सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है। इसके लिए सरकार की मंजूरी और जरूरी नियम जारी होने बाकी हैं। एक बार एसडब्‍ल्‍यूपी शुरू होने पर कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने, 3 महीने या 6 महीने में पैसा निकालने का ऑप्‍शन चुन सकेंगे।

Image Credit: magnific.com

ईपीएफओ 2026 के नियमों के तहत आंशिक निकासी के प्रावधानों और बैलेंस नियमों में बदलाव किए गए हैं। बेरोजगारी की स्थिति में तय अवधि के बाद चरणबद्ध या पूरा बैलेंस निकालने की सुविधा है।अगर आप भी पीएफ में अंशदान करती हैं तो इन अपडेट के बारे में जरूर पता होनी चाहिए। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

डिस्‍क्‍लेमर - यह कैलकुलेशन इस मान्यता पर है कि पीएफ बेसिक सैलरी पर कटता है। EPF की वेज सीमा ₹25,000 हो चुकी है, इसलिए इससे ऊपर की सैलरी पर पीएफ अमाउंट कटना कंपनी और कर्मचारी की सहमति पर निर्भर है। यह कैलकुलेशन 8.25% सालाना ब्याज, 30 साल की निरंतर नौकरी और स्थिर बेसिक सैलरी मानकर किया गया है। असल आंकड़े ब्याज दर, सैलरी बढ़ोतरी और SWP के अंतिम नियमों पर निर्भर करेंगे।

 Image Credit: magnifc.com