Investment Tips: 40 की उम्र में कर रही हैं निवेश? इन 6 स्मार्ट तरीकों से होगी पैसों की सेविंग्स
-1793770521500.webp)
40 साल की उम्र में निवेश शुरू करना देर जरूर लग सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उस उम्र में पैसा जोड़कर अच्छा फंड तैयार नहीं किया जा सकता है। इस उम्र में आमतौर पर कमाई बढ़ने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर की ईएमआई, माता-पिता की जरूरतें और रिटायरमेंट की तैयारी जैसे कई खर्च एक साथ सामने होते हैं। ऐसे में निवेश की सही योजना बनाना जरूरी हो जाता है।
कैसे करें 40 की उम्र में निवेश?
अगर आपने 20 या 30 की उम्र में निवेश करना शुरू नहीं किया है, तो परेशान होने के बजाय सही कदम उठाने का समय है। 40 की उम्र के बाद भी आपके पास रिटायरमेंट के लिए पैसा जुटाने के कई साल होते हैं। बस इस दौरान बचत बढ़ाने, निवेश में अनुशासन रखने और बिना सोचे-समझे जोखिम लेने से बचने की जरूरत है। कुछ स्मार्ट तरीके अपनाकर आप अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं।
Photo Credit: Magnific
40 की उम्र में निवेश शुरू करना क्यों है जरूरी?
40 की उम्र में निवेश शुरू करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपके पास कमाई और बचत को बेहतर तरीके से संभालने का अनुभव होता है। इस उम्र में आपको अपनी आमदनी, खर्च और आर्थिक जिम्मेदारियों का अंदाजा भी होता है। इसलिए, सही प्लानिंग बनाकर आप आने वाले 15 से 20 सालों में रिटायरमेंट के लिए अच्छा फंड तैयार कर सकती हैं।
हालांकि, इस उम्र में निवेश करते समय जल्दबाजी करने के बजाय सोच-समझकर फैसले लेना जरूरी है। आइए ICICI गाजियाबाद ब्रांच की मैनेजर स्वाथी सिंह से जानते हैं, उन 6 तरीकों के बारे में जो 40 की उम्र के बाद निवेश की शुरुआत करने में मदद कर सकते हैं।
1. सबसे पहले अपना आर्थिक लक्ष्य तय करें
निवेश शुरू करने से पहले यह तय करें कि आप किस मकसद से पैसा जमा करना चाहती हैं। क्या आपका लक्ष्य रिटायरमेंट के लिए फंड तैयार करना है, बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे जोड़ने हैं या भविष्य में घर खरीदना है? हर लक्ष्य के लिए अलग समय और निवेश की जरूरत होती है।
उदाहरण के लिए, अगर आप अगले दो साल में घर खरीदना चाहती हैं, तो उस पैसे को ऐसे निवेश में लगाना ठीक नहीं होगा, जहां बाजार के उतार-चढ़ाव का ज्यादा असर पड़ता हो। वहीं, रिटायरमेंट जैसे लंबे समय के लक्ष्य के लिए अलग निवेश योजना बनाई जा सकती है।
2. अपनी बचत बढ़ाएं और गैर-जरूरी खर्च घटाएं
40 की उम्र में निवेश शुरू करने पर आपको बचत को लेकर थोड़ा ज्यादा देना होगा। इसके लिए हर महीने अपनी आमदनी और खर्चों का हिसाब रखें। ऑनलाइन शॉपिंग, बाहर खाने और दूसरी गैर-जरूरी चीजों पर होने वाले खर्च को कम करें। कोशिश करें कि सैलरी आते ही इन्वेस्ट के लिए एक तय रकम अलग कर दें। महीने के आखिर में जो पैसा बचेगा, उससे निवेश करने की आदत न बनाएं। इससे नियमित बचत करना आसान होगा।
Photo Credit: Magnific
3. इमरजेंसी फंड जरूर बनाएं
निवेश के साथ-साथ इमरजेंसी फंड तैयार करना भी जरूरी है। नौकरी छूटने, अचानक अस्पताल का खर्च आने या परिवार में किसी दूसरी जरूरत के समय यह पैसा काम आता है। कोशिश करें कि आपके पास कम से कम 6 महीने के जरूरी खर्च के बराबर रकम आसानी से उपलब्ध रहे।
इस रकम को ऐसे ऑप्शन में रखें, जहां जरूरत पड़ने पर आप बिना ज्यादा परेशानी के पैसा निकाल सकें। इमरजेंसी फंड होने से आपको मुश्किल समय में अपने लंबे समय के निवेश को बीच में निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
4. सारा पैसा एक ही जगह निवेश न करें
निवेश करते समय अपनी पूरी रकम किसी एक जगह लगाना सही नहीं है। आप अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से म्यूचुअल फंड, पीपीएफ, ईपीएफ, एनपीएस और फिक्स्ड डिपॉजिट जैसे ऑप्शन पर विचार कर सकती हैं। शेयर बाजार से जुड़े निवेश में लंबे समय में अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना होती है, लेकिन इसमें जोखिम भी रहता है। वहीं, पीपीएफ और एफडी जैसे विकल्पों में रिटर्न और जोखिम का तरीका अलग होता है। इसलिए, निवेश का चुनाव अपनी उम्र, लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता देखकर करें।
5. हर साल निवेश की रकम बढ़ाएं
अगर आपकी सैलरी हर साल बढ़ती है, तो उसके साथ निवेश की रकम भी बढ़ाने की कोशिश करें। इसे स्टेप-अप निवेश कहा जाता है। उदाहरण के लिए, अगर आप हर महीने 5,000 रुपये की एसआईपी कर रही हैं, तो आमदनी बढ़ने पर इसे धीरे-धीरे बढ़ा सकती हैं।
इसके अलावा बोनस, इंसेंटिव या अतिरिक्त कमाई का कुछ हिस्सा भी निवेश में लगा सकती हैं। इससे समय के साथ आपका निवेश बढ़ेगा और रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड तैयार करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Golden Wealth Creation Tips: गोल्ड में निवेश करना है तो सिर्फ ज्वेलरी न खरीदें, ये भी हैं बेस्ट ऑप्शन
Photo Credit: Magnific
6. ज्यादा रिटर्न के लालच में जोखिम न लें
40 की उम्र में निवेश शुरू करने वाले कई लोग कम समय में ज्यादा पैसा बनाने की कोशिश करते हैं। इसके लिए वे जोखिम भरे ऑप्शन में पैसा लगा देते हैं। ऐसा करना नुकसान पहुंचा सकता है। फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O), बिना जानकारी के शेयर खरीदना या जल्दी मुनाफे के लालच में बार-बार निवेश बदलना नुकसानदेह हो सकता है।
अपने निवेश को साल में कम से कम एक बार चेक जरूर करें। रिटायरमेंट करीब आने पर जरूरत के हिसाब से जोखिम कम करने पर भी विचार करें। अगर निवेश को लेकर समझ नहीं है, तो किसी सलाहकार की मदद लें।
यह भी पढ़ें- क्या होता है बही-खाता? बुरे वक्त में आएगा काम, आज ही संभालकर रखें ये जरूरी दस्तावेज
40 की उम्र में निवेश शुरू करना देर नहीं, बल्कि समझदारी की शुरुआत है। 20 की उम्र में आपके पास समय ज्यादा था, लेकिन 40 में आपके पास अनुभव, कमाई और सही फैसलों की समझ होती है। बस याद रखिए, अब आपको रिटर्न के पीछे भागना नहीं है, बल्कि बचत बढ़ानी है, रिस्क को बांटना है और हर साल SIP को स्टेप-अप करना है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- 40 की उम्र में रिटायरमेंट के लिए हर महीने कितना निवेश करना चाहिए?
- इसका कोई फिक्स फॉर्मूला नहीं है, ये आपकी सैलरी, खर्च और लक्ष्य पर निर्भर करता है। इस उम्र में कम से कम अपनी इनकम का 30-40% बचत और निवेश की तरफ जाना चाहिए। SIP को हर साल 10% बढ़ाने से बड़ा फंड बनने में मदद मिलती है।
- 40 की उम्र में निवेश के लिए SIP सही है या PPF?
- दोनों का अपना रोल है। लंबे समय के लिए और महंगाई को हराने के लिए Equity Mutual Fund SIP अच्छा ऑप्शन माना जाता है, जबकि सुरक्षित और टैक्स-सेविंग के लिए PPF, EPF और NPS बेहतर हैं। समझदारी इसी में है कि सारा पैसा एक जगह न लगाकर दोनों तरह के ऑप्शन में बांटें।
- क्या 40 के बाद रिटायरमेंट के लिए अच्छा फंड बन सकता है?
- हां, बिल्कुल बन सकता है। आपके पास अभी भी 18-20 साल का समय है। अगर आप अनुशासित तरीके से निवेश करें, इमरजेंसी फंड अलग रखें और F&O जैसे हाई-रिस्क ऑप्शन से दूर रहें, तो रिटायरमेंट तक एक मजबूत फंड तैयार हो सकता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।