फेस्टिव सीजन शुरू हो चुका है और करवा चौथ आने वाला है। इस साल करवा चौथ 2026 29 अक्टूबर, गुरुवार को मनाया जाएगा। अगर आपने अभी तक अपना आउटफिट डिसाइड नहीं किया है और हर बार की तरह अपनी शादी का लहंगा या फिर कोई भी साड़ी पहनने का सोच रही हैं, तो इनकी जगह इस बार ये ट्रेंडी ट्रेडिशनल आउटफिट्स देख सकती हैं।

करवा चौथ के लिए यहां देखें कुछ खूबसूरत ट्रेडिशनल आउटफिट्स

शरारा, अनारकली, फरसी सलवार सूट आदि आउटफिट्स को पहनना और मैनेज करना बहुत आसान है। साथ ही ये रेडी टू वियर होते हैं, इन्हें पहनने के लिए कोई भी ब्लाउज या पेटीकोट बनवाने या लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इन्हें त्योहार के एक दिन पहले लेकर अगले दिन आराम से पहन सकती हैं। वहीं Karwa Chauth के तुरंत बाद दिवाली और छठ पूजा सहित शादी सीजन भी आने वाला है, आप इन आउटफिट्स को किसी भी मौके पर स्टाइल कर सकती हैं।

1. मिरर और सीक्वन वर्क वाले अनारकली सूट

करवा चौथ के मौके पर लाल या गुलाबी रंग की अनरकाली बेहद आकर्षक लगेगी। लंबे और घेरेदार अनारकली, मिरर वर्क सहित धागे और सीक्वेंस की कढ़ाई वाले अनारकली सूट बेहद आकर्षक लगेंगे। अगर इनमें बाजू और फ्रॉक के अंत में मोटे लेस लगे हैं, तो ये और भी आकर्षक लग सकते हैं।
ऐसे करें स्टाइल:
डीप गोल गले की अनरकाली के साथ गले में पतली चेन या मोतियों वाला नेकलेस पहनें, कानों में झुमके साथ में पैरों में मोटी पायल पहनें। इसके साथ ही हाथों में कड़े या पानी की बूंदों वाली चूड़ियाँ पहनें।

2. ट्रेडिशनल शरारा सेट

शरारा सेट आजकल काफी ट्रेंड में है, खासकर फेस्टिव सीजन में यह आउटफिट सोशल मीडिया पर छाई रहती है। तो क्यों न इस करवा चौथ पर आप भी साड़ी और लहंगे से हटकर ट्रेंडिंग Sharara Set स्टाइल करें। टायर्ड शरारा, प्लीटेड शरारा, पाकिस्तानी स्टाइल शरारा, जैकेट स्टाइल शरारा, मिरर वर्क और ज़री बॉर्डर वाले विकल्प सबसे अच्छे रहेंगे। ये सभी शरारा डिजाइन फेस्टिव लुक के लिए बेहद आकर्षक रहेंगे। त्योहार के बाद इन्हें शादी सीजन में मेहंदी, संगीत और हल्दी जैसे फंक्शन पर आराम से स्टाइल कर सकती हैं।
ऐसे करें स्टाइल:
हेवी शरारा के साथ कानों में झुमका पहनें, कान चेन वाले झुमके भी आकर्षक लगेंगे। माथे पर टीका लगाएं और हाथों में चूड़ियाँ पहनें।

3. हैवी दुपट्टा वाले सिल्क या बनारसी सलवार सूट

इस बार करवा चौथ पर सामान्य ट्रेडिशनल लुक से हटकर क्लासिक रिच लुक चाहिए तो हेवी दुपट्टा वाले सिल्क या बनारसी सलवार सूट देख सकती हैं। बहुत सी महिलाओं को हेवी कढ़ाई वाले सूट पसंद नहीं आते हैं, इसलिए उनकी जगह सिल्क और बनारसी सूट एक अच्छा विकल्प साबित होगा। क्योंकि इस तरह के सूट के कपड़ों में एक अलग सी चमक होती है, जो आपको रॉयल लुक देती है। आप इनमें अपना पसंदीदा रंग चुन सकती हैं, ताकि त्योहार के बाद भी आप इन्हें अन्य ट्रेडिशनल इवेंट्स पर आराम से स्टाइल कर सकें।
ऐसे करें स्टाइल:
इनके साथ गोल्ड की ज्वेलरी अच्छी लगती है। आप गोल्ड की कान की बालियां, गले में पतली चेन सहित हाथों में गोल्ड के कंगन पहन सकती हैं। असली सोना न भी हो तो इनके साथ ट्रेंडिंग टेम्पल ज्वेलरी भी आकर्षक लगेगी।

4. फैंसी फारसी सलवार सूट

आजकल फारसी सलवार सूट काफी ट्रेंड में हैं, जिन्हें महिलाएं बेहद पसंद कर रही हैं। इसमें नीचे की मोहरी सामान्य सलवार की तुलना में काफी चौड़ी और खुली होती है, जिससे इसमें नीचे की तरफ एक बेहतरीन फ्लेयर और शाही फॉल मिल जाता है। फारसी सलवार के साथ शॉर्ट कुर्ती, स्ट्रेट कुर्ती या लॉन्ग ट्यूनिक आकर्षक लगती हैं। करवा चौथ जैसे मौकों पर सिंपल ट्रेडिशनल लुक के लिए स्वारोवस्की वर्क, जरी, गोटा-पट्टी, थ्रेड एम्ब्रॉयडरी और प्रिंटेड डिजाइन वाले Farsi Salwar Suit पहन सकती हैं।
ऐसे करें स्टाइल:
इनके साथ चोकर सेट, चांदबाली नेकलेस पहन सकती हैं। अगर आपका सूट भारी एम्ब्रॉयडरी या मिरर वर्क वाला है, तो सिर्फ कानों में झुमके या बालियां पहनें। साथ ही हाथों में मैचिंग कांच की चूड़ियाँ या मोतियों वाले कंगन और चूड़ा भी पहन सकती हैं।

5. पंजाबी स्टाइल पटियाला सूट

पंजाब में करवा चौथ का त्योहार बेहद धूम-धाम से मनाया जाता है। इस दिन ज्यादातर महिलाएं पंजाबी स्टाइल पटियाला सूट पहनती हैं। अगर आप भी इस बार साड़ी से हटकर कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो Punjabi Patiala Suit एक खूबसूरत और पारंपरिक विकल्प साबित हो सकता है। करवा चौथ पर जरी, गोटा-पट्टी, रेशम की कढ़ाई या मिरर वर्क वाले सूट का चुनाव कर सकते हैं, यह रात की पूजा में आपके लुक में चार चांद लगा देंगे। इस मौके पर लाल और मैरून रंग को शुभ माना जाता है। मगर इनके अलावा भी आप अपने पसंदीदा रंगों का चुनाव कर सकती हैं।
ऐसे करें स्टाइल:
पंजाबी स्टाइल पटियाला सूट के साथ बालों में चोटी बनाकर उसके साथ परांदा लगाएं। साथ में ट्रेडिशनल चूड़ियां या कंगन पहनें। साथ में मैचिंग के हेवी झुमके भी पहनें।

आप भी करवा चौथ के मौके पर साड़ी की जगह अपनी पसंद के ट्रेडिशनल आउटफिट्स ट्राई कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।