गणपति उत्सव के दौरान कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां ट्रेडिशनल साड़ियों को नए स्टाइल में पहनी नजर आईं। करीना कपूर खान ने हल्के रंग की शिफॉन की साड़ी पहनीं तो जाह्नवी कपूर ने पटोला साड़ी को सीधे पल्लू के साथ पहना। वहीं कृति सेनन बैंगनी रंग की रेशम की साड़ी में नजर आईं, लेकिन आलिया भट्ट अपने लुक में अलग लग रही थीं। बात केवल साड़ियों के डिजाइन या प्रिंट की नहीं है बल्कि साड़ियों का फैब्रिक और पहनने का स्टाइल भी इस बार काफी अलग नजर आ रहा था। दरअसल, महिलाएं आजकल लुक में हर चीज को हाइलाइट नहीं करती हैं, केवल उस हिस्से को करती हैं जिन्हें वे दिखाना चाहती हैं।

फेस्टिवल में नए अंदाज में दिखेंगी ट्रेडिशनल साड़ियां

इन दिनों पारंपरिक साड़ियों को नए अंदाज में पहनने का चलन है। किसी में ब्लाउज के स्टाइल को मॉडर्न रख सकते हैं, तो किसी में गले को हल्का रख सकते हैं। किसी साड़ी को सीधे पल्लू के साथ पहनें या फिर जाह्नवी की तरह लहंगा स्टाइल में। आजकल कोटा डोरी, रेशम का बॉर्डर, अजरख प्रिंट में कांच लगे हुए हैं, ऐसी डिजाइनर साड़ियां खूब पसंद की जा रही हैं।

ऐसा नहीं है कि इस तरह की साड़ियों का क्रेज पहले कभी नहीं था, लेकिन अभिनेत्रियों के पहनने के बाद इनकी लोकप्रियता में बढ़ोतरी हुई है। डिजाइनर के मुताबिक इस बार नवरात्र पर भी ऐसी साड़ियों का फैशन दिख सकता है। साड़ियों के फैब्रिक की बात करें तो शिफॉन, जॉर्जट, ऑर्गेंजा, क्रेप, रेशम सिल्क और कॉटन के फैब्रिक लोकप्रिय हो रहे हैं। इस बार फेस्टिवल सीजन में मैरुन, पीला, नारंगी, लाल, हरा, गुलाबी आदि जैसे गाढ़े रंग पसंद किए जा सकते हैं।

साड़ियों के साथ ब्लाउज का लुक

अगर आप चाहती हैं कि साड़ी हैवी न लगे तो ब्लाउज मॉडर्न स्टाइल का पहनें और ड्रेपिंग हल्की रखें। आजकल स्लीव्सलेस, हॉल्टर, ऑफ शोल्डर और वीनेक चल रहे हैं। ऐसे ब्लाउज पारंपरिक साड़ियों को आधुनिक टच देते हैं।

सेलिब्रिटीज फैशन डिजाइनर अमिता गुप्ता कहती हैं कि आजकल महिलाओं को ट्रेडिशनल साड़ियां, जिनमें हाथों का काम, जैसे एंब्रॉयडरी, कांच, धागे या फिर रेशम का बार्डर बना हुआ है, ये काफी पसंद आ रही हैं। राजस्थान, गुजरात, बंगाल ऐसे राज्यों की कला और संस्कृति से जुड़ी साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बन रही हैं। हां, आजकल पारंपरिक साड़ियों को पहनने के तरीके में आधुनिकता जरूर आई है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल