शादियों का सीजन शुरू हो चुका है और जिनकी शादी गर्मी-उमस के मौसम में हो रही है, उन्हें स्टाइल के साथ-साथ आराम का भी ध्यान रखना होगा। लहंगा हो या साड़ी, उसके साथ पहने जाने वाला ब्लाउज ऐसा होना चाहिए जो स्टाइलिश होने के साथ आरामदायक भी हो। बाजार पर नजर डालें तो इन दिनों हॉल्टर नेक, कार्सेट और ऑफ शोल्डर जैसे डिजाइनर ब्लाउज ट्रेंड में हैं। आइए, फैशन डिजाइनर निकिता-जिगर से जानते हैं कि इस समय किस तरह के ब्लाउज डिजाइन सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं...
अगर आपकी शादी भी आने वाले दिनों में होने वाली है, तो ये ब्लाउज आइडियाज आपके काफी काम आ सकते हैं। इन ब्लाउज के फ्रंट और बैक दोनों जगह आकर्षक डिजाइन होते हैं। इन दिनों बाजार में स्कल्प्टेड कोर्सेट, इल्यूजन डिटेलिंग, स्वीटहार्ट नेकलाइन, हॉल्टर नेक और ऑफ शोल्डर जैसे डिजाइन काफी पसंद किए जा रहे हैं। ब्लाउज के फ्रंट और बैक नेक डिजाइन अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार तैयार करवाए जा सकते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक आज युवतियों को पारंपरिक कारीगरी के साथ माडर्न टच पसंद आता है। इसी को ध्यान में रखकर नए ब्लाउज डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं।
हॉल्टर नेक ब्लाउज
हॉल्टर नेक ब्लाउज गर्मियों के लिए बेहतरीन विकल्प माना जाता है। यह डिजाइन नेकलाइन को उभारता है और पहनने वाले को मॉडर्न लुक देता है। ऐसे ब्लाउज सिल्क और जॉर्जेट साड़ियों के साथ बेहद आकर्षक लगते हैं। साथ ही ये स्टाइल और आराम का अच्छा संतुलन भी प्रदान करते हैं।
स्कल्प्टेड कोर्सेट ब्लाउज
स्कल्प्टेड कोर्सेट ब्लाउज भारतीय एथनिक और फ्यूजन फैशन का बेहद ट्रेंडी और मॉडर्न विकल्प है। यह ब्लाउज पारंपरिक साड़ी या लहंगे के साथ वेस्टर्न ग्लैमर का टच जोड़ता है। हाल ही में एक्ट्रेस डायना पेंटी ने भी एक रैंप वॉक के दौरान लहंगे के साथ ऐसा ही डिजाइनर ब्लाउज पहना था। इस ब्लाउज पर मोतियों की कारीगरी की गई थी। साथ ही टैसल और एसिमेट्रिकल ड्रेप जैसी चीजें भी शामिल थीं, जो मॉडर्न और काउचर स्टाइल ब्लाउज की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती हैं।
ऑफ शोल्डर ब्लाउज
ऑफ शोल्डर ब्लाउज लंबे समय से युवतियों की पसंद बने हुए हैं। गर्मियों में इनकी लोकप्रियता और बढ़ जाती है। इनमें कंधों के ऊपर की नेकलाइन पर कटवर्क डिजाइन किया जाता है। स्लीव्स पर भी कटवर्क या अन्य सजावटी डिजाइन बनवाए जा सकते हैं। ऐसे ब्लाउज शादी और पार्टी जैसे अवसरों पर बेहद आकर्षक लगते हैं।
यह भी पढ़ें- सिम्पल साड़ी को भी ट्रेंडी लुक देंगे ये कॉटन रेडीमेड ब्लाउज, देखें 5 सदाबहार डिजाइंस
ऑल टाइम हिट स्लीवलेस डिजाइन
दुल्हन की मां, बहनें और सहेलियां साड़ी के साथ स्लीवलेस ब्लाउज बनवा सकती हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए यह सबसे बेहतर विकल्पों में से एक है। आजकल स्लीवलेस ब्लाउज में भी कई तरह के डिजाइन उपलब्ध हैं। बैकलेस, डीप नेक और लूज फिट डिजाइन न केवल ट्रेंड में हैं, बल्कि पहनने में भी काफी आरामदायक होते हैं। इन्हें कॉटन, जॉर्जेट या अन्य हल्के फैब्रिक की साड़ियों के साथ पहना जा सकता है।
यह भी पढ़ें- मैचिंग ब्लाउज हो गया है बोरिंग? साड़ी को स्टाइलिश बनाने के लिए अपनाएं ये 3 नए तरीके
आप भी इन ब्लाउज को गर्मी या उमस में होने वाली शादी में पहनकर स्टाइलिश दिख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
Image Credit: Mytra
