शादी सीजन शुरू हो चुका है और आप सभी को भाई-बहनों, दोस्तों या रिश्तेदारों की शादियों में जाना होगा। मगर इस साल हर शादी के लिए आपको एक नया आउटफिट लेने की जरूरत नहीं है। नए कपड़े की जगह आप एक ही साड़ी को अलग-अलग तरीके से स्टाइल कर सकती हैं। सोच रही हैं कैसे? तो साड़ी का पल्ला लेने के ये 5 ट्रेंडिंग तरीके देख सकती हैं, जिनकी मदद से एक ही साड़ी को अलग-अलग तरीके से पहना जा सकता है।
यहां देखें साड़ी का पल्ला बांधने के 5 आकर्षक तरीके
इन Saree Palla Draping Ideas के साथ आप ट्रेडिशनल साड़ी से भी मॉडर्न और आकर्षक लुक क्रिएट कर सकती हैं।
1. लहंगा स्टाइल में बांधे साड़ी का पल्लू
एक ही स्टाइल में साड़ी बांधकर थक चुकी हैं, तो इस शादी सीजन में नए स्टाइल में साड़ी बांधने पर विचार करें। खासकर पल्लू का स्टाइल बदलने से ही सामान्य साड़ी लुक में भी चार चांद लग जाते हैं। लहंगा स्टाइल पल्लू डिजाइन आजकल काफी ट्रेंड में है और महिलाएं इसे काफी पसंद कर रही हैं। इसे स्टाइल करना बहुत आसान है, अपनी साड़ी को से कमर के चारों ओर चौड़ी प्लेटस बनाएं, जिससे स्कर्ट को एक भरा-भरा और घेरेदार लुक मिल सके। इसके बाद बचे हुए पल्लू को सामने या कमर की तरफ लाएं, उसे अच्छे से पिन कर लें। आप चाहें तो कमरबंद भी पहन सकती हैं। साड़ी बांधने के इस तरीके से शादी के सभी फंक्शन को आराम से एंजॉय कर सकती हैं।
2. गुजराती फ्रंट पल्ला स्टाइल
हैवी बनारसी साड़ी के साथ गुजराती फ्रंट पल्ला स्टाइल बेहद आकर्षक लगता है। यह ट्रेडिशनल लुक पाने का सबसे अच्छा और आसान तरीका है। सीधा पल्ला लेना आसान है और इसे बनाने में बहुत कम समय लगता है। इतना ही नहीं, इस तरह साड़ी को मैनेज करने में भी आसानी होती है। इसे स्टाइल करने के लिए पल्लू को अपनी पीठ की तरफ से दाईं कंधे के ऊपर से सामने की ओर लाएं। पल्लू को आगे की ओर अच्छी तरह फैलाएं, ताकि साड़ी का बॉर्डर और डिज़ाइन खुलकर दिखाई दे सके। साड़ी बांधने का यह ट्रेडिशनल तरीका सुंदर और आरामदायक लुक पाने में आपकी मदद कर सकता है।
3. L-शेप बॉर्डर ड्रेप
अगर आपको भी साड़ी में चलने-फिरने या डांस करने में परेशानी होती है, तो पल्लू को इस तरह से बांध सकती हैं। इस प्रकार आपको कम मेहनत में खूबसूरत लुक मिल जाता है। साथ ही साथ इन्हें मैनेज करना भी बहुत आसान है। महिलाएं इस डिजाइन से साड़ी बांधने पर पूरे दिन आरामदायक रह सकती हैं। इसके लिए पल्लू को बाएं कंधे पर इस तरह डालें कि भारी बॉर्डर सामने की तरफ सीधा नीचे की ओर जाए। साथ ही ध्यान रखें कि पल्लू कंधे के पीछे साफ-सुथरे ढंग से लटक रहा हो। यह सिंपल स्टाइल आपको बेहद आकर्षक लुक दे सकती है।
4. नेक रैप या स्कार्फ स्टाइल
साड़ी में मॉडर्न लुक चाहिए तो उसके लिए पल्लू बांधने का यह स्टाइल सबसे अच्छा रहेगा। यह लड़कियों को अधिक पसंद आ सकता है। इसे स्टाइल करना आसान है और इसमें साड़ी को मैनेज करने में भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। खासकर यह हल्की, संगीत और कॉकटेल लुक के लिए अच्छा रहेगा। इस लुक के लिए, साड़ी को सामान्य रूप से बांध लें, फिर पल्लू को स्कार्फ की तरह अपने गले या कंधे के चारों ओर हल्के से लपेट लें। इसे ढीला रखें, ताकि आप आसानी से हिल-डुल सकें।
5. ओपन पल्लू स्टाइल
पल्लू बांधने का यह तरीका सबसे आसान और स्टाइलिश विकल्प हो सकता है। मॉडर्न लुक के लिए महिलाएं इस डिजाइन को काफी पसंद करती हैं। भारी से लेकर हल्की साड़ियों के साथ यह पल्लू स्टाइल सबसे अलग और आकर्षक लगता है। इसे स्टाइल करने के लिए पल्लू के ऊपरी किनारे को अपने बाएं कंधे पर पिन कर लें और कपड़े को बिना किसी छोटी प्लेट्स के खुला छोड़ दें। पल्लू बांधने के इस स्टाइल से साड़ी के बॉर्डर, प्रिंट और कढ़ाई की खूबसूरती उभर कर दिखाई देती है। इसे कम समय में आसानी से बांधा जा सकता है, साथ ही इसे स्टाइल करना भी बहुत आसान है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
