कई बार हम जल्दबाजी या भूलवश वॉशिंग मशीन में गीले कपड़े धोकर लंबे समय तक छोड़ देते हैं। जब बाद में मशीन खोलते हैं, तो कपड़ों से एक अजीब-सी सीलन और तेज गंदी बदबू आने लगती है। क्या आपके साथ भी ऐसा अक्सर होता है? दरअसल, बंद और नम जगह पर कपड़े ज्यादा देर पड़े रहने से उनमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं, जो बदबू का कारण बनता है। इसकी वजह न सिर्फ कपड़े देर तक छोड़ना है, बल्कि कई बार मशीन की सफाई न होना होता है।
अगर आप भी इस परेशानी से तंग आ चुकी हैं, तो यह लेख आपकी मदद कर सकता है। यहां हम आपको कुछ ऐसे टिप्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो इस परेशानी से छुटकारा दिला सकता है। साथ ही जानें कारण-
वॉशिंग मशीन में कपड़े छोड़ने से क्यों आती है बदबू?
आसान भाषा में कहें तो जब धुले हुए गीले कपड़े बंद ड्रम में पड़े रहते हैं, तो वह पूरी तरह से नम और गर्म रहते हैं। हवा न मिलने के कारण यहां बैक्टीरिया, फंगस और फफूंद के पनपने लगते हैं। नीचे जानें ऐसे 5 कारण और समाधान जानें-
इसे भी पढ़ें- रात को करें ये काम, सुबह पूरा घर मिलेगा चकाचक; आजमाएं ये 4 ट्रिक्स
1. कपड़ों को देर तक मशीन में छोड़ना
धुले हुए गीले कपड़ों को घंटों तक बंद मशीन में रखने से नमी बाहर नहीं निकल पाती, जिससे बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। यही कपड़ों से बदबू आने का कारण बनता है। जानें इसका समाधान।
समाधान- कपड़े धुलते ही तुरंत धूप या हवादार जगह पर सूखने के लिए डालें। अगर किसी वजह से कपड़े देर तक छूट जाएं, तो उन्हें बिना डिटर्जेंट के आधा चम्मच सिरका डालकर फिर मशीन चलाएं।
2. मशीन का दरवाजा तुरंत बंद कर देना
आमतौर पर हम सभी कपड़ों को निकालने के तुरंत बाद ही मशीन का दरवाजा बंद कर देते हैं। अगर आप भी ऐसा करती हैं, तो यह बदबू आने का कारण बनता है।
राहत पाने का तरीका- कपड़े निकालने के बाद मशीन का दरवाजा कम से कम 15-20 मिनट के लिए खुला छोड़ दें। ऐसा करने से इसमें मौजूद नमी, हवा और डिटर्जेंट की महक बाहर निकल जाएगी।
3.रबर सील में गंदगी जमा होना
फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन की रबर सील में पानी, साबुन और गंदगी जम होती रहती है। हवा न मिलने से यहां काली फफूंद और बैक्टीरिया पनप जाते हैं। कपड़े धोते समय यह जमी गंदगी और नमी कपड़ों के संपर्क में आती है, जिससे उनमें से तेज गंदी बदबू आने लगती है। जानें राहत पाने का तरीका-
समाधान- हर हफ्ते एक सूखे या सिरके में डूबे कपड़े से रबर सील के अंदरूनी हिस्से को अच्छी तरह साफ करें। ऐसा करने से आपको इस समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
4. जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट का इस्तेमाल
कई बार हम कपड़े धोने के लिए मशीन में एक साथ ही ढेर सारा डिटर्जेंट डाल देते हैं। हमें यह आदत सामान्य लगती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी सही नहीं है। ज्यादा सर्फ या डिटर्जेंट इस्तेमाल करने से कपड़ों और ड्रम में साबुन का अवशेष रह जाता है, जो सड़कर बदबू पैदा करता है। इससे छुटकारा पाने के लिए क्या करें? जानें नीचे-
समाधान- वॉशिंग मशीन में हमेशा कपड़ों की मात्रा के हिसाब से ही डिटर्जेंट डालें। कोशिश करें कि लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। ऐसा इसलिए क्योंकि यह पाउडर से बेहतर होता है।
5. वॉशिंग मशीन ड्रम की नियमित सफाई न होना
जिस प्रकार से घर में मौजूद अन्य गैजेट्स की सफाई जरूरी होती है। उसी प्रकार वॉशिंग मशीन की क्लीनिंग अहम होती है। लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद मशीन के ड्रम और पाइपों में स्केल और गंदगी जम जाती है, जिससे कपड़े धोने के बावजूद बदबू आती है।
समाधान- महीने में एक बार मशीन को खाली चलाएं। इसके लिए ड्रम में गरम पानी के साथ 2 कप सफेद सिरका या बेकिंग सोडा डालकर एक पूरा साइकिल चलाएं। ऐसा करने से न केवल आपकी मशीन साफ होगी बल्कि कपड़ों से बदबू भी नहीं आएगी।
इसे भी पढ़ें- सिर्फ सफेद सिरका और तेज पत्ता, घर की 1 नहीं 5 बड़ी परेशानियों का होगा समाधान
कपड़ों की बदबू तुरंत हटाने के लिए डिटर्जेंट के साथ थोड़ा-सा बेकिंग सोडा मिला दें, यह बदबू को बेअसर करने में बहुत असरदार होता है। साथ ही ऊपर लेख में बताए गए बातों का ध्यान रखने से इस परेशानी से बच सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit- Magnific, Herzindagi
