Plastic Bottle Reuse Ideas: किचन में खाना बनाने से लेकर बर्तन धोने तक कई छोटे-छोटे काम होते हैं, जिनमें इस्तेमाल होने वाली चीजों को सही जगह पर रखना भी जरूरी है। अक्सर सिंक के पास रखा बर्तन धोने वाला स्पंज गीला पड़ा रहता है और डिशवॉश लिक्विड की बोतल रखने के लिए भी सही जगह नहीं मिलती। इससे किचन का कोना बिखरा हुआ दिखता है। ऐसे में लोग बाजार से होल्डर खरीदकर लाते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि आप खाली प्लास्टिक की बोतल की मदद से स्पंज और डिशवॉश लिक्विड बोतल रखने का होल्डर बना सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें इसे बनाने का आसान प्रोसेस।
प्लास्टिक बोतल को फेंकने के बजाय करें ऐसे इस्तेमाल
घर में पानी, जूस या किसी दूसरे ड्रिंक की प्लास्टिक बोतल अक्सर खाली होने के बाद कूड़े में फेंक दी जाती है। मगर आपको बता दें कि थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से इसे किचन के काम आने वाली उपयोगी चीजें बना सकती हैं। इसके लिए आपको किसी महंगे ऑर्गेनाइजर या बाजार से नया होल्डर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बोतल से स्पंज और डिशवॉशर होल्डर बनाने के लिए जरूरी सामान
बोतल से स्पंज और डिशवॉश होल्डर बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों से ही यह काम आसानी से किया जा सकता है। नीचे जानें जरूरी सामान-
- खाली प्लास्टिक बोतल
- मार्कर
- कैंची या कटर
- स्केल
- होल करने के लिए कोई सुरक्षित उपकरण
- रंगीन टेप या वाटरप्रूफ स्टिकर
प्लास्टिक बोतल से स्पंज होल्डर बनाने का तरीका
बर्तन धोने वाले स्पंज को सिंक के किनारे रखने पर उसमें पानी जमा हो सकता है। इससे स्पंज लंबे समय तक गीला रहता है और उसमें बदबू आने की आशंका बढ़ जाती है। इस परेशानी को कम करने के लिए प्लास्टिक की बोतल से एक छोटा होल्डर बनाया जा सकता है।
- सबसे पहले बोतल को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। अब मार्कर की मदद से उसके एक हिस्से पर ऐसा आकार बनाएं, जिसमें स्पंज आसानी से रखा जा सके।
- बोतल के निचले हिस्से को बेस की तरह रखते हुए ऊपर की तरफ एक खुला भाग काटें।
- इसके बाद नीचे की तरफ कुछ छोटे ड्रेनेज होल बनाएं, ताकि स्पंज से निकलने वाला पानी जमा न हो।
- अब तैयार होल्डर को सिंक के पास किसी ऐसी जगह रखें, जहां वह आसानी से इस्तेमाल हो सके और पानी भी निकलता रहे। ध्यान रखें कि होल्डर स्थिर हो और बर्तन धोते समय गिरने का खतरा न हो।
डिशवॉश लिक्विड की बोतल रखने के लिए बनाएं अलग होल्डर
कई बार बर्तन धोने वाला लिक्विड सिंक के किनारे रखने पर बार-बार गिर जाता है। वहीं, अगर उसके नीचे पानी जमा होता रहे, तो सतह चिपचिपी होने लगती है। ऐसे में पुरानी प्लास्टिक बोतल से एक अलग होल्डर बनाना उपयोगी हो सकता है।
- इसके लिए बोतल का ऐसा हिस्सा चुनें, जिसमें डिशवॉश लिक्विड की बोतल या उसका छोटा कंटेनर आराम से टिक सके।
- मार्कर से जरूरत के अनुसार आकार बनाएं और सावधानी से काट लें।
- अगर आप इसे सिंक के पास लटकाना चाहती हैं, तो ऊपर की तरफ एक हुक लगाएं और अउस पर टांगे।
- अगर आप इसे लटकाना नहीं चाहतीं, तो बोतल के निचले हिस्से से छोटा स्टैंड बनाकर भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
होल्डर बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
प्लास्टिक बोतल से होल्डर बनाना आसान है, लेकिन इसे लंबे समय तक उपयोगी बनाए रखने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
- स्पंज होल्डर में छेद जरूर बनाएं, ताकि पानी जमा न हो।
- साबुन, चिकनाई और गंदगी जमा होने पर होल्डर को धोकर अच्छी तरह सुखाएं।
- बोतल काटने के बाद किनारों को चिकना करें, ताकि हाथ न कटें।
- डिशवॉश लिक्विड का वजन सहने वाला मजबूत आधार चुनें।
- अगर प्लास्टिक टूटने लगे, उसमें दरार आ जाए या वह चिपचिपी हो जाए, तो नया होल्डर बनाएं।
इसे भी पढ़ें- प्लास्टिक के गंदे पीले मग को मिनटों में ऐसे करें बिल्कुल नया, आजमाएं यह आसान घरेलू नुस्खा
इस प्रकार से आप बेकार पड़ी प्लास्टिक बोतल का दोबारा से इस्तेमाल करके न केवल होल्डर बना सकती हैं बल्कि किचन को भी व्यवस्थित रख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image credit-ai (all images)
