Curtain Cleaning Tips: घर के पर्दे कमरे की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ बाहर से आने वाली धूल को भी अपने ऊपर जमा करते रहते हैं। कई बार पर्दे देखने में साफ लगते हैं, लेकिन उन्हें छूने पर धूल उड़ने लगती है। ऐसे में हर बार पर्दे उतारना, उनकी रॉड खोलना और वॉशिंग मशीन में धोना जरूरी नहीं है। खासकर तब, जब पर्दे भारी हों, उन पर कढ़ाई हो या उन्हें धोने के बाद दोबारा टांगना मुश्किल लगता हो। आज के इस लेख में हम आपको 5 ऐसे तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से पर्दों पर जमी धूल हटाई जा सकती है। इसके लिए आपको महंगे क्लीनर या वॉशिंग मशीन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
पर् को बिना उतारे कैसे साफ करें?
अगर आपके समय कम है या फिर बिजी शेड्यूल है, तो आप थोड़ा सा वक्त निकालकर परदो को बिना उतारे साफ कर सकती हैं। इसके लिए नीचे बताए गए तरीके आजमा सकती हैं।
1. तकिए के कवर से बनाएं धूल पकड़ने वाला टूल
तकिया के कवर वाला तरीका उन पर्दों के लिए कारगर है जिन पर हल्की धूल जमा होती है। इसके लिए घर में रखे किसी साफ, सूती तकिए के कवर को दोनों हाथों में पकड़कर पर्दे के ऊपरी हिस्से से नीचे की तरफ धीरे-धीरे फेरें। कपड़े की सतह धूल को पकड़ने में मदद करेगी और धूल कमरे में कम फैलेगी। कवर को बीच-बीच में बाहर ले जाकर झाड़ लें। ध्यान रखें कि कवर साफ और सूखा हो। इस तरीके से पर्दे की नियमित सफाई करना आसान हो सकता है, खासकर उन दिनों में जब पर्दे उतारने का समय न हो।
2. पुराने मोजे से साफ करें पर्दों की सिलवटें
पर्दों की सिलवटों में धूल ज्यादा छिपती है, क्योंकि सामान्य सफाई करते समय इन जगहों तक हाथ आसानी से नहीं पहुंचता। इसके लिए एक साफ, मुलायम और सूखा सूती मोजा हाथ में पहन लें। अब उंगलियों की मदद से पर्दे की हर सिलवट को हल्के से दबाते हुए ऊपर से नीचे की तरफ साफ करें। मोजे का इस्तेमाल खासतौर पर मोटे कपड़े और किनारों की धूल हटाने में किया जा सकता है। एक ही मोजे से पूरा पर्दा साफ करने के बजाय धूल से भरने पर उसे बदल लें, ताकि गंदगी दूसरी जगह न फैले।
Image Credit-Magnific
3. पेंट ब्रश से करें पर्दों के कोनों की सफाई
खिड़की के पास लगे पर्दों के ऊपरी कोने, रॉड के आसपास का हिस्सा और नीचे की सिलाई अक्सर सफाई से छूट जाती है। इन जगहों की धूल हटाने के लिए एक नया, साफ और मुलायम पेंट ब्रश इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्रश को हल्के हाथ से चलाते हुए धूल को एक दिशा में निकालें। छोटे ब्रश से सिलाई के किनारों और सजावटी डिजाइन के आसपास सफाई करना भी आसान होता है। ध्यान रखें कि ब्रश पर पेंट या केमिकल के अवशेष नहीं होने चाहिए। यह तरीका नाजुक डिजाइन वाले पर्दों के लिए उपयोगी हो सकता है।
4. हेयर ड्रायर से हटाएं हल्की धूल
अगर पर्दे बहुत हल्के कपड़े के हैं और उन पर केवल ढीली धूल जमी है, तो हेयर ड्रायर की ठंडी हवा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए ड्रायर को कूल मोड पर रखें और पर्दे से कुछ दूरी बनाकर हवा चलाएं। नीचे की तरफ एक साफ कपड़ा बिछा दें, ताकि गिरने वाली धूल फर्श पर न फैले। हवा को सीधे तेज स्पीड से चलाने के बजाय पहले कम सेटिंग पर करें।
5. रबर के दस्ताने से हटाएं चिपके बाल और रेशे
घर में पालतू जानवर हों या पर्दों पर बाल और छोटे रेशे चिपक जाते हों, तो साफ रबर के दस्ताने मदद कर सकते हैं। दस्ताने पहनकर पर्दे पर एक ही दिशा में हल्के हाथ से फेरें। इससे बाल और रेशे एक जगह इकट्ठा हो सकते हैं, जिन्हें बाद में हाथ से हटा सकते हैं। पहले पर्दे के किसी छिपे हुए हिस्से पर इसे आजमाएं। बहुत नाजुक, जालीदार या आसानी से खिंचने वाले कपड़े पर इसका इस्तेमाल सावधानी से करें।
image credit-ai
पर्दों की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
धूल हटाने के लिए पर्दों पर सीधे पानी, परफ्यूम या कोई भी घरेलू क्लीनिंग लिक्विड छिड़कने से बचें। इससे कपड़े पर निशान पड़ सकते हैं। हमेशा पहले पर्दे के देखभाल संबंधी निर्देश पढ़ें और किसी भी नए तरीके को छिपे हुए छोटे हिस्से पर आजमाएं। यदि पर्दों पर चिकनाई, फफूंदी, बदबू या गहरी गंदगी जमा है, तो केवल धूल हटाना पर्याप्त नहीं होगा। ऐसे में कपड़े के प्रकार के अनुसार धुलाई की जरूरत पड़ सकती है।
सप्ताह में एक बार पर्दों की सिलवटों, किनारों और रॉड के आसपास की धूल साफ कर दें। इससे गंदगी ज्यादा जमा होने से पहले ही हट जाएगी और हर बार पर्दे उतारकर धोने की जरूरत भी कम पड़ सकती है।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
Image Credit-Main Image (AI)
