भारतीय घरों की सुबह अक्सर रसोई से आने वाली उस सोंधी खुशबू और दादी-नानी के घरेलू नुस्खों के साथ होती है, जो पीढ़ियों से हमारी सेहत का ख्याल रखते आ रहे हैं। आजकल सोशल मीडिया के दौर में जीरा, अजवाइन और मेथी का पानी पीने का ट्रेंड फिर से सिर चढ़कर बोल रहा है। जहां इन्हें वजन घटाने से लेकर पेट साफ करने वाला जादुई नुस्खा बताया गया है, लेकिन क्या बिना सोचे-समझे इनमें से किसी भी ड्रिंक को रोजाना अपनी सुबह की आदत बना लेना सही है? कईं हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि रसोई के हर मसाले का असर शरीर पर अलग तरीके से पड़ता है। आइए दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट की जानी मानी चीफ डाइटिशियन प्रिया पालीवाल की सलाह लेते हैं कि आपकी सेहत और पेट के लिए इनमें से कौन सी ड्रिंक सबसे ज्यादा फायदेमंद रहेगी?

जीरा, अजवाइन या मेथी का पानी; क्या है आपके लिए बेस्ट?

अक्सर हम सुनते हैं कि सुबह उठकर जीरा, अजवाइन या मेथी का पानी पीने से वजन कम होता है और पेट एकदम साफ होता है। क्या आप जानती हैं कि इन सभी ड्रिंक्स का असर हर किसी का शरीर पर अलग तरीके से पड़ता है?

जीरा, अजवाइन या मेथी... किसे उबालकर पीना सही रहेगा?

डाइटिशियन प्रिया के अनुसार, 'जीरा अजवाइन और मेथी का पानी घरेलू नुस्खों के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इन तीनों को तैयार करने का तरीका एकदम अलग होता है। जीरे को पानी में उबालकर पीने से इसका स्वाद और इसमें मौजूद तत्व पानी में आ जाते हैं। वहीं, जीरे को रातभर भिगोकर सुबह इसका पानी पीना भी एक सामान्य नुस्खा है।

वहीं, अजवाइन का पानी हल्का गर्म करके पीना ज्यादा फायदेमंद होता है, लेकिन इसे उबालकर पीने से गैस या अपच ठीक होती है या नहीं, इसका कोई पक्का प्रमाण नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका असर सभी के शरीर पर अलग तरीके से पड़ता है।

साथ ही अगर मेथी के दानों की बात करें, तो रातभर पानी में भिगोकर सुबह पानी पीने के साथ कुछ भीगे हुए दाने भी खाए जाते हैं। मेथी में फाइबर होता है, जो पाचन और ब्लड शुगर पर असर डाल सकता है, लेकिन इसका पानी पीने से समान लाभ मिलने की गारंटी नहीं है। यह समझना जरूरी है कि उबालने या भिगोने में से कोई एक तरीका सभी के लिए ज्यादा असरदार नहीं है। इनका इस्तेमाल कम मात्रा में करें और किसी बीमारी के इलाज के रूप में न करें।

Photo Credit: Magnific

क्या जीरा, अजवाइन और मेथी का पानी एकसाथ पीना चाहिए?

डाइटिशियन के मुताबिक, जीरा अजवाइन और मेथी तीनों का इस्तेमाल पेट से जुड़ी समस्याओं में किया जाता है, लेकिन इन्हें एक साथ मिलाकर पीना हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद हो जरूरी नहीं है। जीरा कुछ लोगों को खाने के बाद होने वाली भारीपन की परेशानी में राहत महसूस कराता है। वहीं, अजवाइन का इस्तेमाल गैस के लिए किया जाता है, जबकि मेथी में मौजूद फाइबर ब्लड शुगर को ठीक रखता है। हालांकि, इन तीनों को मिलाकर पीने के बजाय अलग-अलग पीने से ज्यादा फायदेमंद होता है। तीनों की मात्रा ज्यादा होने पर कुछ लोगों को पेट में जलन या दस्त जैसी परेशानी भी हो सकती है। खासकर जिन लोगों को पहले से एसिडिटी या आंतों से जुड़ी समस्या है।

Photo Credit: Magnific

गर्मी या सर्दी... जीरा, अजवाइन, मेथी के पानी का इस्तेमाल कैसे करें?

डाइटिशियन के अनुसार, जीरा हो या अजवाइन इन सभी चीजों का इस्तेमाल मौसम के हिसाब से ही करना चाहिए। दरअसल, गर्मियों में शरीर में पानी की कमी होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए इस समय पानी ज्यादा से ज्यादा पीना चाहिए। जीरा, अजवाइन या मेथी का पानी पीना पसंद है, तो इसे कम मात्रा में लें, लेकिन इसे पानी की जरूरत पूरा करने में इस्तेमाल न करें।

वहीं, सर्दियों में भी इनका सेवन किया जा सकता है। ठंड के मौसम में गुनगुना पानी पीना कुछ लोगों की सेहत के लिए बहुत अच्छा होता है, लेकिन गुनगुने पानी के साथ इन तीनों को पीने से पहले किसी डॉक्टर से सलाह जरूर लें। जैसे अजवाइन का पानी कुछ लोगों में पेट की जलन बढ़ा सकता है। वहीं, मेथी का सेवन करने वाले लोग इसकी मात्रा पर ध्यान दें, अगर वे डायबिटीज की दवाएं लेते हैं। किसी भी मौसम में इन चीजों का गाढ़ा पानी बनाकर रोजाना पीना जरूरी नहीं है।

Photo Credit: Magnific

फैटी लिवर या सीवियर एसिडिटी: किन लोगों के लिए सही है जीरा, अजवाइन और मेथी का पानी?

फैटी लिवर या गंभीर एसिडिटी से परेशान मरीजों के लिए जीरा, अजवाइन और मेथी में से कोई एक पानी सही बताना ठीक नहीं होगा। दरअसल, गंभीर एसिडिटी या पेट में जलन की समस्या वाले मरीजों को अजवाइन का पानी बिल्कुल नहीं पीना चाहिए। जीरे या मेथी का पानी भी हर मरीज के लिए ठीक नहीं होता है। मेथी ब्लड शुगर को प्रभावित करती है, इसलिए डायबिटीज की दवा लेने वाले मरीज इसे नियमित रूप से इस्तेमाल न करें। यदि मरीज को फैटी लिवर के साथ गंभीर एसिडिटी भी है, तो बिना डॉक्टर से सलाह लिए कोई भी घरेलू नुस्खा न अपनाएं। ऐसे मरीजों के लिए नॉर्मल पानी पीना ठीक होता है।

कोई भी घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले यह जरूर देख लें कि आपका शरीर उसे कैसे स्वीकार कर रहा है। अगर आपको कोई गंभीर बीमारी है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।