कई लोगों की आदत होती है कि लंच या डिनर करने के बाद एक कप कॉफी जरूर पीते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि इससे खाना जल्दी पच जाता है, तो कुछ के लिए कॉफी के बिना खाना अधूरा होता है। क्या खाने के तुरंत बाद कॉफी पीना सच में सेहत के लिए अच्छा है? दरअसल, कॉफी में मौजूद कैफीन शरीर पर कई तरह से असर डालता है। यह आपको एक्टिव महसूस कराता है, लेकिन कुछ लोगों में एसिडिटी बढ़ाने या खाने से मिलने वाले आयरन के एब्जॉर्प्शन को कम करने की वजह भी बन सकता है। ऐसे में सवाल है कि खाना खाने के बाद कॉफी पीना सही है या इससे बचना चाहिए?

खाना खाने के बाद कॉफी पीना सही है या गलत

खाने के बाद कॉफी पीना कई लोगों के डेली रूटीन का हिस्सा है। खासकर ऑफिस में लंच के बाद कॉफी पीने से लोग खुद को फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करते हैं। इस आदत का असर आपकी डाइजेशन और न्यूट्रिशन पर भी पड़ सकता है। आइए दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट की चीफ डाइटिशियन प्रिया पालीवाल से जानते हैं कि खाने के बाद कॉफी पीनी चाहिए या नहीं।

Photo Credit: Magnific

खाने के तुरंत बाद कॉफी पीने के 3 नुकसान

1. शरीर में आयरन का एब्जॉर्प्शन कम होना

खाने के तुरंत बाद कॉफी पीने से शरीर को खाने से मिलने वाले आयरन को एब्जॉर्ब करने में परेशानी आने लगती है। आयरन एक जरूरी मिनरल है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने और खून के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। कॉफी में मौजूद कुछ कंपाउंड खासकर प्लांट-बेस्ड फूड से मिलने वाले नॉन-हीम आयरन के एब्जॉर्प्शन को कम करने लगते हैं। पालक, दाल, चना, राजमा और दूसरी कई चीजें इस तरह के आयरन के सोर्स हैं। अगर आप वेजिटेरियन हैं और आपको आयरन की कमी है या एनीमिया की समस्या है, तो खाने के साथ या तुरंत बाद कॉफी पीने की आदत पर ध्यान देना जरूरी है।

ऐसे में खाने के बाद कॉफी पीने के लिए कम से कम 1 से 2 घंटे का डिफरेंस रखें। इससे खाने से मिलने वाले आयरन के एब्जॉर्प्शन पर पड़ने वाले असर को कम करने में मदद भी मिलेगी।

2. एसिडिटी और हार्टबर्न की परेशानी बढ़ सकती है

क्या आपने कभी कॉफी पीने के बाद सीने में जलन या गले तक खट्टा पानी आने की समस्या महसूस किया है? ऐसा कई लोगों के साथ होता है। कॉफी में मौजूद कैफीन और दूसरे कंपाउंड कुछ लोगों में पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया और एसिड रिफ्लक्स (Acid Reflux) के लक्षणों को प्रभावित करने लगते हैं। एसिड रिफ्लक्स की स्थिति में पेट का एसिड वापस फूड पाइप की तरफ आने लगता है, जिससे सीने में जलन, खट्टा स्वाद और गले में परेशानी होने लगती है। खासकर जिन लोगों को पहले से एसिडिटी या GERD (Gastroesophageal Reflux Disease) की समस्या है, उन्हें कॉफी पीने के बाद इन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

अगर कॉफी पीने के बाद आपको बार-बार सीने में जलन या खट्टी डकार आती है, तो इसकी मात्रा कम करें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।

3. पेट में बेचैनी या बार-बार टॉयलेट जाने की जरूरत

कुछ लोगों को कॉफी पीने के थोड़ी देर बाद ही टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस होने लगती है। इसकी वजह यह है कि कॉफी डाइजेस्टिव सिस्टम और आंतों की गतिविधियों को बढ़ा देती है। हालांकि, यह असर हर किसी में नहीं होता है। कुछ लोगों को कॉफी पीने के बाद पेट साफ होने में मदद मिलती है, जबकि दूसरों को पेट में मरोड़ या बेचैनी महसूस होने लगती है। अगर आपको इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) जैसी समस्या है और कॉफी पीने के बाद परेशानी होती है तो इसके सेवन पर ध्यान दें।

कॉफी की मात्रा कम करके देखें और ध्यान दें कि इसे पीने के बाद आपको किस तरह की परेशानी होती है। अगर पेट की समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

खाना खाने के कितनी देर बाद कॉफी पीनी चाहिए?

इसका जवाब आपकी सेहत और खानपान पर निर्भर करता है। अगर आपको आयरन की कमी नहीं है और कॉफी पीने के बाद एसिडिटी या पेट से जुड़ी कोई परेशानी नहीं होती है, तो हर बार खाने के बाद कॉफी पीने से बचना जरूरी नहीं है।

अगर आप खाने से मिलने वाले आयरन का एब्जॉर्प्शन बेहतर चाहते हैं, तो खाने के बाद 1 से 2 घंटे का अंतर रखना बेहतर है। खासकर आयरन की कमी या एनीमिया से जूझ रहे लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा, दिनभर में कितनी कॉफी पी रहे हैं, इस पर भी ध्यान दें। ज्यादा कैफीन लेने से कुछ लोगों को बेचैनी, नींद में परेशानी या दिल की धड़कन तेज महसूस होने जैसी समस्याएं होने लगती हैं।

Photo Credit: Magnific

खाना खाने के बाद कॉफी की जगह क्या पीना चाहिए?

अगर आपको लंच या डिनर के बाद कुछ पीने की आदत है, तो हर बार कॉफी चुनना जरूरी नहीं है। आप अपनी जरूरत के हिसाब से दूसरे ऑप्शन भी चुन सकते हैं।

  1. सादा पानी: खाने के बाद पानी पीना शरीर में हाइड्रेशन बनाए रखने का आसान तरीका है। सामान्य तौर पर पानी पीने से बचने की जरूरत नहीं है।
  2. गुनगुना पानी: अगर आपको गुनगुना पानी पीना पसंद है, तो इसे चुन सकते हैं। हालांकि, यह दावा सही नहीं है कि गुनगुना पानी अपने आप खाना जल्दी पचा देता है।
  3. हर्बल टी: कैफीन से बचना चाहते हैं, तो कैफीन-फ्री हर्बल टी एक ऑप्शन है। हालांकि, कुछ हर्बल ड्रिंक्स भी एसिड रिफ्लक्स के लक्षण बढ़ा सकती हैं, इसलिए अपनी परेशानी के हिसाब से चुनाव करें।
  4. सौंफ का पानी: कुछ लोग खाने के बाद सौंफ का पानी पीना पसंद करते हैं। इसे एक सामान्य ड्रिंक के तौर पर लिया जा सकता है।

खाने के बाद एक कप कॉफी पीना भले ही आपके मूड को तरोताजा कर दे, लेकिन सेहत के लिहाज से यह हर किसी के लिए सही नहीं होता है। अगर आपको पेट में जलन, एसिडिटी या एनीमिया; जैसी कोई समस्या है, तो खाने के तुरंत बाद कॉफी पीने से बचना चाहिए। बेहतर डाइजेशन और न्यूट्रिएंट्स के पूरे फायदे के लिए खाने और कॉफी के बीच कम से कम 1 से 2 घंटे का अंतर रखें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।