अगर आपको देसी और पांरपरिक खाना पसंद है, तो आपने कभी न कभी बिरई रोटी का नाम जरूर सुना होगा। यूपी के कुछ इलाकों में बनने वाली यह रोटी चने के दाल और गेहूं के आटे से तैयार की जाती है। यह बाहर से थोड़ी क्रिस्पी और अंदर से काफी नरम होती है। इसका स्वाद भी लाजवाब होता है।
बिरई रोटी का स्वाद तब और बढ़ जाता है जब इसके साथ सही चीजें सर्व की जाएं। अगर आप इसे पहली बार बनाने जा रही हैं, तो हम आपको इसकी आसान रेसिपी बता रहे हैं। साथ ही यह भी बताएंगे कि इसके साथ आप क्या सर्व कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
बिरई रोटी बनाने की आसान विधि
बिरई रोटी को बनाना बहुत मेहनत का काम नहीं है। इसे अनाने का की यह आसान रेसिपी है-
- बिरई रोटी बनाने के लिए सबसे पहले चने के दाल को 3 से 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
- इसके बाद दाल का पानी निकालकर उसे दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बिल्कुल महीन न हो।
- अब इस पिसी हुई दाल में स्वादानुसार नमक, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, थोड़ा जीरा, कटा हुआ हरा धनिया और चाहें तो एक चुटकी हींग मिला सकती हैं।
- इसके बाद सामान्य तरीके से आटा गूंथ लें।
- अब आटे की लोई बनाकर उसमें तैयार दाल का मिश्रण भर दें, जैसे कि आप आलू का पराठा बेलकर तैयार करती हैं।
- अब गरम तवे पर दोनों तरफ अच्छी तरह से इस रोटी को सेंक लें।
- चाहें तो थोड़ा देसी घी लगाकर भी सेंक सकती हैं।
- इससे रोटी और भी स्वादिष्ट बनती है।
- आपका बिरई रोटी तैयार है।
देसी घी के साथ सर्व करें बिरई रोटी
बिरई रोटी तवे से उतरते ही उस पर थोड़ा सा देसी घी लगा दें। घी से रोटी ज्यादा मुलायम रहती है और इसका स्वाद भी काफी बढ़ जाता है। गांवों में आज भी इसे इसी तरह खाना पसंद किया जाता है। इसे अगर आप सिर्फ देसी घी लगाकर ही खाएंगी तो दोगुना स्वाद मिलेगा।
दही के साथ मिलेगा बेहतरीन स्वाद
बिरई रोटी के साथ आप सादा या तड़के वाली दही भी सर्व कर सकती हैं। दरअसल, दाल वाली रोटी के साथ जब ठंडा-ठंडा दही मिलता है, तो हर किसी को खाकर मजा ही आ जाता है।
यह भी पढ़ें- क्या आपने खाई है कलबुर्गी की स्पेशल 'ज्वार रोटी'? PM Modi खुद मानते हैं इसे सेहत का खजाना
आम या मिर्च का अचार
अगर आपको थोड़ा स्पाइसी स्वाद पसंद है, तो बिरई रोटी के साथ आप आम का अचार या हरी मिर्च का अचार भी सर्व कर सकती हैं। अचार का खट्टा और मसालेदार स्वाद रोटी को और भी स्वादिष्ट बना देता है।
मसालेदार आलू की सब्जी
बिरई रोटी के साथ सूखी या ग्रेवी वाली आलू की मसालेदार सब्जी भी लोगों को खूब पसंद आती है। अगर आप सब्जी में थोड़ी कसूरी मेथी, धनिया और जीरा का तड़का लगाएंगी, तो खाने का स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
लहसुन या हरे धनिये की चटनी
अगर आप खाने में थोड़ा अलग स्वाद चाहती हैं, तो हरे धनिये की चटनी या लहसुन की चटनी को भी इसके साथ परोसा जा सकता है। चटनी तो वैसे भी किसी भी खाने में जान डाल देती है। यह उन लोगों को पसंद आता है जिन्हें देसी खाना ज्यादा अच्छा लगता है।
यह भी पढ़ें- पराठा, कुल्चा और नान: किसमें होती है कितनी कैलोरी? खाने से पहले जान लें
बूंदी का रायता भी रहेगा बेस्ट
अगर आप इस रोटी को मेहमानों को सर्व करने वाली हैं तो बिरई रोटी के साथ बूंदी का रायता भी बना सकती हैं। बूंदी के रायते का स्वाद बढ़ाने के लिए आप तड़का भी लगा सकती हैं।
गुड़ और घी के साथ भी खाएं
कई घरों में बिरई रोटी को थोड़ा सा देसी घी और गुड़ के साथ भी खाया जाता है। अगर आपको मीठा और नमकीन का स्वाद साथ में पसंद है, तो यह कॉम्बिनेशन जरूर ट्राई करें।
ऐसे करें सर्व
बिरई रोटी को हमेशा गरमा-गरम ही सर्व करें। ऊपर से थोड़ा देसी घी लगाएं और साथ में दही, मसालेदार आलू की सब्जी, आम का अचार, हरी चटनी और प्याज के टुकड़े रख दें। अगर चाहें तो एक गिलास छाछ भी साथ में परोस सकती हैं। इससे पूरा खाना और भी स्वादिष्ट बन जाएगा।
यह भी पढ़ें- मालपुआ और डोनट भी लगेंगे फीके, जब घर पर बनाएंगी नेपाली स्टाइल 'सेल रोटी'
तो अगर आप भी हर बार वही साधारण रोटी खा-खाकर बोर हो गई हैं, तो इस बार बिरई रोटी ट्राई कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
