Kajari Teej इस साल 31 अगस्त यानी सोमवार को मनाई जाएगी। यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के लिए खास माना जाता है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए व्रत करती हैं और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं। वहीं, कुंवारी लड़कियां मनचाहा वर पाने के लिए भी कजरी तीज का व्रत करती हैं।
कजरी तीज पर इन 5 शिव मंदिरों के करें दर्शन
ऐसे में अगर आप इस दिन सिर्फ घर पर पूजा करने के बजाय किसी प्रसिद्ध शिव मंदिर के दर्शन करना चाहती हैं, तो यह एक अच्छा मौका हो सकता है। आप कजरी तीज के आसपास छोटी धार्मिक यात्रा भी प्लान कर सकती हैं। आज हम आपको देश के 5 ऐसे प्रसिद्ध शिव मंदिरों के बारे में बता रहे हैं, जहां जाकर आप भोलेनाथ के दर्शन कर सकती हैं। कहा जाता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुरादें जरूर पूरी होती हैं। आइए जानते हैं-
Image Credit- Kashi Official
1. काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी
कजरी तीज पर आप वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने जा सकती हैं। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। अगर आप काशी जाएं तो सबसे पहले मंदिर में दर्शन करें। इसके बाद गंगा घाटों पर भी जा सकती हैं। शाम की गंगा आरती देखना भी सही रहेगा। वाराणसी जा रही हैं तो इन जगहों पर जरूर जाएं-
- काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करें।
- गंगा घाटों पर जाएं।
- गंगा आरती देखें।
- समय हो तो काल भैरव मंदिर के दर्शन करें।
2. महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन
कजरी तीज पर अगर आप काशी के अलावा कोई दूसरा ऑप्शन देख रही हैं तो उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर भी सही रहेगा। महाकालेश्वर भी 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। सावन और शिव जी के त्योहारों के दौरान उज्जैन के मंदिरों में खास रौनक देखने को मिलती है। अगर आप महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जा रही हैं, तो मंदिर के अलावा शहर के दूसरे धार्मिक स्थान भी देख सकती हैं। जैसे-
- महाकाल लोक
- हरसिद्धि मंदिर
- राम घाट
- काल भैरव मंदिर
यह भी पढ़ें- सावन में दिल्ली से काशी कैसे जाएं? घाटों की महाआरती से लेकर बनारसी जायके तक, जानें सब कुछ
3. सोमनाथ मंदिर, गुजरात
अगर इस बार कजरी तीज पर कुछ अलग जगह जाने का सोच रही हैं तो गुजरात का सोमनाथ भी अच्छा ऑप्शन है। सोमनाथ मंदिर समुद्र के किनारे बना है और इसे 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला माना जाता है। सोमनाथ की सबसे खास बात यह है कि मंदिर में दर्शन के बाद आप समुद्र किनारे भी समय बिता सकती हैं। इसके अलावा आप और भी जगहों को एक्सप्लोर कर सकती हैं।
- सोमनाथ मंदिर में दर्शन
- समुद्र के किनारे का नजारा
- शाम की आरती
- आसपास के धार्मिक स्थल
4. त्र्यंबकेश्वर मंदिर, नासिक
कजरी तीज पर दर्शन के लिए आप महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर भी जा सकती हैं। यह भी भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह मंदिर नासिक जिले के त्र्यंबक इलाके में है। आपको बता दें कि मानसून के समय नासिक और इसके आसपास का इलाका काफी खूबसूरत हो जाता है। आप और भी बहुत कुछ कर सकती हैं। जैसे-
- त्र्यंबकेश्वर मंदिर के दर्शन
- नासिक शहर घूमना
- आसपास के धार्मिक स्थान देखना
- मानसून में आसपास की हरियाली का मजा लेना
यह भी पढ़ें- 4 दिनों में घूम लेंगी महाराष्ट्र के ये 3 बड़े शिव मंदिर, नोट करें लें यह आसान ट्रैवल गाइड
5. ओंकारेश्वर मंदिर, मध्य प्रदेश
आपके लिए मध्य प्रदेश का ओंकारेश्वर मंदिर भी सही रहेगा। ओंकारेश्वर भी भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। अगर आप ऐसी जगह जाना चाहती हैं जहां मंदिर के साथ नदी का खूबसूरत नजारा भी देखने को मिले, तो ओंकारेश्वर आपको जरूर पसंद आएगा। यहां आप ये चीजें कर सकती हैं-
- ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन
- नर्मदा नदी का नजारा
- मंदिर के आसपास घूमना
कजरी तीज पर मंदिर जाते समय इन बातों का रखें ध्यान
कजरी तीज पर इन मंदिरों में जाने का प्लान बना रही हैं तो भीड़ को ध्यान में रखकर पहले से तैयारी कर लेना सही रहता है। इसके लिए आप पहले ही-
- ट्रेन या फ्लाइट की बुकिंग कर लें।
- रहने के लिए होटल पहले से बुक करें।
- मंदिर की दर्शन व्यवस्था और टाइमिंग चेक कर लें।
- भीड़ वाले दिन दर्शन में समय लग सकता है, इसलिए जल्दबाजी वाला प्लान न बनाएं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए कैसे और कहां से शुरू करें पावन यात्रा? नोट करें यह ट्रैवल प्लान
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI/Incredible India
