भारत देश में ऐसे कई अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाले अजूबे हैं। बात करें भारतीय रेलवे की, तो भारत में ऐसे कई रेलवे स्टेशन मौजूद हैं, जिनकी खूबसूरती और कलाकारी के लोग दीवाने हैं। क्या आपने कभी ऐसे किसी स्टेशन के बारे में सुना है, जो एक नहीं, बल्कि दो राज्यों के बीच बंटा हुआ है? अगर नहीं, तो आज के इस लेख में हम आपको एक ऐसे अनोखे रेलवे स्टेशन के बारे में बताएंगे, जिसकी एक टांग एक राज्य में है, तो वहीं दूसरी टांग दूसरे राज्य में।
सोशल मीडिया पर छाया नवापुर रेलवे स्टेशन
भारत देश में कई रेलवे स्टेशन मौजूद हैं, उन्हीं में से एक है, नवापुर रेलवे स्टेशन। नवापुर रेलवे स्टेशन अपनी अनोखी खासियत के लिए हमेशा चर्चा में बना रहता है। यही नहीं, अब तो सोशल मीडिया पर भी इस स्टेशन से जुड़ी कई रील्स वायरल हो रही हैं। दरअसल, यह स्टेशन दो अलग-अलग राज्यों के बीच बना हुआ है। यहां खड़ी ट्रेन का आधा हिस्सा महाराष्ट्र में होता है, तो वहीं दूसरा हिस्सा गुजरात में।
टिकट काउंटर और स्टेशन मास्टर का ऑफिस भी है अलग
नवापुर रेलवे स्टेशन मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित है। इसके प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में आता है, तो वहीं दूसरा हिस्सा गुजरात के तापी जिले में पड़ता है। यहां सिर्फ राज्यों का बंटवारा ही नहीं, बल्कि टिकट काउंटर से लेकर स्टेशन मास्टर का दफ्तर भी अलग-अलग राज्यों में है। अगर आपको टिकट काउंटर जाना है, तो यह महाराष्ट्र वाले हिस्से में है, जबकि स्टेशन मास्टर का दफ्तर गुजरात वाली साइड में है।
प्लेटफॉर्म पर खींची गई है सीमा रेखा
जब यहां पर एक लंबी ट्रेन आकर रुकती है, तो इसके कुछ डिब्बे महाराष्ट्र में होते हैं, तो कुछ डिब्बे गुजरात में। यही नहीं, इस स्टेशन पर दोनों राज्यों की सीमा को भी दर्शाया गया है। प्लेटफॉर्म पर एक पीली लाइन और सूचना बोर्ड लगा है, जो यात्रियों को बताता है कि यहां से दोनों राज्यों की सीमा डिवाइड हो रही है। इस स्टेशन पर एक लकड़ी की बेंच भी बनी है, जो ठीक बीच से बंटी हुई है।
यह भी पढ़ें- क्या आप जानती हैं छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है? सुविधाओं से लेकर कनेक्टिविटी तक जानें पूरी डिटेल
चार भाषाओं में होता है अनाउंसमेंट
इस स्टेशन पर ट्रेनों के आने-जाने से जुड़े सभी अनाउंसमेंट हिंदी और अंग्रेजी के अलावा मराठी और गुजराती भाषा में भी किए जाते हैं। वहीं बात करें स्टेशन के खर्चों की, तो बिजली का बिल भी यहां दो अलग-अलग राज्यों में डिवाइड होता है। आजकल यह स्टेशन इतना ज्यादा चर्चा में है कि लोग यहां जाकर रील्स और शानदार फोटोशूट भी करवा रहे हैं।
कैसे पहुंचें इस अनोखे स्टेशन तक
अगर आप भी इस अनोखे रेलवे स्टेशन को देखना चाहती हैं, तो सबसे पास में गुजरात का सूरत शहर पड़ेगा। वहीं, महाराष्ट्र की साइड से जा रही हैं, तो नंदुरबार सबसे पास पड़ेगा। इस स्टेशन से एक नहीं बल्कि कई ट्रेनें गुजरती हैं। बाय रोड जानें के लिए, आप महाराष्ट्र और गुजरात दोनों ही तरफ से आसानी से पहुंच सकती हैं।
यह भी पढ़ें- गुजरात के इस रेलवे स्टेशन को क्यों कहा जाता है सबसे बड़ा? जानें सुविधाओं से लेकर प्लेटफॉर्म तक सभी जरूरी जानकारी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific/AI
-1784040096794_m.webp)