गर्मियों में रसीले आमों को देखकर मन खाने को ललचाने लगता है, लेकिन कुछ लोग वजन या शुगर बढ़ने, पिंपल्स या एसिडिटी के डर से आम खाने से बचते हैं। अब आपको आम से परहेज करने की नहीं, बल्कि इन्हें सही तरीके से खाने की जरूरत है। इस गर्मी में बिना किसी साइड इफेक्ट के आम का मजा लेने के लिए इन आसान टिप्स को फॉलो करें। इन टिप्स के बारे में हमें डॉक्टर दीक्षा भावसार बता रही हैं। डॉक्टर दीक्षा, आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स ब्रांड द कदंब ट्री की फाउंडर और BAMS (Bachelor of Ayurveda Medicine) हैं।
खाने से पहले आम को भिगोएं
अगर आप एक्ने के डर से आम खाने से बचते हैं, तो खाने से पहले आम को 2-3 घंटे पहले पानी में भिगोकर रखें। भिगोने से आम की गर्मी पैदा करने वाली तासीर कम हो जाती है, जिससे एक्ने और त्वचा से जुड़ी समस्याएं नहीं होती हैं और सिरदर्द, कब्ज और पेट की समस्याओं से भी बचाव होता है। इसके अलावा फाइटिक एसिड (एक तरह का एंटी-न्यूट्रिएंट) कम करने में मदद मिलती है, जो मिनरल्स (जैसे आयरन, जिंक, कैल्शियम) के शरीर में सोखने की प्रक्रिया को रोक सकता है।
सब्जा सीड्स मिलाएं
आम के साथ 1 चम्मच भीगे हुए सब्जा सीड्स खाएं। ये सीड्स नेचुरली ठंडक देने वाले होते हैं और शरीर की गर्मी को बैलेंस करते हैं, जिससे मुंहासे, एसिडिटी और पित्त बढ़ने की समस्या नहीं होती है।
आम खाने के साथ नहीं खाएं
आम को खाने के साथ मिलाकर खाने से बचें। इसे खाने से 1 घंटा पहले या खाने के 2 घंटे बाद खाएं। इन्हें खाने के साथ मिलाने से पेट में फर्मेंटेशन (खमीर उठना) हो सकता है, जिससे मुंहासे, ब्लोटिंग और डाइजेशन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
आम खाएं, जूस न पिएं
हमेशा आम का जूस या आमरस पीने के बजाय पूरा आम खाना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि जूस बनाने से आम में मौजूद फाइबर निकल जाता है, जिससे शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है और डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
शुगर लेवल बढ़ने से रोकें
अगर आप अपने शुगर लेवल को लेकर हमेशा सावधान रहते हैं, तब भी आप आम खा सकते हैं, लेकिन आपको कुछ बातों को ध्यान रखना होगा।
- हमेशा आधा कप या एक छोटा आम ही खाएं।
- इसे हेल्दी फैट या प्रोटीन (जैसे भीगे हुए बादाम) के साथ मिलाकर खाएं।
- इसे दिन के समय खाना सबसे अच्छा होता है।
- आम को खाली पेट या देर रात को खाने से बचें।
इस गर्मी में आम का मजा आयुर्वेदिक तरीके से लें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
