कश्मीरी खाने का नाम सुनते ही खुशबूदार मसाले, र‍िच ग्रेवी और जबरदस्‍त जायके का ख्‍याल आ जाता है। कश्मीर की ऐसी कई डिशेज हैं जो पूरे देश में काफी पसंद की जाती हैं और उन्हीं में से एक है कश्मीरी दम आलू। यह एक ऐसी डिश है जिसे देखकर ही मुंह में पानी आ जाता है। र‍िच ग्रेवी में डूबे छोटे-छोटे आलू स्वाद में कमाल के होते हैं।

अगर आपके घर में सभी को आलू खाना पसंद है तो आप इस बार लंच या ड‍िनर में कश्‍मीरी दम आलू बना सकती हैं। इसकी सबसे अच्छी बात तो यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा महंगी चीजों की जरूरत नहीं पड़ती है। आप घर पर ही मौजूद कुछ मसालों और दही से आप रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पा सकती हैं। आइए इसकी आसान रेस‍िपी जानते हैं-

कश्मीरी दम आलू बनाने की आसान रेसिपी

  • सबसे पहले छोटे आलुओं को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें उबाल लें। इसके बाद छ‍िलके हटा कर थोड़ा सा इसे तल भी सकती हैं। इससे दम आलू और भी ज्‍यादा स्‍वाद‍िष्‍ट बनते हैं।
  • अब एक कड़ाही में दो बड़े चम्मच तेल को गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डाल दें और इसे गोल्‍डन ब्राउन होनेतक भून लें। जब प्याज अच्छी तरह पक जाए तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और करीब एक से दो मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
  • इसके बाद इसमें हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डाल म‍िला दें। मसालों को कुछ सेकेंड तक भूनने के बाद इसमें फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह मिला लें। इससे ग्रेवी का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं। बस ध्‍यान रहे क‍ि दही डालते समय आंच धीमी होनी चाह‍िए।
  • इसके बाद पिसा हुआ काजू का पेस्‍ट डालें और दो से तीन मिनट तक मीडियम आंच पर पकने दें। अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी लग रही हो तो थोड़ा पानी डाल सकती हैं। ग्रेवी को अपनी पसंद के अनुसार आप गाढ़ा या थोड़ा पतला कर सकती हैं।
  • अब उबले या तले हुए आलू काे ग्रेवी में डाल दें। सभी आलुओं को मसाले में अच्छी तरह म‍िक्‍स कर लें ताकि उन पर ग्रेवी की कोटिंग हो जाए। इसके बाद कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकने दें।
  • यही वह स्टेप है जिसमें आलू मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेते हैं। अब जब सब्जी तैयार हो जाए तो ऊपर से गरम मसाला डालें और हरे धनिये से गार्निश करें। आपका स्वादिष्ट कश्मीरी दम आलू तैयार है।

कैसे करें सर्व?

कश्मीरी दम आलू का स्वाद गरमा गरम पराठे, तंदूरी रोटी, बटर नान या नॉर्मल रोटी के साथ बहुत अच्छा लगता है। अगर आप चावल खाना पसंद करती हैं तो इसे जीरा राइस के साथ भी सर्व कर सकती हैं। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डाल देंगी तो खाने का लुक और भी ज्‍यादा अट्रैक्‍ट‍िव लगने लगेगा।

यह भी पढ़ें: घर पर भी बना सकती हैं ढाबा स्‍टाइल Lasooni Paneer, ट्राई करें यह आसान रेस‍िपी

तो अगर आप भी इस वीकेंड कुछ स्‍पेशल ट्राई करना चाहती हैं तो कश्‍मीरी दम आलू बना सकती हैं, वो भी एकदम रेस्‍टोरेंट स्‍टाइल में। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-gemini/freepik