रात की बची हुई रोटी को आमतौर पर लोग सुबह जानवरों को खिला देते हैं या फिर कूड़ेदान में डाल देते हैं। क्या आपको पता है कि आप इसकी मदद से क्रिस्पी और स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकती हैं? आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम ब्रेकफास्ट के लिए ऐसी डिश बनाना पसंद करते हैं, जो महज 20-25 मिनट में तैयार हो जाए। ऐसे में अगर आपके किचन में बासी रोटी रखी है, तो इससे झटपट कोन समोसा बनाएं। इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए आपको सिर्फ मिनट का समय चाहिए। आज के इस लेख में हम आपको रोटी कोन समोसा बनाने की आसान विधि बताने जा रहे हैं।
रोटी कोन समोसा बनाने की रेसिपी
- कोन समोसा बनाने के लिए 2-3 रोटियां लें। इन्हें अपनी जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकती हैं। अब पिज्जा कटर या चाकू की मदद से इसके चार बराबर टुकड़े कर लें। इसके बाद एक छोटी कटोरी में एक चम्मच चावल का आटा लें और पानी मिलाकर उसका एक गाढ़ा घोल तैयार करें।
- फिर रोटी के कटे हुए टुकड़े को कोन का आकार दें और किनारों पर चावल के आटे का घोल लगाकर अच्छे से चिपका दें। अब समोसे में भरने के लिए स्टफिंग तैयार करें। इसके लिए चार-पांच उबले हुए आलू लेकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। फिर गैस ऑन करके कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर गर्म करें।
- तेल गर्म होने के बाद इसमें जीरा और हींग डालें और 10 सेकेंड के लिए चटकाएं। फिर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भून लें। अब कड़ाही में मैश किए हुए आलू डालें और दो से तीन मिनट तक चलाएं।
- इसके बाद इसमें हल्दी, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें।
- फिर ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया मिक्स करें और गैस बंद कर दें। अब इस तैयार स्टफिंग को चम्मच से रोटी के कोन में अच्छी तरह भरें।
- अब इसके ऊपर के खुले हुए हिस्से को चावल के आटे वाले घोल में डिप करें। इसके बाद एक मिनट के लिए रख दें ताकि स्टफिंग बाहर न निकले।
- दूसरी तरफ गैस पर कड़ाही रखकर तेल गर्म होने के लिए रख दें। इसके बाद फ्लेम को लो करके कोन समोसे को तेल में डालें और गोल्डन ब्राउन होने तक अलट-पलट कर फ्राई करें। अब इसे निकालकर एक मिनट के लिए रख दें।
- अब समोसे के ऊपरी हिस्से को टोमैटो केचअप में डिप करके आलू भुजिया या बारीक सेव से कोट करें। तैयार है बेहद क्रिस्पी रोटी कोन समोसा। अब इसे गरमा-गरम सर्व करें।
रोटी कोन समोसा के लिए जरूरी टिप्स
रोटी कोन समोसा बनाते समय इसे खराब होने से बचाने के लिए नीचे बताए गए टिप्स को जरूर अपनाएं। जानें-
- रोटी के किनारों पर चावल के आटे का घोल अच्छी तरह से लगाएं। अगर यह ठीक से नहीं चिपकेगा, तो कोन खुल सकता है।
- कोन में आलू भरने के बाद ऊपरी हिस्से को चावल के आटे के घोल में अच्छे से डिप करें।
- समोसों को फ्राई करते समय फ्लेम का खास ध्यान रखें।
- चावल के आटे का घोल बनाते समय एक चुटकी नमक और कुटी हुई लाल मिर्च मिला सकती हैं।
अगर आपके रसोई में रात की रोटी रखी है, तो फिर देर किस बात की फटाफट बनाएं रोटी कोन समोसा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Shutterstock
