राजधानी दिल्ली में कई जगहें ऐतिहासिक महत्‍व के साथ ही धरोहर भी हैं। इनमें सबसे पहला नाम आता है घंटाघर का, जिनकी टिक-टिक की आवाज का इंतजार कभी पूरी दिल्‍ली को होता था। दिल्‍ली में कई फेमस घंटाघर हैं। इनमें चांदनी चौक, कमला नगर, हरिनगर और पूसा। इनका इस्तेमाल सिर्फ समय के बारे में अपडेट करने तक ही सीमित नहीं था, बल्कि यह सदियों से एक जीती-जागती विरासत के तौर पर काम करना भी था।आइए जानते हैं इन मशहूर घंटाघरों की रोचक जानकारी यहां।

ब्रिटिश आर्किटेक्चर की झलक

घंटाघर को ब्रिटिश आर्किटेक्चर के खास नमूने के तौर पर जाना जाता है। इनमें एडमिनिस्ट्रेटिव सेंटर की टाउन प्लानिंग के साथ ही शाही दिमाग की कल्चरल, धार्मिक और पॉलिटिकल समझ की झलक भी देखने को मिलती है। जिसका इस्तेमाल दौलत, पावर, अधिकार दिखाने और एम्पायर के असर को दिखाने के तरीके के तौर पर किया गया।

चांदनी चौक का नॉर्थब्रुक क्‍लॉक टावर

दिल्ली के चांदनी चौक नॉर्थब्रुक क्लॉक टावर, जिसे स्‍थानीय लोग घंटाघर कहते हैं। इसका निर्माण 1870 में 28,000 रुपये की लागत से करवाया गया था। इस टावर का नाम भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड नॉर्थब्रुक के नाम पर रखा गया। 15 अगस्त 1947 को घंटाघर के शीर्ष पर लगे यूनियन जैक को तिरंगे से बदल दिया गया। इस अवसर पर घंटाघर को भी रोशन किया गया था।

भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान घंटाघर एक विरोध स्थल के तौर पर काम करता था। इसमें स्वामी श्रद्धानंद का सत्याग्रह भी शामिल है जो एक लोकप्रिय गीत में दर्ज है। घंटाघर की चार घड़ी, चारों में जंजीर पढ़ी, जब भी घंटा बजता था, खड़ा मुसाफिर हंसता था। हंसता था वो बेधड़क आगे देखो नई सड़क। इस स्थल को अभी भी 'घंटाघर' कहा जाता है और यह कई आयोजन होते हैं। वर्ष 1950 में एक हिस्से के ढह जाने के बाद सुरक्षा कारणों से इसे पूरी तरह गिरा दिया गया था। आज भी उस चौराहे को 'घंटाघर' के नाम से ही जाना जाता है।

वेस्‍ट दिल्‍ली की शान- हरिनगर घंटाघर 

Image Credit:Delhi Archievs

वेस्‍ट दिल्‍ली हरिनगर घंटाघर के नाम से मशहूर है। बेशक यह पहली नजर में एक साधारण सा टावर दिखता है, लेकिन इसके पीछे कई कहानियां भी प्रचलित हैं। साल 1950 में बना यह घंटाघर न सिर्फ घड़ी की सुइयों को घुमाता है, बल्कि एक परिवार की विरासत, एक नवाब के दौर और दिल्ली के बदलते रंगों को भी दिखाता है। यह आज भी बड़े गर्व से समय की चाल बताता है।

दिल्‍ली आर्काइव्स के अनुसार, फेमस राइटर आरवी स्मिथ ने अपनी किताब 'दिल्ली- अननॉन टेल्स ऑफ ए सिटी' में हरिनगर घंटाघर का जिक्र किया है। इसका निर्माण हरि राम के बेटे स्वरूप लाल दीवान ने करवाया था। उनके बेटे श्याम गोपाल अपने पुश्तैनी बंगले में रहते हैं, जो बेरीवाला बाग में 1906 में बना था। यह बंगला कभी घने जंगल और हरे-भरे खेतों के बीच खड़ा था, लेकिन अब वह हरा-भरा नजारा सिर्फ यादों में बचा है।

बेरीवाला बाग का नाम अब बस नाममात्र का है, क्योंकि बेरी के पेड़ों की जगह आज यहां फ्लैट्स, जिम आदि ने ले ली है। घंटाघर के अंदर लगी घड़ियां ब्रिटेन से मंगवाई गई थीं, लेकिन अब हैदराबाद की बनी घड़ियां लगी हैं, जो समय के साथ थक चुकी हैं। घंटाघर के तहखाने में एक चौकीदार अपने परिवार के साथ रहता है।

पूसा IARI लाइब्रेरी, जिसकी घंटी ने देखे लंबे युग

Image Credit: IARI Pusa

अब आपको लिए चलते हैं दिल्‍ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्‍थान यानी पूसा IARI लाइब्रेरी क्लॉक (घंटाघर)। यहां लगी घड़ी की सुईयां बीते सात दशक से चल रही हैं। नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के मुख्य पुस्तकालय भवन पर बना एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित घंटाघर है। इसे अब प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन राष्ट्रीय कृषि विज्ञान पुस्तकालय (Prof. M. S. Swaminathan Library) के रूप में जाना जाता है।

इसका निर्माण छात्रों की सुविधा को ध्‍यान में रखकर किया गया था। जहां रोजाना बड़ी संख्‍या में छात्र पढ़ाई करते हैं। इसके चारों तरफ बना खूबसूरत पार्क है। यहां बेहद सुंदर फूलों के बीच आप कुछ पल के लिए भूल जाएंगे कि आप वाकई दिल्‍ली में हैं। हर घंटे के बाद घंटाघर पर लगा घंटा हमें बताता है कि समय कभी किसी के लिए नहीं रूका है।

इन घंटाघरों तक कैसे पहुंचे?

दिल्‍ली की इन विरासतों को अगर आप देखना चाहती हैं।अपने सवालों का जवाब जानना चाहती हैं, तो आप मेट्रो या डीटीसी बस के जरिए यहां पहुंच सकती हैं। चांदनीचौक घंटाघर तो आपको नहीं दिखेगा, लेकिन जहां यह खड़ा था। उस स्‍थान को घंटाघर चौराहे के नाम से जानते हैं। हरिनगर घंटाघर पहुंचने के लिए आपको ब्‍लू लाइन मेट्रो लेनी होगी।आपको मायापुरी स्‍टेशन उतरना होगा। इसके बाद आप ई-रिक्‍शे की मदद से यहां तक पहुंच सकती हैं। पूसा IARI लाइब्रेरी पहुंचने के लिए भी आपको ब्‍लू लाइन मेट्रो लेनी होगी। आपको राजेंद्र प्‍लेस स्‍टेशन उतरना होगा। यहां से आप ऑटो की मदद से पूसा लाइब्रेरी पहुंच सकते हैं।

इस खबर के जरिए हमने आपको दिल्‍ली के मशहूर घंटाघरों के बारे में बताया। इनकी खासियत से अवगत कराया अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit : AI, magnific.com