हमारे यहां भारत में वेजिटेरियंस को पनीर जरूर पसंद होता है। हम पनीर से बनने वाली कई तरह की डिशेज भी बनाते हैं। शाही पनीर, कड़ाही पनीर, मटर पनीर तो लगभग हर घर में बनता है, लेकिन अगर आप इस बार पनीर की कोई नई रेसिपी ट्राई करना चाहती हैं तो मसाला पनीर कलेजी बना सकती हैं। इस डिश की खास बात ये है कि इसमें पनीर को एक खास तरीके से तैयार किया जाता है। इससे इसका स्वाद और कलर दोनों ही बहुत यूनिक हो जाते हैं।

अगर आप इसे एक बार बना लेंगी तो नॉनवेज वाला स्वाद भूल जाएंगी। हम आपको अपने इस लेख में मसाला पनीर कलेजी बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं। आप मेहमानों के आने पर इसे सर्व कर सकती हैं। 

मसाला पनीर कलेजी बनाने की रेसिपी

  • सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें। अब चायपत्ती को एक साफ मलमल के कपड़े में बांधकर छोटी-सी पोटली बना लें। इस पोटली को पानी में डाल दें। साथ में पनीर के बड़े टुकड़े और एक टीस्पून नमक भी एड कर दें।
  • अब इसे 8 से 10 मिनट तक लो फ्लेम पर बॉयल होने दें। ऐसा करने से पनीर में हल्का डार्क रंग और अलग स्वाद आ जाएगा। इसके बाद पनीर को निकालकर अलग रख लें। चायपत्ती की पोटली आप फेंक सकती हैं, लेकिन उबला हुआ पानी संभालकर रख लें क्योंकि आगे ग्रेवी में इसी का इस्तेमाल होगा।
  • अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। चाहें तो थोड़ी सी घी भी डाल सकती हैं। तेल गर्म होने पर जीरा, साबुत लाल मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, हरी इलायची, बड़ी इलायची, काली मिर्च और लौंग डाल दें। जब मसालों से खुशबू आने लगे तो इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और एक टेबलस्पून नमक डालकर अच्छी तरह से भून लें।
  • प्याज को तब तक पकाएं जब तक उसका रंग गोल्डन न हो जाए। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और दो से तीन मिनट तक भून लें ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए। अब बारीक कटे या पीसे हुए टमाटर इसमें एड कर दें। इसके साथ हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर, सब्जी या पनीर मसाला और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
  • मसाले को मीडियम फ्लेम पर तब तक पकाएं जब तक तेल ऊपर दिखाई देने न लगे। अब इसमें दो से तीन हरी मिर्च और अदरक का लच्छा डाल दें। इसके बाद उबले हुए पनीर के टुकड़े डालें और मसाले में इसको हल्के हाथों से मिलाएं। ध्यान रहे कि पनीर के टुकड़े टूटे नहीं।
  • अब बचाकर रखा हुआ चायपत्ती वाला पानी जरूरत के अनुसार डाल दें और करीब आठ से 10 मिनट तक इसे पकने दें ताकि मसाले का स्वाद पनीर में अच्छी तरह घुल जाए। इसे लो मीडियम फ्लेम पर ढककर ही पकाना है।
  • जब ग्रेवी आपकी पसंद के हिसाब से गाढ़ी हो जाए, तब ऊपर से थोड़ी-सी कसूरी मेथी मसलकर डाल दें। बाद में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। आपकी मसालेदार पनीर कलेजी तैयार है। आप ऊपर से हरी मिर्च को लंबाई में काटकर भी डाल सकती हैं।

कैसे सर्व करें?

इस डिश को आप तंदूरी रोटी, बटर नान, मिस्सी रोटी या सिंपल घर में बनने वाली रोटी के साथ सर्व कर सकती हैं। इसका स्वाद जीरा राइस के साथ भी काफी अच्छा लगता है। ऊपर से थोड़ा अदरक का लच्छा और हरा धनिया डालने से इसका लुक और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे।

यह भी पढ़ें: घर पर भी बना सकती हैं ढाबा स्‍टाइल Lasooni Paneer, ट्राई करें यह आसान रेस‍िपी

तो अगर आप भी इस बार पनीर की कुछ यूनिक रेसिपी ट्राई करना चाहती हैं तो मसाला पनीर कलेजी बना सकती हैं।

साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह भी पढ़ें: बिना दूध-मावा के बनाएं Lauki Ki Barfi, बिगिनर्स नोट करें मेरी आसान रेसिपी

Image Credit-gemini