सावन में घेवर की ड‍िमांड खूब बढ़ जाती है। म‍िठाई की दुकानों पर लोगों की जबरदस्‍त भीड़ देखने को म‍िलती है। दरअसल, आज तीज, रक्षाबंधन और सावन में घेवर खाना और खिलाना एक परंपरा बन चुकी है। इसील‍िए कुछ लोग अब अपने घरों में भी घेवर बनाते हैं। हालांक‍ि, कई लोगों को लगता है क‍ि घेवर बनाने के लिए खास सांचे और बड़ी कड़ाही की ही जरूरत होती है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।

अगर आपके पास घेवर का सांचा नहीं है, तब भी आप घर प छोटी और स्वादिष्ट मिनी घेवर आसानी से बना सकती हैं। मिनी घेवर बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि बैटर पतला हो, घी अच्छी तरह ठंडा हो और तलने के दौरान बैटर थोड़ा-थोड़ा करके डाला जाए। इससे घेवर जालीदार बनता है। आज हम आपको मिनी घेवर बनाने के 3 आसान तरीके बता रहे हैं। आइए जानते हैं पूरी विधि।

सबसे पहले तैयार करें घेवर का बैटर

घेवर का बैटर बनाने के ल‍िए आपको इन चीजों की जरूरत पड़ेगी। जैसे-

  • मैदा- 2 कप
  • ठंडा घी- आधा कप
  • ठंडा दूध- एक चौथाई कप (ऑप्‍शनल)
  • बर्फ वाला ठंडा पानी- जरूरत अनुसार
  • बर्फ के टुकड़े
  • घी- तलने के लिए
  • चाशनी के ल‍िए चीनी- 2 कप
  • पानी- 1 कप
  • इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • केसर (ऑप्‍शनल)
  • गार्निश करने के लिए- रबड़ी
  • कटे हुए पिस्ता
  • कटे बादाम
  • चांदी का वर्क (ऑप्‍शनल)

बैटर कैसे बनाएं?

सबसे पहले ठंडे घी में बर्फ का एक टुकड़ा डालकर अच्छी तरह फेंटें। जब घी हल्‍का और क्रीमी दिखने लगे, तब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके मैदा मिलाएं। अब ठंडा पानी डालते हुए पतला बैटर तैयार करें। आप पानी की जगह ठंडे दूध का भी इस्‍तेमाल कर सकती हैं। बैटर इतना पतला होना चाहिए कि चम्मच से डालने पर लगातार बह सके। इसके बाद क‍िसी छलनी से इस बैटर को छान लें ताक‍ि कोई गुठली रह गई हो तो वह न‍िकल जाए।

तरीका 1: अप्पे मेकर में मिनी घेवर

म‍िना घेवर बनाने के ल‍िए यह तरीका सबसे आसान माना जाता है।

  • इसे बनाने के ल‍िए अप्पे मेकर में हर खाने में थोड़ा घी डालें।
  • अब घी को अच्छी तरह गर्म होने दें।
  • इसके बाद हर सांचे में एक-एक चम्मच बैटर डालें।
  • 20 से 30 सेकंड बाद फिर थोड़ा बैटर डालें।
  • बीच में लकड़ी की सींक या पतली चम्मच से हल्का छेद बना दें ताकि घेवर की जाली बन सके।
  • 3 से 4 बार थोड़ा-थोड़ा बैटर डालते रहें।
  • अब दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेकें या तलें।
  • जब ये गोल्‍डन ब्राउन हो जाए तब इसे निकालकर तुरंत चाशनी में डुबोकर न‍िकाल लें।
  • चाशनी छन जाए तो फ‍िर ऊपर से रबड़ी और ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें।

तरीका 2: स्टील की छोटी कटोरी में बनाएं मिनी घेवर

अगर आपके पास अप्‍पे मेकर नहीं है तो आप स्‍टील की छोटी कटोरी में भी म‍िनी घेवर बना सकती हैं।

  • एक गहरी कड़ाही में पर्याप्त मात्रा में घी गर्म कर लें।
  • अब एक मोटी स्टील की छोटी कटोरी या छोटी कटोरीनुमा मोल्ड को बीच में सीधा रखें।
  • कटोरी का तला नीचे रहे और उसके चारों तरफ तेल हो।
  • जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब कटोरी के बीच में एक-एक चम्मच बैटर डालें।
  • बैटर नीचे जाकर चारों तरफ जाली बनाना शुरू करेगा।
  • 20 से 25 सेकंड बाद फिर थोड़ा बैटर डालें।
  • इसी तरह 3 से 5 बार बैटर डालें।
  • जब मिनी घेवर अच्छी तरह सेट हो जाए, तब सींक की मदद से धीरे-धीरे उसे कटोरी से अलग करें।
  • अब उसे हल्का सुनहरा होने तक तल लें।
  • इसके बाद इसे निकालकर लें और चाशनी में डुबो दें।
  • अब इसे गार्निश क‍िया जा सकता है।

तरीका 3: छोटे रिंग मोल्ड से बनाएं मिनी घेवर

अगर आप अप्‍पे मेकर या छोटी स्‍टील की कटोरी में घेवर नहीं बनाना चाहती ह‍ैं तो स्‍टील की र‍िंग मोल्‍ड से भी घेवर बना सकती हैं। इसके ल‍िए-

  • एक कड़ाही में घी को अच्छी तरह गर्म करें।
  • अब बीच में छोटा स्टील गोल रिंग मोल्ड रख दें।
  • अब उसके बीच में एक चम्मच बैटर डालें।
  • बैटर नीचे जाकर जाली बनाना शुरू करेगा।
  • थोड़ी देर बाद फिर एक चम्मच बैटर डालें।
  • यही तरीका 3 से 4 बार दोहराएं।
  • जब घेवर मजबूत हो जाए, तब सींक से धीरे-धीरे अलग करें।
  • अब उसे हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
  • इसके बाद इसे भी निकालकर चाशनी में डुबो दें।
  • ऊपर से रबड़ी, केसर और पिस्ता डालकर सर्व करें।

चाशनी कैसे बनाएं?

चाशनी बनाना बहुत आसान है। इसके ल‍िए चीनी और पानी को एक साथ उबाल लें। जब हल्की एक तार जैसी चाशनी बनने लगे, तब गैस बंद कर दें। इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल सकती हैं। ध्‍यान रहे क‍ि चाशनी बहुत ज्यादा गाढ़ी नहीं होनी चाहिए, नहीं तो घेवर कुरकुरा नहीं रहेगा।

ऐसे करें सर्व

मिनी घेवर को पहले चाशनी में डुबोएं। इसके बाद ऊपर से ठंडी रबड़ी डालें। फिर पिस्ता, बादाम और थोड़ा सा केसर डालकर सजाएं। चाहें तो गुलाब की सूखी पंखुड़ियों से भी गार्निश कर सकती हैं।

इन बातों का रखें ध्‍यान

घेवर बनाते समय कुछ बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए, वरना यह क्र‍िस्‍पी नहीं बनने पाएगा। जैसे-

  • बैटर को हमेशा पतला ही रखें।
  • बैटर बनाते समय ठंडे पानी या दूध का ही इस्तेमाल करें।
  • हर बार थोड़ा-थोड़ा बैटर ही डालें।
  • घी अच्छी तरह गर्म होना चाहिए।
  • गुनगुने चाशनी में ही घेवर को डुबोएं।
  • घेवर को ज्यादा देर चाशनी में न रखें, वरना वह नरम हो जाएगा।

तो अगर आप भी बड़े साइज वाला घेवर नहीं बनाना चाहती हैं तो इन तीन आसान तरीकों से आप बिना सांचे के भी घर पर क्रिस्पी, जालीदार और रसीला मिनी घेवर बना सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik