गर्मी के मौसम में लोग सोडा पानी पीना पसंद करते हैं या फिर भारी खाना खाने के बाद इसे पीते हैं। आज बाजार में अलग-अलग फ्लेवर वाले सोडे और कोल्ड ड्रिंक्स की भरमार है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पानी में गैस के ये बुलबुले उठाने वाले सोडा वाटर को किसने और कब बनाया था? साथ ही, आज यह पूरी दुनिया का पसंदीदा ड्रिंक कैसे बन गया है। अगर आप सोडा वाटर पीने की शौकीन हैं, पर इसके पीछे की कहानी नहीं पता है, तो फिर देर किस बात की चलिए जानते हैं सोडा वाटर का इतिहास
सोडा वॉटर कब और किसने बनाया था ?
सोडा वॉटर का साल 1767 में इंग्लैंड के एक मशहूर वैज्ञानिक जोसेफ प्रीस्टले ने बनाया था। जोसेफ एक बीयर बनाने वाली फैक्ट्री के पास रहते थे। उन्होंने देखा कि बीयर के फर्मेंटेशन के दौरान एक खास तरह की गैस निकलती है, जिसे आज हम कार्बन डाइऑक्साइड कहते हैं। उन्होंने इस गैस को नॉर्मल पानी के ऊपर छोड़ दिया, जिससे पानी में बुलबुले उठने लगे। जब उन्होंने इसे चखा, तो इसका स्वाद बहुत ही रिफ्रेशिंग और थोड़ा तीखा लगा। इसके बाद सामने निकलकर आया दुनिया का पहला मैन-मेड सोडा वॉटर।
मैन-मेड सोडा वॉटर कैसे बना बिजनेस का हिस्सा?
अब बारी आती है कि यह लोगों के बीच कैसे पहुंचा, तो बता दें कि जोसेफ प्रीस्टले ने सोडा तो बना लिया था, लेकिन इसका बिजनेस कुछ खास नहीं चल पाया। साल 1783 में जैकब श्वेपेस नाम के स्विस घड़ीसाज ने इस फॉर्मूले को आगे बढ़ाया। इसके बाद बड़े पैमाने पर सोडा वॉटर बनाने की मशीन तैयार की और दुनिया की पहली एयरेटेड वॉटर कंपनी Schweppes की शुरुआत की। इसके बाद सोडा वॉटर कांच की बोतलों में बंद होकर आम लोगों की पहुंच तक आ गया।
इसे भी पढ़ें- कोल्ड ड्रिंक में नींबू निचोड़ने से क्या होता है? कमाल का है यह 1 वायरल हैक...अकेले निपटा देगा आपके कई मुश्किल काम
दवा की तरह पहली बार की गई थी इस्तेमाल
शुरुआती दिनों में सोडा वॉटर को दवा के लिए इस्तेमाल किया गया था। उस जमाने के डॉक्टरों का मानना था कि यह गैस वाला पानी पेट की बीमारियों, अपच और मोटापे को दूर करने में बहुत फायदेमंद है। लोग अपनी सेहत ठीक रखने के लिए बकायदा सोडा फाउंटेन पर जाकर इसे पिया करते थे।
सोडा वाटर कैसे पड़ा नाम?
शुरुआत में पानी में गैस घोलने के लिए मीठा सोडा का इस्तेमाल किया जाता था। इस वजह से इसका नाम सोडा वॉटर पड़ गया। समय के साथ लोगों को इसका सादा स्वाद थोड़ा बोरिंग लगने लगा, तो इसमें नींबू का रस, चेरी, वाइन और अलग-अलग तरह के सिरप मिलाए जाने लगे।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों के मौसम में सोडा पानी पीने के हैं कई फायदे, आप भी जानें
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
