हम में से ज्‍यादातर लोग नाश्‍ते में सैंडव‍िच खाना पसंद करते हैं। यह ए‍क जल्‍दी बनने वाला नाश्‍ता होता है। इसमें ब्रेड के बीच सब्जियां, पनीर या कुछ भी अपनी पसंद की चीजें रखकर हम सैंडविच तैयार कर लेते हैं, लेकिन इसका स्वाद बढ़ाने के लिए अक्सर लोग इसमें मेयोनीज डालते हैं। मेयोनीज से सैंडविच क्रीमी और स्वादिष्ट हो जाती है, लेकिन क्‍या आप जानती हैं कि‍ मेयोनीज में कैलोरी की मात्रा काफी ज्‍यादा होती है, इससे वजन बढ़ सकता है?

सैंडव‍िच में मेयोनीज की जगह और क्‍या इस्‍तेमाल कर सकते हैं?

ऐसे में अगर आप सैंडव‍िच को थोड़ा लाइट रखना चाहती हैं तो इसकी जगह कुछ दूसरे ऑप्‍शन भी ट्राई कर सकती हैं। ये चीजें सैंडविच को क्रीमी टेक्सचर देने के साथ उसका स्वाद भी बढ़ा सकती हैं। खास बात यह है कि आपके पास एक नहीं, बल्कि कई ऐसे ऑप्शन हैं। आइए जानते हैं मेयोनीज की जगह सैंडविच में और क्या-क्‍या लगाया जा सकता है?

1. हंग कर्ड लगाएं

मेयोनीज की जगह हंग कर्ड यानी गाढ़ा किया हुआ दही इस्तेमाल कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए दही को कपड़े में छानकर उसका एक्‍स्‍ट्रा पानी निकाल दिया जाता है। इससे दही काफी गाढ़ा और क्रीमी हो जाता है। हंग कर्ड सैंडविच में मेयोनीज जैसा क्रीमी टेक्सचर देता है। इसके साथ एक अच्छी बात यह है कि इसमें प्रोटीन होता है और इसका फैट मेयोनीज की तुलना में कम है। आप इसमें थोड़ा नमक मिलाकर ब्रेड पर लगा सकती हैं।

2. एवोकाडो मैश करें लगाएं

अगर आपको सैंडविच में कम क्रीमी और थोड़ा अलग स्वाद पसंद है तो आप एवोकाडो को मैश करके भी लगा सकती हैं। इसके ल‍िए आपको पके हुए एवोकाडो को अच्छी तरह मैश करना होगा और इसमें थोड़ा नमक और नींबू का रस मिलाकर ब्रेड पर लगाना होगा। आपको बता दें क‍ि एवोकाडो में हेल्दी फैट पाए जाते हैं। इसलिए मेयोनीज की जगह इसे इस्तेमाल क‍िया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- 10 मिनट में झटपट बनाएं ये टेस्टी ब्रेकफास्ट, स्वाद और सेहत दोनों के लिए है अच्छा

3. हमस से बढ़ाएं सैंडविच का स्वाद

हमस भी मेयोनीज की जगह इस्तेमाल किया जा सकता है। यह उबले हुए काबुली चने, तिल और ऑल‍िव ऑयल से तैयार होने वाली क्रीमी डिप है। इसका टेक्सचर गाढ़ा होता है, इसलिए इसे ब्रेड पर आसानी से लगाया जा सकता है। हमस से सैंडविच में क्रीमीनेस के साथ अच्छा स्वाद भी आता है। इसमें काबुली चने होने की वजह से प्रोटीन भी मिलता है।

यह भी पढ़ें- सुबह के नाश्ते में फटाफट बनाएं ब्रेड पिज्जा पॉकेट, नोट करें आसान रेसिपी

4. बिना शुगर वाला पीनट बटर

कुछ लोगों को सैंडविच में नटी फ्लेवर काफी पसंद आता है। अगर आपको भी ये पसंद है तो बिना चीनी वाला पीनट बटर यूज कर सकती हैं। इसे ब्रेड पर पतली सी लेयर में लगाएं। खासकर अगर आपको स्‍वीट फ्लेवर पसंद है ताे आप इसे ट्राई कर सकती हैं।

5. धनिया-पुदीने की हरी चटनी

अगर आपको देसी स्वाद पसंद है तो मेयोनीज की जगह आप धनिया-पुदीने की हरी चटनी भी इस्‍तेमाल कर सकती हैं। इसे आप घर पर आसानी से बना सकती हैं और सैंडविच में सीधे इस्तेमाल भी कर सकती हैं। आप ब्रेड पर चटनी लगाने के बाद उसके ऊपर खीरा, टमाटर जैसी अपनी पसंद की चीजें रखकर सैंडव‍िच बना सकती हैं।

यह भी पढ़ें- बिना चीज और मेयोनेज के कैफे जैसा मलाई शिमला मिर्च सैंडविच घर पर बनाएं, जानें रेसिपी

कौन सा ऑप्शन कब चुनें?

आप अपने पसंद और टेस्‍ट के ह‍िसाब से इनका यूज कर सकती हैं। जैसे-

  • अगर आपको क्रीमी टेक्सचर चाहिए तो हंग कर्ड या हमस इस्तेमाल कर सकती हैं।
  • अगर हेल्दी फैट वाला ऑप्‍शन चाहती हैं तो एवोकाडो सही रहेगा।
  • अगर नटी फ्लेवर पसंद है तो बिना शुगर वाला पीनट बटर ले सकती हैं।
  • अगर आपको देसी और चटपटा स्वाद चाहिए तो धनिया-पुदीने की हरी चटनी लगा सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik