अगर आप जयपुर में रहती हैं और वीकेंड पर फैमिली के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रही हैं, तो आपको बहुत दूर भी जाने की जरूरत नहीं है। जयपुर के पास ही कुछ ऐसी शानदार जगहें हैं जहां इतिहास, नेचर, जंगल, लेक और धार्मिक स्थल सब कुछ देखने को मिल जाता है। अच्छी बात तो यह है कि इन जगहों पर आप रोड ट्रिप के जरिये भी पहुंच सकती हैं। इनमें से कुछ जगहें ऐसी भी हैं जहां आप एक दिन में घूमकर वापस भी आ सकती हैं, जबकि कुछ के लिए दो दिन का ट्रिप प्लान करना पड़ सकता है।

हम आपको उन जगहों के नाम बता रहे हैं, जो फैमिली ट्रिप के लिए बेस्ट मानी जाती हैं। साथ ही आप वीकेंड के लिए ट्रिप प्लान कर सकती हैं। आइए जानते हैं-

नीमराना फोर्ट (करीब 150 किमी)

अगर आपको शाही माहौल पसंद है, तो नीमराना फोर्ट जा सकती हैं। 15वीं सदी का यह किला आज एक हेरिटेज होटल बन चुका है। यहां आपको किले की शानदार वास्तुकला, खूबसूरत बगीचे और अरावली की पहाड़ियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। यहां आप डे विजिट भी कर सकती हैं या एक रात रुककर रॉयल एक्सपीरियंस भी ले सकती हैं। अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो यहां जिपलाइन भी ट्राई कर सकती हैं।

रणथंभौर नेशनल पार्क (करीब 170 किमी)

अगर फैमिली के साथ जंगल सफारी का मजा लेना चाहती हैं, तो आप रणथंभौर नेशनल पार्क भी जा सकती हैं। यह भारत के सबसे मशहूर टाइगर रिजर्व में से एक है। यहां आपको टाइगर के अलावा तेंदुआ, सांभर, चीतल, मगरमच्छ और कई तरह के पक्षी भी देखने को मिलेंगे। यहां आप रणथंभौर किला भी घूम सकती हैं। बस ध्यान रखें कि सफारी की बुकिंग पहले से ही करा लें।

बूंदी (करीब 220 किमी)

अगर आपको भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और ऐतिहासिक जगह पर जाना है तो आप बूंदी जा सकती हैं। यहां का तारागढ़ किला, बूंदी पैलेस और रानीजी की बावड़ी काफी फेमस है। बारिश के मौसम में यहां की हरियाली और भी खूबसूरत हो जाती है। खास बात तो यह है कि आप यहां फोटोग्राफी भी कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Road Trip From Jaipur: माॅनसून में जयपुर से रोड ट्रिप के लिए बेस्ट हैं ये जगहें, गर्ल्‍स प्‍लान कर सकती हैं ट्र‍िप

सांभर झील (करीब 80 किमी)

जयपुर के सबसे पास घूमने वाली जगहों में सांभर झील का नाम जरूर आता है। यह भारत की सबसे बड़ी खारे पानी की झील है। यहां सनराइज और सनसेट का नजारा बहुत खूबसूरत लगता है। अगर आप एक दिन की फैमिली ट्रिप चाहती हैं, तो यह जगह बिल्कुल सही रहेगी।

फैमिली ट्रिप पर जाते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप फैमिली के साथ घूमने की प्लानिंग कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। जैसे-

  • होटल और सफारी जैसी चीजों की बुकिंग पहले से कर लें।
  • बारिश के मौसम में मौसम का अपडेट जरूर देखें।
  • बच्चों और बुजुर्गों के साथ जा रही हैं, तो जरूरी दवाइयां साथ रख लें।
  • अगर लॉन्‍ग ड्राइव कर रही हैं, तो बीच-बीच में रेस्ट करती रहें।

तो अगर आप भी जयपुर से बेहद पास कहीं घूमने का प्लान बनाना चाहती हैं, तो ऊपर बताई गई जगहों पर जा सकती हैं। ये वीकेंड के लिए बेस्ट हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Rajasthan Tourism/incredible india