बरसात के मौसम में नमकीन का पैकेट अगर खुला रह जाए, तो कुछ ही घंटों में उसका कुरकुरापन खत्म हो जाता है। नमी के कारण नमकीन सील जाती है, जिससे इसका पहले जैसा स्वाद नहीं रहता। ऐसी सीली हुई नमकीन को ज्यादातर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। हवा में मौजूद नमी नमकीन के कुरकुरापन को पूरी तरह खत्म कर देती है। अगर आप भी पैकेट में बची सीली हुई नमकीन को फेंकने के बजाय, इस्तेमाल करना चाहती हैं, तो इस लेख में बताई गई 2 स्पेशल रेसिपीज आपके काम आएगी।

अगर आपके किचन में रखी नमकीन भी बारिश के मौसम में सील गई है, तो परेशान होकर इसे फेंकने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। माना कि सीली हुई नमकीन खाने में वो मजा नहीं देती, लेकिन थोड़ी सी समझदारी से आप इससे बेहद स्वादिष्ट डिश तैयार कर सकती हैं। आइए जानते है सीली हुई नमकीन से बनने वाली इन 2 आसान और चटपटी रेसिपीज के बारे में। 

1. झटपट बनाएं चटपटी 'दही-नमकीन चाट'

अगर नमकीन सील गई है, तो उससे एक बढ़िया स्नैक तैयार किया जा सकता है। हम बात कर रहे हैं स्पेशल 'दही-नमकीन चाट' की। जानें इसे बनाने का तरीका-

  • सबसे पहले सीली हुई नमकीन को एक कटोरी में निकालें।
  • अब इसमें थोड़ा सा ताजा और फेंटा हुआ दही मिलाएं।
  • ऊपर से स्वादानुसार मसाले और थोड़ी हरी/मीठी चटनी डालें।
  • इसके बाद बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर मिलाएं।
  • आपकी चटपटी 'दही चाट' बनकर तैयार है। 

इसमें सीली हुई नमकीन का सही इस्तेमाल भी हो जाएगा और दही की वजह से इसका स्वाद भी लाजवाब लगेगा।  

2. बनाएं ढाबा स्टाइल 'नमकीन-टमाटर की सब्जी'

आप सीली हुई नमकीन से एक स्वादिष्ट सब्जी भी तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने का तरीका नीचे बताया गया है:

  • जिस तरह हम 'टमाटर' की सब्जी बनाते हैं, ठीक वैसे ही टमाटर की मसालेदार ग्रेवी तैयार करें।
  • टमाटर की मसालेदार ग्रेवी बनाने के लिए एक कढ़ाई में तेल डालें।
  • तेल गर्म होने पर इसमें जीरा, तेजपत्ता और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें और सूखे मसाले डाल दें।
  • मिक्सी जार में कटे टमाटर और हरी मिर्च डालकर बारीक पेस्ट बना लें।
  • अब इस टमाटर के पेस्ट को थोड़ा पानी डालकर कढ़ाई में पका लें।
  • जब ग्रेवी अच्छे से पक जाए, तो उसमें यह सीली हुई नमकीन डाल दें।
  • इसे धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक और पकने दें।
  • नमकीन ग्रेवी के मसालों को सोख लेगी, जिससे आपकी एक टेस्टी सब्जी बनकर तैयार हो जाएगी।

इससे आपकी सीली हुई नमकीन का भी इस्तेमाल हो जाएगा और और खाने में एक नया स्वाद भी मिलेगा। 

सिली हुई नमकीन इस्तेमाल करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान:

  • अगर नमकीन लंबे समय से खुली पड़ी है और ज्यादा सील चुकी है, तो उसका इस्तेमाल करने से बचें।
  • अगर नमकीन में से अजीब महक आ रही है या उस पर फफूंदी लग गई हो, तो इस्तेमाल से बचे।
  • चाट या सब्जी बनाने से पहले नमकीन को चख लें। अगर तेल का स्वाद खराब लगे, तो इस्तेमाल न करें। 

यह भी पढ़ें- Leftover Rice Recipe: बचे हुए चावल से बनाएं क्रिस्पी चूरा, बाजार की नमकीन भी इसके आगे लगेगी फीकी

ऊपर बताए गए इन दो तरीकों को अपनाकर आप बिना बर्बादी के सिली हुई नमकीन से चटपटी डिशेज बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit :  magnific