बरसात का मौसम हो या शाम की चाय, गरमा-गरम पकौड़ों का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि, सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि जब हम घर पर पकौड़े बनाते हैं, तो कड़ाही से निकलते ही वे फूले और कुरकुरे तो होते हैं, लेकिन थोड़ा सा ठंडा होते ही एकदम से नरम और पिलपिले पड़ जाते हैं। इसके उलट, हलवाई की दुकान पर मिलने वाले पकौड़े घंटों रखे रहने के बाद भी उतने ही क्रिस्पी और स्वादिष्ट बने रहते हैं।

अगर आप भी मार्केट जैसी क्रिस्पी और लंबे समय तक कुरकुरी रहने वाली पकौड़ियों का लुफ्त घर पर ही उठाना चाहती हैं, तो आपको बैटर बनाते समय बेसन के साथ कुछ खास बातों और सीक्रेट इंग्रीडिएंट्स का ध्यान रखना होगा।

पकौड़े को क्रिस्पी रखने के लिए क्या करें?

हलवाई जब पकौड़े का बैटर तैयार करते हैं, तो वे बेसन में कुछ ऐसी चीजें मिलाते हैं जो पकौड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी रखता है। वह है चावल का आटा या कॉर्नस्टार्च।

पकौड़े घंटों तक बिल्कुल भी नरम न पड़ें, तो बेसन में 2 से 3 चम्मच चावल का आटा या थोड़ा सा कॉर्नस्टार्च जरूर मिलाएं। यह नमी को सोख लेता है और पकौड़ों की ऊपरी परत को करारा बनाए रखता है।

इसके साथ ही जब आप बेसन का घोल तैयार कर लें, तो उसमें दो छोटी चम्मच खौलता हुआ या गरम तेल (रिफाइंड ऑयल या सरसों का तेल) अच्छी तरह मिला लें। ऐसा करने से पकौड़े अंदर से बहुत ही स्पंजी और बाहर से बेहद क्रिस्पी बनते हैं।

बैटर बनाने का सही तरीका और मसाले

सिर्फ सीक्रेट इंग्रीडिएंट मिलाने से ही काम नहीं चलता, बल्कि बैटर की कंसिस्टेंसी यानी गाढ़ापन भी सही होना चाहिए। बेसन का घोल न तो बहुत ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा। अगर घोल पतला होगा, तो वह सब्जियों पर टिकेगा नहीं और तेल में जाते ही बिखर जाएगा। अगर बहुत गाढ़ा होगा, तो पकौड़े अंदर से कच्चे रह जाएंगे और ऊपर से सख्त हो जाएंगे।

पकौड़ों को स्वादिष्ट और हलवाई जैसा बनाने के लिए बेसन के घोल में थोड़ी सी अजवाइन (हाथों से क्रश करके), चुटकी भर हींग, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वाद अनुसार नमक मिलाएं। अजवाइन डालने से पकौड़े भारी नहीं लगते और आसानी से पच जाते हैं।

पकौड़े तलने की सही तरीका

पकौड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी रखने में उन्हें तलने के तरीके का भी बहुत बड़ा हाथ होता है। अगर आप इस स्टेज पर गलती करती हैं, तो पकौड़ियां क्रिस्पी होने के बजाय कुछ ही देर में नरम हो जाएंगी। नीचे पढ़ें फ्राइंग का सही तरीका।

पकौड़ों को हमेशा तेज गरम तेल में ही डालें। अगर तेल ठंडा होगा, तो पकौड़े सारा तेल पी लेंगे और बहुत ऑयली हो जाएंगे।
एक बार पकौड़े कड़ाही में डालने के बाद आंच को मीडियम कर दें, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं और बाहर से सुनहरा और कुरकुरा रंग ले लें।

पकौड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी रखने के अन्य उपाय

पकौड़ों को तलने के बाद कभी भी सीधे किसी प्लेट या बंद डिब्बे में न रखें। उन्हें हमेशा किसी टिशू पेपर या पेपर नैपकिन लगी प्लेट पर निकालें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। पकौड़ों को आपस में सटाकर रखने के बजाय थोड़ा खुला-खुला रखें, जिससे हवा लगने से वे भाप से नरम न पड़ें।

इस तरीके से आप घर पर भी हलवाई जैसी कुरकुरी और करारे पकौड़े तैयार कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- shutterstock