क्या आपने कभी गौर किया है कि सुबह उठने पर आपका चेहरा थोड़ा सूजा हुआ दिखाई देता है, लेकिन कुछ घंटों बाद वही सूजन कम हो जाती है? दिनभर काम करने, धूप में रहने और धूल-मिट्टी के संपर्क में आने के बाद शाम तक स्किन डल और थकी हुई नजर आने लगती है। कई लोग इसे स्किन की खराब हेल्थ या ग्लो कम होना समझते हैं, जिसके पीछे असल में शरीर का नेचुरल सिस्टम, पानी का संतुलन, स्किन का ऑयल प्रोडक्शन और दिनभर का एनवायरनमेंट जैसे कई फैक्टर्स काम करते हैं। यानी सुबह से रात तक चेहरे का बदलना हमेशा किसी स्किन प्रॉब्लम का संकेत नहीं होता है। आइए गाजियाबाद के यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर स्किन स्पेशलिस्ट डॉक्टर राजीव जैन से समझते हैं इसके पीछे की वजह जानते हैं।
स्किन का ग्लो पूरे दिन एक जैसा क्यों नहीं रहता?
सुबह शीशे में चेहरा देखने पर स्किन फ्रेश नजर आती है, लेकिन दोपहर तक चेहरे पर ऑयल दिखने लगता है और रात होते-होते स्किन का ग्लो कम महसूस हो सकता है। ऐसा सिर्फ थकान की वजह से नहीं होता है। हमारी स्किन एक एक्टिव ऑर्गन है, जिस पर नींद, ब्लड सर्कुलेशन, हाइड्रेशन, हार्मोनल रिदम और मौसम का असर पड़ता है। दिनभर चेहरे पर धूप, पॉल्यूशन और मेकअप का प्रभाव भी दिखाई देता है। यही वजह है कि सुबह और रात के चेहरे की टेक्सचर, पफीनेस और शाइन में अंतर नजर आता है।
सुबह उठते ही चेहरा क्यों दिखता है सूजा हुआ?
सुबह उठने के बाद आंखों के नीचे और गालों के आसपास हल्की सूजन दिखाई देना आम बात है। इसे फेस पफीनेस (Face Puffiness) कहते हैं। रातभर सोते समय शरीर की पोजिशन और ग्रैविटी के कारण चेहरे के टिश्यू में फ्लूइड यानी तरल जमा हो जाता है। इसकी वजह से चेहरा थोड़ा फूला हुआ नजर आता है। आमतौर पर उठने और कुछ समय तक एक्टिव रहने के बाद यह सूजन कम होने लगती है।
Photo Credit: Magnific
सुबह चेहरे पर सूजन बढ़ने के पीछे कुछ दूसरी वजहें भी हो सकती हैं, जैसे रात में ज्यादा नमक वाला खाना, नींद पूरी न होना और सोने की पोजिशन। अगर आप देर रात चिप्स, नमकीन या ज्यादा नमक वाली चीजें खाते हैं, तो अगली सुबह चेहरे पर पफीनेस ज्यादा दिखाई दे सकती है। हालांकि, हर किसी के चेहरे पर सुबह सूजन नहीं आती है। यह आपकी बॉडी, स्लीप पैटर्न और लाइफस्टाइल पर भी निर्भर करता है।
दोपहर होते-होते चेहरे पर ऑयल क्यों आने लगता है?
अगर आपकी स्किन ऑयली है, तो आपने देखा होगा कि सुबह चेहरा साफ होने के बावजूद दोपहर तक माथे, नाक और ठुड्डी पर चमक दिखाई देने लगती है। इसका मुख्य कारण सीबम (Sebum) है।
सीबम स्किन में मौजूद सेबेशियस ग्लैंड्स (Sebaceous Glands) से निकलने वाला नेचुरल ऑयल है। यह स्किन को मॉइस्चराइज रखने और उसकी बाहरी परत को सुरक्षित रखने में मदद करता है। दिनभर सीबम स्किन की सतह पर जमा हो जाता है। गर्मी और ह्यूमिडिटी में यह चमक ज्यादा नजर आती है। खासकर ऑयली और कॉम्बिनेशन स्किन वाले लोगों को यह बदलाव अधिक महसूस होता है।
इसका मतलब यह नहीं है कि चेहरे पर ऑयल आना स्किन के गंदे होने का संकेत है। यह स्किन की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। अगर बहुत ज्यादा ऑयल के साथ एक्ने या पोर्स ब्लॉक होने की परेशानी है, तो स्किन केयर रूटीन पर ध्यान देना चाहिए।
शाम तक स्किन डल और थकी हुई क्यों लगने लगती है?
सुबह से शाम तक स्किन कई तरह के बदलावों से गुजरती है। दरअसल, दिनभर धूप, धूल-मिट्टी, पॉल्यूशन, गर्मी और एसी में रहने का असर चेहरे पर पड़ता है। इसके अलावा, अगर आप पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं, तो स्किन में खिंचाव और रूखापन महसूस होता है। स्किन में नमी की कमी होने पर वह पहले की तरह प्लंप नहीं दिखती है। इसकी वजह से फाइन लाइंस और टेक्सचर भी ज्यादा नजर आते हैं। वहीं, लंबे समय तक काम करना, नींद की कमी और थकान चेहरे को कम फ्रेश दिखा सकती है।
Photo Credit: Magnific
स्किन को दिनभर फ्रेश रखने के लिए क्या करें?
सुबह से रात तक स्किन का लुक पूरी तरह एक जैसा बनाए रखना जरूरी नहीं है। लेकिन कुछ आसान आदतें स्किन को हेल्दी और हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकती हैं।
- पर्याप्त पानी पिएं: दिनभर अपनी जरूरत के हिसाब से पानी पीते रहें। शरीर में पानी की कमी होने पर स्किन रूखी महसूस हो सकती है।
- मॉइस्चराइजर लगाएं: अपनी स्किन टाइप के हिसाब से मॉइस्चराइजर चुनें। यह स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है।
- सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें: दिन में बाहर निकलने से पहले ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। इससे स्किन को सूरज की हानिकारक UV किरणों से बचाने में मदद मिलती है।
- नमक कम खाएं: बहुत ज्यादा नमक खाने से कुछ लोगों में शरीर में पानी रुकने और सुबह चेहरे पर सूजन आने की समस्या बढ़ सकती है।
- पूरी नींद लें: नींद की कमी से चेहरा थका हुआ और आंखों के आसपास सूजा हुआ दिखाई दे सकता है। नियमित स्लीप शेड्यूल बनाए रखने की कोशिश करें।
- रात को चेहरा साफ करें: सोने से पहले चेहरे से मेकअप, सनस्क्रीन और दिनभर जमा हुई गंदगी को माइल्ड क्लींजर से साफ करें।
- स्किन केयर प्रोडक्ट्स सोच-समझकर चुनें: चेहरे पर बार-बार नए प्रोडक्ट्स लगाने या जरूरत से ज्यादा एक्सफोलिएशन करने से स्किन में इरिटेशन हो सकता है। इसलिए सिंपल और नियमित स्किन केयर रूटीन अपनाएं।
यह भी पढ़ें- झुर्रियां कम करने और ग्लो के लिए कोलेजन पाउडर लेना चाहिए या नहीं? जानिए डर्मेटोलॉजिस्ट की राय
कब स्किन में होने वाले बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
सुबह चेहरे पर हल्की सूजन आना या शाम तक स्किन का थोड़ा डल दिखना सामान्य हो सकता है। अगर चेहरे की सूजन लगातार बनी रहती है, अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाती है या उसके साथ दर्द, खुजली और लालिमा होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इसी तरह, स्किन के रंग या टेक्सचर में अचानक बदलाव, लगातार जलन और बार-बार होने वाले रैशेज को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण किसी दूसरी स्किन कंडीशन या हेल्थ प्रॉब्लम से जुड़े हो सकते हैं।
सुबह से रात तक चेहरे पर होने वाले बदलाव, जैसे थोड़ी सूजन या तेल आना, बिल्कुल आम बात है। यह हमारी नींद, खानपान और दिनभर की थकान की वजह से होता है, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपकी त्वचा खराब हो रही है। थोड़ा ध्यान रखें जैसे समय पर पानी पीना, सही क्रीम या सनस्क्रीन लगाना और रात को चेहरा साफ करना; आप अपनी त्वचा को पूरे दिन तरोताजा रख सकते हैं।
-1792586970766_m.webp)