बढ़ती उम्र के साथ सफेद बाल आना आम समस्‍या है, लेकिन कई बार जड़ों से दिखने वाले सफेद बाल पूरे लुक को बदल देते हैं। ऐसे में बार-बार हेयर कलर या महंगे रूट टच-अप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना मेरी तरह हर किसी के लिए आसान नहीं होता है।

हेयर कलर कराने के कुछ दिनों बाद ही जब जड़ों से सफेद बाल दिखाई देने लगते हैं, तो यह परेशानी बढ़ा सकता है। खासतौर पर जब अचानक कहीं जाना हो, तो तुरंत बालों को दोबारा कलर करना आसान नहीं होता। ऐसे में सफेद बालों को जड़ों को टेम्पररी कवर करने के लिए आसान और किफायती विकल्‍प आजमाए जा सकते हैं।

अगर आप सफेद बालों को जड़ों से टेम्‍पररी कवर करना चाहती हैं तो घर पर मौजूद कुछ चीजों से DIY हेयर रूट टच-अप पाउडर तैयार कर सकती हैं। कलौंजी, करी पत्ते और कोको पाउडर जैसी चीजों से तैयार पाउडर बालों को नेचुरल ब्राउन-ब्लैक टच देता है।

DIY ग्रे हेयर रूट टच-अप पाउडर की सामग्री

  • बादाम- 3-4 बादाम
  • कलौंजी के बीज- 1/2 चम्‍मच
  • करी पत्ते- 15
  • कोको पाउडर- थोड़ा सा
  • कॉटन का टुकड़ा- छोटा सा

DIY ग्रे हेयर रूट टच-अप पाउडर बनाने का तरीका

  • सबसे पहले कॉटन का एक छोटा टुकड़ा लें और इसमें बादाम व कलौंजी के बीज रखें। कॉटन को अच्छी तरह फोल्ड करें।
  • अब इसे मिट्टी के दीये में रखें और ऊपर से करी पत्ते व थोड़ा सा घी डालकर जला दें।
  • इसके ऊपर थोड़ी ऊंचाई पर एक थाली रख दें, ताकि जलने के बाद बनने वाला काला अवशेष इसमें जमा हो सके।
  • जब पूरा काला अवशेष तैयार हो जाए, तब इसे इकट्ठा करें।
  • इसमें थोड़ा सा कोको पाउडर मिलाएं, जिससे बालों को नेचुरल ब्राउन-ब्लैक फिनिश मिल सके।
  • इस पाउडर को आप एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रख सकती हैं।

DIY ग्रे हेयर रूट टच-अप पाउडर कैसे करें इस्‍तेमाल?

  • पाउडर में एलोवेरा जेल की 1 बूंद मिलाकर पेस्ट जैसा बनाएं।
  • इसे ब्रश की मदद से सफेद बालों वाली जड़ों पर लगाएं।
  • करीब 15 मिनट बाद बारीक कंघे से बालों को हल्के हाथों से सुलझा लें।

बालों के लिए बादाम, कलौंजी और करी पत्ते के फायदे

  • बादाम में विटामिन E, हेल्‍दी फैट्स और एंटीऑक्‍सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो बालों को पोषण देते हैं और हेल्‍दी बनाए रखते हैं।
  • कलौंजी में एंटीऑक्सीडेंट और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्कैल्प की हेल्थ को बेहतर रखते हैं। इसे सदियों से बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।
  • करी पत्ते में भी एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व होते हैं, जो बालों की जड़ों को पोषण देते हैं और बालों की नेचुरल चमक बनाए रखते हैं।

यह बालों को टेम्‍पररी टच-अप देने का तरीका है, जिसमें हेयर वॉश की जरूरत नहीं पड़ती और एलोवेरा जेल जल्दी ड्राई करने में मदद करता है।

यह भी पढ़ें- DIY Copper Hair Colour: पार्लर जैसा कॉपर हेयर कलर अब घर पर पाएं, ट्राई करें ये आसान DIY तरीका

किसी भी DIY हेयर प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर स्कैल्प से जुड़ी कोई समस्या है, तो एक्‍सपर्ट की सलाह लें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com