आंखों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए महिलाएं सदियों से कई तरह के श्रृंगार के सामानों का इस्तेमाल करती आ रही हैं। आंखों के मेकअप की बात हो और काजल, मस्कारा और सुरमा का नाम ना आएं, ऐसा हो ही नहीं सकता है। अक्सर महिलाएं इन तीनों चीज को एक ही तरह का आई-मेकअप प्रोडक्ट समझ लेती हैं, लेकिन ये तीनों चीजें आंखों के अलग-अलग हिस्सों के लिए बनाई गई हैं। इनका मकसद, बनावट तथा लगाने का तरीका एक-दूसरे से बहुत अलग होता है। जी हां, अगर आप भी इन तीनों चीजों को एक ही मान रही थी, तो आज इस लेख में हम आपको तीनों के बीच का अंतर बताएंगे।

काजल, मस्कारा और सुरमा में अंतर 

काजल, मस्कारा और सुरमा का गलत जगह इस्तेमाल आपके लुक को खराब करने के साथ आंखों में जलन और संक्रमण पैदा कर सकता है। आइए विस्तार से समझते हैं काजल, मस्कारा और सुरमे में अंतर, फायदे और इन्हें लगाने का सही तरीका।

काजल

काजल का इस्तेमाल आंखों की वॉटरलाइन यानी निचली पलक के अंदरूनी हिस्सा के लिए किया जाता है। इसे अपर लेशलाइन पर भी लगाया जाता है। यह पेंसिल, ट्विस्ट-अप स्टिक या जेल फॉर्म में आता है। पारंपरिक काजल दिए की लौ से निकलने वाली कालिमा, बादाम और घी के मिश्रण से भी बनाया जाता है। यह आंखों को तीखा, गहरा और निखरा हुआ लुक देता है।

काजल लगाने का सही तरीका: अपनी निचली पलक को हल्के से नीचे खींचें और अंदरूनी किनारे पर हलके हाथों से काजल लगाएं। अगर आप स्मोकी लुक चाहती हैं, तो निचली पलक के बाहरी किनारे पर भी काजल लगाकर उंगली से इसे हल्का फैला लें।

मस्कारा

मस्कारा आपकी ऊपरी और निचली पलकों पर लगाया जाता है। काजल की तरह इसे त्वचा पर नहीं लगाया जाता, बल्कि पलकों के बालों पर लगाया जाता है। यह एक लिक्विड या क्रीम फॉर्मूला में होता है, जो ब्रश के साथ आता है। मस्कारा पलकों को लंबा, घना और खूबसूरत बनाने में मदद करता है। इससे आंखें तुरंत बड़ी, खुली और फ्रेश नजर आती है।

मस्कारा लगाने का सही तरीका: सबसे पहले मस्कारे की वैंड को पलकों की जड़ों में रखें और ऊपर की तरफ ले जाते हुए हल्का सा जिग-जैग मोशन में घुमाएं। इससे हर बाल पर सही मात्रा में मस्कारा लगेगा और पलकें आपस में चिपकेंगी नहीं।

सुरमा

सुरमा कोई लिक्विड या वैक्स पेंसिल नहीं, बल्कि बारीक पिसा पाउडर होता है। इसे प्राकृतिक पत्थरों, जड़ी-बूटियों, नीम और इत्र के मिश्रण से तैयार किया जाता है। सुरमा आंखों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आंखों को ठंडक देता है और गंदगी साफ करने में भी मददगार साबित होता है।

सुरमा लगाने का सही तरीका: सुरमा लगाने के लिए कांच, पीतल या लकड़ी की एक पतली सलाई का इस्तेमाल करें। सलाई पर बहुत हल्का सा सुरमा पाउडर लगाएं, आंखें बंद करें फिर सलाई को दोनों पलकों के बीच रखकर बाहर की तरफ खींचें। 

नोट: घर बना या केमिकल फ्री सुरमा ही इस्तेमाल करें, केमिकल वाले सुरमा से आँखोंको नुक्सान पहुंच सकता है। 

काजल, मस्कारा और सुरमा तीनों में खास अंतर

इनकी बनावट और इस्तेमाल करने का तरीका इन्हें एक-दूसरे से अलग बनाता है। काजल सोलिड वैक्स,सॉफ्ट स्टिक होता है। वहीं मस्कारा थिक लिक्विड, जेल होता है और सुरमा सूखा पाउडर होता है। बात करें इस्तेमाल की, तो काजल आंखों की अंदरूनी वॉटरलाइन पर लगाया जाता है। मस्कारा पलकों के बालों पर और सुरमा आंख बंद करके अंदरूनी सतह पर लगाया जाता है। 

काजल, मस्कारा और सुरमा के फायदे

काजल, मस्कारा और सुरमा का अगर आप सही से इस्तेमाल करती हैं, तो इससे आपको कई फायदे हो सकते हैं। जैसे -

  • काजल और मस्कारा का सही कॉम्बिनेशन आंखों को विंग्ड आई लुक देता है।
  • पलकों पर मस्कारा के दो कोट लगाने से थकी हुई आंखें बड़ी औरसुंदर दिखने लगती हैं।
  • शुद्ध हर्बल और सौंफ-गुलाब जल से बना सुरमा लगाने से आंखों की जलन में काफी आराम मिलता है।
  • जेल काजल और मस्कारा वॉटरप्रूफ होते हैं, जिससे उमस और पसीने में भी आई-मेकअप फैलता नहीं है।

निष्कर्ष:अगर आप भी अपनी आंखों के लिए काजल, मस्कारा और सुरमा - तीनों का इस्तेमाल करती हैं, तो इस लेख में बताई गई जानकारी की मदद से आप तीनों में अंतर और सही इस्तेमाल के बारे में जान सकती हैं। ये तीनों चीजें आंखों को खूबसूरत बनाने के साथ ठंडक और आराम देने में मदद करती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।

(image credit: MAGNIFIC)