herzindagi
zeenat aman family

Birthday Special: निजी जिंदगी में परेशान रही हैं ज़ीनत अमान, जानिए उनके जर्नलिस्ट से मॉडल और फिर एक्ट्रेस बनने की कहानी

ज़ीनत अमान ने अपनी निजी जिंदगी में काफी कुछ झेला है। उनके जन्मदिन पर जानिए उनसे जुड़ी कुछ अनसुनी बातें जो आपके दिल को छू जाएंगी। 
Editorial
Updated:- 2019-11-19, 10:26 IST

बॉलीवुड में हिप्पी कल्चर की शुरुआत करने वाली और अपने समय में लाखों दिलों की धड़कन बनने वाली ज़ीनत अमान का आज जन्मदिन है। 19 नवंबर 1951 को जन्मी ज़ीनत अमान आज 68 साल की हो गई हैं। फिल्मी गीत 'आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आए' और 'दम मारो दम' ने उन्हें अर्श पर पहुंचा दिया था। आज बात करते हैं ज़ीनत की जिंदगी से जुड़े कुछ किस्सों की।  

पिता की वजह से आईं फिल्म इंडस्ट्री में-  

ज़ीनत अमान अपने पिता अमानुल्लाह खान के कारण फिल्मों में आईं। दरअसल, उनके पिता स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर काम करते थे और फिल्म 'मुगल-ए-आजम' और 'पाकीजा' की स्क्रिप्ट लिखी थी। ज़ीनत अमान पहले मॉडलिंग किया करती थीं और अपना करियर वो इसी ओर आगे ले जा रही थीं, लेकिन फिर वो फिल्मों में आ गईं।  

zeenat aman age

इसे जरूर पढ़ें- ये 3 चीज़ें हैं कैटरीना कैफ के Flat Stomach का राज़ 

13 साल की उम्र में गई जर्मनी- 

जब ज़ीनत 13 साल की थीं तभी उनके पिता की मौत हो गई। तब उनकी मां उन्हें लेकर जर्मनी चली गईं। वहीं वो 5 साल रहीं। इसके बाद 18 साल की ज़ीनत मुंबई आईं और अपने करियर की शुरुआत की।  

मॉडलिंग में आने से पहले थीं जर्नलिस्ट- 

ज़ीनत अमान बतौर जर्नलिस्ट 'फेमिना' मैग्जीन में काम करती थीं। दरअसल, मुंबई आने के बाद ज़ीनत ने सेंट जेवियर कॉलेज से बैचलर्स की डिग्री पूरी की और उसके बाद कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी (अमेरिका) चली गईं आगे की पढ़ाई पूरी करने। जब वापस आईं तो बतौर जर्नलिस्ट काम करने लगीं, लेकिन उनका मन उससे हट गया तो वो मॉडलिंग फील्ड में उतर आईं।  

zeenat aman death

ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतने के बाद बनी थीं मॉडल- 

ज़ीनत अमान ने ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा लिया। 1970 में वो मिस एशिया पैसिफिक का खिताब जीतकर प्रसिद्ध हुईं और उसके बाद ज़ीनत ने कदम रखा मॉडलिंग की दुनिया में।  

बॉलीवुड की पहली फिल्म-  

1971 में ज़ीनत ने ओपी रल्हन की फिल्म हलचल से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की। फिर उसी साल फिल्म हंगामा में काम करने का मौका मिला, लेकिन दोनों ही फिल्में फ्लॉप हो गईं।  

 

 

यह विडियो भी देखें

इस फिल्म से मिली सफलता- 

इसके कुछ समय बाद ही रिलीज़ हुई फिल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' जिसमें देव आनंद के साथ ज़ीनत अमान थीं। इस फिल्म से उनकी सफलता की शुरुआत हुई और इसके बाद उन्होंने कभी पलट कर नहीं देखा। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला था। 

 

 

 

View this post on Instagram

#ZeenatAman turns 67 on 19th Nov - #MissAsia #Pacific (1970) , she debuted in film #Hulchul & some hit pics...

A post shared by Nishant Rai (@asurijhrai) onNov 18, 2018 at 6:36am PST

संजय खान से की थी गुपचुप शादी! 

ज़ीनत अमान और संजय खान के बीच फिल्म अब्दुल्लाह के सेट पर नजदीकियां बढ़ीं। उन दिनों ऐसी खबरें आम थीं कि ज़ीनत ने गुपचुप तरीके से संजय खान से शादी कर ली है। पर संजय खान पर वॉयलेंट होने का आरोप भी लगता रहा है। संजय खान काफी शॉर्ट टेम्पर्ड थे और ज़ीनत के साथ मार-पीट भी किया करते थे। पर्दे पर महिला सशक्तिकरण की मिसाल ज़ीनत असल जिंदगी में घरेलू हिंसा का शिकार थीं। कहा ये भी जाता है कि ज़ीनत अमान की आंख संजय खान से मारपीट के चलते खराब हुई। हालांकि, इनमें से किसी भी बात की पुष्टी खुले तौर पर कभी ज़ीनत अमान ने नहीं की। 

इसे जरूर पढ़ें- ये 4 स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज पैरों के लिए है बहुत फायदेमंद, दर्द से लेकर पॉश्चर तक होगा ऐसा असर

दूसरी शादी में भी हुई परेशानी- 

ज़ीनत अमान ने 1985 में मजहर से शादी की। दोनों के दो बच्चे भी हैं जिनका नाम अजान और जहान है, लेकिन इस शादी में ज़ीनत खुश नहीं रहीं और आखिरकार इस बंधंन से भी वो आज़ाद हो गईं। 1998 में दोनों ने तलाक ले लिया। 

 

बॉलीवुड की पहली 'बोल्ड' एक्ट्रेस-

'हरे रामा हरे कृष्णा' फिल्म से बॉलीवुड में हिप्पी कल्चर स्थापित करने के बाद ज़ीनत अमान 1978 में राजकपूर की फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' में लीड रोल में रहीं। इस फिल्म में उनकी बोल्ड छवि ने लोगों के दिलों में घर कर लिया। इस फिल्म में उनकी आलोचना भी हुई, लेकिन फिर भी ज़ीनत अमान की छवि बोल्ड हो गई। इसे ज़ीनत के सिने करियर की बेस्ट फिल्म माना जाता है। 

इस फिल्म में निभाया संजीदा किरदार-

वैसे तो अमिताभ बच्चन की फिल्म डॉन में उन्होंने एक्शन रोल निभाया था, लेकिन फिर भी ज़ीनत की छवि बोल्ड फिल्मों वाली ही थी। इसके बाद 1980 में आई फिल्म 'इंसाफ का तराजू' इस फिल्म में ज़ीनत ने बेहद संजीदा किरदार निभाया था और लोगों ने उनकी एक्टिंग का लोहा माना। 

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ अफेयर की खबरें-

ऐसा नहीं है कि ज़ीनत की जिंदगी में कोई कॉन्ट्रोवर्सी नहीं हुई। एक समय ज़ीनत अमान के अफेयर के चर्चे इमरान खान के साथ भी थे। इसका खुलासा इमरान खान की पूर्व पत्नी रहम खान ने अपनी किताब में किया है। उन्होंने लिखा है कि उनके पति के कई एक्ट्रेस के साथ अफेयर थे और उसमें से एक ज़ीनत अमान भी थीं। 

अब पानीपत में आएंगी नजर-

मजहर खान से शादी के बाद ज़ीनत अमान ने अपने फिल्मी करियर को पीछे छोड़ दिया था। लेकिन लगभग 80 फिल्मों में काम करने वाली ज़ीनत अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर दिखने वाली हैं। 

वो अर्जुन कपूर और संजय दत्त की फिल्म पानीपत में सकीना बेगम के किरदार में दिखेंगी। एक अर्से बाद लोग उन्हें बड़े पर्दे पर देख पाएंगे।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।