Sat Sep 12, 2026 | Updated 04:32 AM IST

Parenting Tips: काम और बच्चों के बीच कैसे बनाएं बैलेंस? जानें वर्किंग पेरेंट्स के लिए जरूरी टिप्स

वर्किंग पेरेंट्स के लिए बच्चों की अच्छी परवरिश और समय देना मुश्किल होता जा रहा है। रोजाना के काम, घर के दायित्व, और करियर की जिम्मेदारियां, इन सभी के बीच बच्चों की जरूरतें अक्सर पिछड़ जाती हैं। हालांकि, सही योजना और प्राथमिकताओं के साथ वर्किंग पेरेंट्स अपने बच्चों को अच्छा मार्गदर्शन और प्यार दे सकते हैं।
Updated:- 2026-05-20, 18:09 IST
image
Sakhi

आज के समय में वर्किंग पेरेंट्स के लिए संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। पेरेंट्स के लिए अपने काम के साथ बच्चों की पढ़ाई, भावनात्मक विकास और सोशल स्किल्स पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है। इसके अलावा माता-पिता के लिए यह जरूरी है कि वे क्वालिटी टाइम निकालें, जिसमें बच्चे के साथ बातचीत करें, खेलें ताकि वे अपने बच्चों को, उनकी आदतों को और उनके मन को समझ सकें। ऐसे में चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट बिंदा सिंह से जानिए कि अगर आप वर्किंग पेरेंट्स तो आपकी सही पेरेंटिंग के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। 

टाइम मैनेजमेंट है जरूरी 

वर्किंग पेरेंट्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही होती है कि वे काम और परिवार के बीच संतुलन बना सकें। ऑफिस के घंटों के बाद भी बच्चे के साथ समय निकालना जरूरी है, भले ही वह थोड़ी देर के लिए ही क्यों न हो। इस समय का उपयोग बच्चों से बात करने, उनके साथ खेलने, या उनकी पढ़ाई में मदद करने में किया जा सकता है। समय का बेहतर प्रबंधन करने के लिए माता-पिता को अपने दिन की योजना पहले से बनानी चाहिए। जैसे अगर ऑफिस से वापस आने के बाद 1-2 घंटे बच्चों के साथ बिताने का समय निर्धारित किया जाए, तो इससे परिवार के साथ बेहतर रिश्ते बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें- वर्किंग पेरेंट्स अपने बच्चों को जरूर सिखाएं ये चार बातें

family-home-sitting-floor-lounge-reading-book-together

बच्चों के इमोशंस को समझें

जब माता-पिता काम में व्यस्त होते हैं, तो बच्चों को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वे अकेले हैं या उनकी भावनाओं की अनदेखी हो रही है। बच्चों के साथ भावनात्मक संवाद और उनके विचारों को समझने के लिए नियमित रूप से समय बिताना जरूरी है। रोजाना बच्चों के दिन के बारे में जानने की कोशिश करें। उन्हें पूछें कि उनका दिन कैसे बीता, क्या अच्छा हुआ, और क्या परेशानियां थीं। इससे बच्चे को सिक्योर महसूस होता है, उन्हें समझ आता है कि उनके माता-पिता उनकी परवाह करते हैं।

क्वालिटी टाइम बिताएं

क्वालटी समय का मतलब केवल बच्चे के साथ बिताया गया समय नहीं है, बल्कि इस समय का सही उपयोग करना है। इसका मतलब है कि उस समय में बच्चे के साथ पूरी तरह से जुड़ें, उनकी बातों को ध्यान से सुने और उनके साथ मिलकर कुछ खेलें और सीखें। बच्चों के साथ उनके पसंदीदा खेल खेलें, कोई किताब पढ़ें, या कला और शिल्प की गतिविधियों में शामिल हों। इन सरल गतिविधियों से न केवल आपका रिश्ता मजबूत होगा, बल्कि बच्चे की क्रिएटिविटी भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- बचपन में ही दें बच्चों को ये 5 सीख, कभी गलत संगत में नहीं पड़ेगा आपका लाडला

स्क्रीन टाइम कम करें

आजकल डिजिटल मीडिया और ऑनलाइन शिक्षा का समय है, लेकिन बच्चों के लिए ये फायदेमंद होने के साथ नुकसानदायक भी है खासकर तब जब माता-पिता व्यस्त रहते हों। वर्किंग पेरेंट्स को बच्चों के स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करना जरूरी है ताकि वे अपने सामाजिक, मानसिक और शारीरिक विकास में संतुलन बना सकें। बच्चों के ऑनलाइन समय को सीमित करें और सुनिश्चित करें कि वे शैक्षिक सामग्री का उपयोग कर रहे हैं। इसके अलावा, बच्चों को आउटडोर गेम्स और शारीरिक गतिविधियों में भी शामिल करें।

holding-hands-park-parents-play-with-kid-nature-fun-bonding-relax-together-happy-family-childhood-mother-father-young-boy-jump-outdoors-holiday-adventure-vacation

अपनी मेंटल हेल्थ का खास खयाल रखें

जब माता-पिता अपने बच्चों की देखभाल में पूरी तरह से लगे रहते हैं, तो वे खुद की देखभाल भूल जाते हैं। वर्किंग पेरेंट्स के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना भी जरूरी है, ताकि वे अपने बच्चों को बेहतर तरीके से बड़ा कर पाएं। अपने काम और बच्चों के अलावा थोड़ा समय खुद के लिए निकालना बहुत जरूरी है। आप अपनी पसंदीदा किताब पढ़ सकते हैं, योगा कर सकते हैं, या अपने मित्रों से मिल सकते हैं। इससे आपको मानसिक शांति मिलेगी और आप बेहतर तरीके से अपने बच्चों की देखभाल कर सकेंगे।

सिखाएं मिलजुलकर रहना

बच्चों के साथ खुले संवाद को बढ़ावा दें। उन्हें समझाएं कि परिवार के सभी सदस्य एक-दूसरे के साथ मिलकर रहते हैं या मिलकर काम करते हैं। इससे उन्हें आपको और आपके काम को समझने में मदद मिलेगी। बच्चों को उनके काम और जिम्मेदारियों के बारे में समझाने के लिए बात करें। उदाहरण के लिए जब आप ऑफिस में व्यस्त होते हैं, तो उन्हें यह बताएं कि आप उनके लिए काम कर रहे हैं ताकि उनके लिए एक अच्छा भविष्य तैयार कर सकें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Freepik.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।