Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:53 AM IST

क्यों लोग करते हैं अनदेखा? जानिए सोशल रिजेक्शन की वजह और इससे निपटने के तरीके

दूसरों से अपनी तारीफ सुनकर खुश होना और आलोचना सुनकर उदास हो जाना सहज आम बात है, लेकिन समस्या तब होती है, जब कुछ लोग प्रशंसा में कमी होने पर हीन भावना के शिकार हो जाते हैं। 
By Sakhi Digital | Edited By Garima Garg
Updated:- 2026-08-26, 05:29 IST
image
Sakhi

कल मैंने शर्मा जी को सपरिवार डिनर पर बुलाया था। दो मीठे व्यंजन और स्टार्टर के साथ पूरा खाना मैंने खुद ही बनाया था, पर उन्होंने एक बार भी तारीफ नहीं की। उस दिन जन्मदिन की पार्टी में रिश्तेदारों ने मेरी ओर ध्यान ही नहीं दिया, जब फोटोग्राफर ग्रुप फोटो क्लिक कर रहा था तो मैं पास ही में खड़ी थी, लेकिन किसी ने भी मुझे साथ आने को नहीं कहा।

अपने आसपास आपने भी कुछ लोगों को ऐसी शिकायत करते सुना होगा। दरअसल सोशल लाइफ में अधिकतर लोगों को हर कदम पर ऐसे नकारात्मक व्यवहार का सामना करना पड़ता है। दूसरों की सोच को नियंत्रित करना असंभव है, इसलिए उनके व्यवहार से परेशान होने के बजाय इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया जाए। ये लेख मनोवैज्ञानिक सलाहकार गीतिका कपूर से बातचीत पर आधारित है। जानते हैं...

क्या है वजह

जहां हर व्यक्ति अपने लिए सामाजिक स्वीकृति चाहता है, वहीं कुछ लोग दूसरों को जानबूझकर नजरअंदाज करते हैं। दरअसल मनुष्य अपनी समझ के आधार पर आसपास के लोगों को अलग-अलग वर्गों में बांट लेता है। जाहिर है, इस वर्गीकरण में हर व्यक्ति अपने जैसे लोगों का साथ चाहता है।

सोशल रिजेक्शन की भावना किसी के व्यक्तिगत गुण-दोषों के बजाय इस बात से पनपती है कि वह व्यक्ति किस नस्ल, धर्म, जाति या समुदाय से ताल्लुक रखता है। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के साथ शहरी और संपन्न वर्ग के लोग दूरी बनाकर रखते हैं। ऐसी स्थिति में दोनों समूहों के लोग बातचीत करने से कतराते हैं।

यह भी पढ़ें- जब महिला बॉस बनती है तो कुछ पुरुषों को क्यों होती है परेशानी? समझें इसके पीछे की साइकोलॉजी

समझें भावनात्मक जरूरतें

शारीरिक और भावनात्मक सुरक्षा हर इंसान की जरूरत होती है। जब कोई बच्चा पहली बार स्कूल जाना शुरू करता है, तभी से उसके मन में यह डर रहता है कि कहीं कोई दूसरा बच्चा उसे परेशान तो नहीं करेगा। यही भावना बचपन से ही मनुष्य को अपने ही जैसे लोगों के साथ घुलने-मिलने के लिए प्रेरित करती है।

spain-fan-watching-euro-cup-finale (1)

सामाजिक जीवन में जहां कोई व्यक्ति सभी के साथ आसानी से बातचीत कर लेता है, वहीं कुछ लोगों की 'सेंस ऑफ आइडेंटिटी' बहुत मजबूत होती है। अगर कोई इनकी तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाए तो भी उसे रिजेक्ट कर देते हैं। यथार्थ के कठोर धरातल पर कदम रखते ही युवा को पहली बार सोशल रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है।

 

नुकसानदेह है यह

अगर किसी सामाजिक समारोह में लोग सहज ढंग से बातचीत न करें, तो व्यक्ति खुद को उपेक्षित और अकेला महसूस करता है। उसे लगता है कि आसपास के लोग उसे अहमियत नहीं देते। कई बार वह दूसरों से अपनी तुलना करके अपने ही भीतर कई तरह की खामियां ढूंढने लगता है, जिससे उसका आत्मविश्वास कमजोर पड़ जाता है।

टूट रही हैं सीमाएं

महानगरों में शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल और रेस्तरां जैसे सार्वजनिक स्थलों पर हर तरह के लोग देखने को मिलते हैं। बहुराष्ट्रीय कंपनियों में विभिन्न देशों के लोग साथ मिल-जुलकर काम करते हैं। इसी वजह से जाति, धर्म, नस्ल और वर्ग के आधार पर बनाई गई सीमाएं तेजी से टूट रही हैं।

रिजेक्शन के भी हैं फायदे

सामाजिक जीवन में सभी को थोड़ा-बहुत सोशल रिजेक्शन झेलना पड़ता है। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के शोध से साबित हो चुका है कि अगर दृष्टिकोण सकारात्मक हो तो थोड़ा-सा रिजेक्शन फायदेमंद होता है। स्टूडेंट लाइफ में दोस्तों के बीच पहचान बनाने का दबाव छात्रों को मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है।

ऑफिस में कलीग्स के बीच इमेज खराब न हो, यही सोचकर लोग अपनी प्रोफेशनल स्किल सुधारने की कोशिश करते हैं। इस लिहाज से दूसरों का ऐसा व्यवहार लोगों का व्यक्तित्व संवारने में मददगार होता है। यह सीखने की प्रक्रिया का ही एक जरूरी हिस्सा है।

कैसे करें सामना?

सामाजिक दबाव में आकर खुद को बदलने के बजाय अपनी खूबियों को पहचान कर कार्यकुशलता बढ़ाएं।

  • दूसरों को थोड़ा समय दें, उनके शर्मीले व्यवहार को रिजेक्शन न समझें।
  • रिजेक्शन से घबरा कर हार न मानें और खुद को दोबारा मौका दें।
  • सेल्फ अवेयरनेस बहुत जरूरी है, थोड़ा वक्त खुद के साथ बिताएं।
  • जो निर्णय आपको बेहतरी की दिशा में ले जाए, उसी दिशा में कदम बढ़ाएं।

यह भी पढ़ें- त्योहारों की भागदौड़ में थक गई हैं आंखें? आजमाएं खीरा और टी-बैग थेरेपी

लेखक - विनीता

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।