घड़ी में 60 मिनट और 60 सेकेंड ही क्यों होते हैं? अधिकतर लोगों को नहीं पता होगा इसका सही जवाब

क्या आपने कभी सोचा है कि एक घंटे में 60 मिनट और एक मिनट में 60 सेकेंड ही क्यों होते हैं? गणित में तो हम आमतौर पर 10, 100 और 1000 के डिजिटल सिस्टम पर चलते हैं, तो फिर समय मापने का यह पैमाना कहां से आया? हम रोज अपनी कलाई पर बंधी घड़ी या दीवार पर टंगे क्लॉक को देखते हैं और वक्त का हिसाब रखते हैं। मगर हम में से अधिकतर लोगों को इसके पीछे का कारण नहीं पता होगा। आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि घड़ी में 60 मिनट और 60 सेकेंड ही क्यों होते हैं?
समय को 60 वाले कंसेप्ट में बांटने का विचार कहां से आया?
घड़ी में 60 मिनट और एक मिनट में 60 सेकेंड होने की कहानी प्राचीन बेबीलोन सभ्यता से जुड़ी है। इतिहासकारों के अनुसार, बेबीलोन के लोग लगभग 2000 ईसा पूर्व के आसपास गणना के लिए 60 आधारित संख्या पद्धति का इस्तेमाल करते थे। इसे सेक्साजेसिमल सिस्टम कहा जाता है।

आज हम सामान्य तौर पर 10 आधारित संख्या पद्धति यानी दशमलव प्रणाली का इस्तेमाल करते हैं। इसमें 0 से 9 तक के अंकों की मदद से गणना की जाती है। वहीं, बेबीलोन के गणित में 60 को आधार बनाकर संख्याओं को समझा और बांटा जाता था। यही वजह है कि समय और कोण को बांटने की परंपरा में 60 का इस्तेमाल आगे भी बना रहा।
इसे भी पढ़ें- कुछ होटल के कमरों में घड़ी क्यों नहीं होती? इसके पीछे छुपी है यह वजह
आखिर 60 नंबर को ही क्यों चुना गया?
इसके पीछे गणित का एक दिलचस्प कारण है। संख्या 60 को कई अलग-अलग संख्याओं से आसानी से विभाजित किया जा सकता है। जैसे 2, 3, 4, 5, 6, 10, 12, 15, 20 और 30 से 60 को पूरा-पूरा बांटा जा सकता है। प्राचीन समय में जब कैलकुलेटर या आधुनिक गणना उपकरण नहीं थे, तब ऐसी संख्या काफी उपयोगी होती थी।

उदाहरण के लिए, किसी चीज को आधा, एक तिहाई, चौथाई या पांचवें हिस्से में बांटना हो तो 60 के साथ गणना करना आसान पड़ता था। माना जाता है कि इस गणितीय सुविधा ने 60 आधारित प्रणाली को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई।
60 मिनट और 60 सेकेंड की शुरूआत कैसे हुई?
60 मिनट और 60 सेकेंड की शुरूआत के पीछे दिलचस्प बात यह है कि प्राचीन समय में लोग आज की तरह हाथ में घड़ी लेकर नहीं चलते थे। समय का अंदाजा सूरज, चांद और तारों की स्थिति देखकर लगाया जाता था। बेबीलोन के खगोलशास्त्री आसमान में ग्रहों और तारों की गति का हिसाब लगाने के लिए 60 आधारित गणना पद्धति का इस्तेमाल करते थे।

अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्टैंडर्ड्स एंड टेक्नोलॉजी (NIST) के अनुसार, दूसरी शताब्दी में यूनानी खगोलशास्त्री टॉलेमी ने अपने खगोलीय अध्ययन में एक डिग्री को 60 मिनट और एक मिनट को 60 सेकेंड में बांटने का विचार इस्तेमाल किया था। धीरे-धीरे यही गणना समय मापने के तरीके में भी शामिल हो गई।
आज के समय में एक सेकेंड कैसे तय होता है?
पहले एक सेकेंड को पृथ्वी के घूमने और दिन की अवधि के आधार पर समझा जाता था। मगर पृथ्वी की घूमने की गति में थोड़ा बदलाव होता रहता है। इसलिए वैज्ञानिकों को समय मापने का ज्यादा सटीक तरीका चाहिए था। इसी जरूरत के कारण आज परमाणु घड़ियों (Atomic Clocks) का इस्तेमाल किया जाता है।
NIST के मुताबिक, आधुनिक वैज्ञानिक परिभाषा में सीजियम-133 परमाणु के एक विशेष विकिरण की 9,192,631,770 आवृत्तियों के बराबर समय को एक सेकेंड माना जाता है। यह परिभाषा 1967 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई गई थी। यानी अब सेकेंड का माप किसी साधारण घड़ी की सुई या पृथ्वी के घूमने पर निर्भर नहीं करता, बल्कि परमाणु के बेहद नियमित व्यवहार पर आधारित है।
इसे भी पढ़ें- न घड़ी थी, न अलार्म; पुराने समय में सूरज और पानी से ऐसे पता चलता था समय
60 को चुनने का सटीक मूल कारण इतिहासकारों को निश्चित रूप से मालूम नहीं है। इसकी गणितीय उपयोगिता एक प्रमुख वजह मानी जाती है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही इंटरेस्टिंग स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-magnific, ai
रिसर्च के लिए आधिकारिक स्रोर्स- अमेरिका का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्टैंडर्ड्स एंड टेक्नोलॉजी (NIST)
NIST – Second: Introduction](https://www.nist.gov/si-redefinition/second-introduction
[NIST – Timekeeping and Clocks FAQs](https://www.nist.gov/pml/time-and-frequency-division/timekeeping-and-clocks-faqs
[NIST – Second: The Past](https://www.nist.gov/si-redefinition/second/second-past
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।