Indoor Air Pollution: घर में एयर प्यूरीफायर चलाने के बाद भी कम नहीं हो रहा प्रदूषण? इन 6 वजहों को न करें नजरअंदाज
-1793709968514.webp)
प्रदूषण बढ़ने के साथ ही घरों में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को लगता है कि कमरे में प्यूरीफायर चलाने से घर की हवा साफ हो जाएगी, लेकिन क्या सिर्फ मशीन चलाना ही काफी है? कई बार घंटों एयर प्यूरीफायर चलने के बावजूद घर की हवा में प्रदूषण बना रहता है। इसकी वजह घर में मौजूद कुछ ऐसी चीजें हो सकती हैं, जिन पर आमतौर पर हमारा ध्यान नहीं जाता है।
घर में कैसे होता है प्रदूषण?
बाहर की जहरीली हवा से बचने के लिए आपने घर की खिड़कियां बंद कर ली हैं और एयर प्यूरीफायर भी लगा लिया है, फिर भी कमरे की हवा साफ नहीं हो रही है? दरअसल, घर के अंदर भी प्रदूषण पैदा करने वाली कई चीजें मौजूद हैं। खाना पकाने से निकलने वाला धुआं, अगरबत्ती और सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल हवा को खराब कर सकते हैं। ऐसे में सिर्फ एयर प्यूरीफायर पर निर्भर रहने के बजाय प्रदूषण की असली वजहों को समझना जरूरी है।
Photo Credit: Magnific
एयर प्यूरीफायर के बाद भी क्यों बना रहता है प्रदूषण?
एयर प्यूरीफायर हवा में मौजूद कुछ प्रदूषकों को फिल्टर करने का काम करता है। यह घर के अंदर प्रदूषण पैदा होने की प्रक्रिया को नहीं रोक सकता है। अगर कमरे में लगातार धुआं, धूल या दूसरी हानिकारक चीजें फैल रही हैं, तो मशीन के लिए हवा को साफ रखना मुश्किल हो सकता है। आइए National Library of Medicine की रिसर्च से जानते हैं कि घर के अंदर का वातावरण कैसे प्रदूषित होता है?
घर में प्रदूषण बढ़ाने वाली 6 छिपी वजहें
1. खाना पकाते समय निकलने वाला धुआं
रोजाना खाना बनाना भी घर के अंदर प्रदूषण बढ़ा सकता है। खासकर खाना तलने, ग्रिल करने और गैस पर तेज आंच में पकाने से हवा में बारीक कण और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसी गैसें फैल सकती हैं। किचन में एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें और खाना बनाते समय धुएं को बाहर निकालने की व्यवस्था रखें।
2. अगरबत्ती, मोमबत्ती और मच्छर भगाने वाली कॉइल
घर में खुशबू के लिए अगरबत्ती, सुगंधित मोमबत्ती या मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाई जाती है, लेकिन इनके जलने से धुआं और बारीक प्रदूषक कण निकलते हैं। बंद कमरे में इनका लगातार इस्तेमाल हवा की गुणवत्ता खराब कर देता है।
Photo Credit: Magnific
3. सफाई के सामान और रूम फ्रेशनर
फर्श साफ करने वाले लिक्विड, पेंट, चिपकाने वाले पदार्थ और रूम फ्रेशनर से हवा में वोलेटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड (VOCs) फैल सकते हैं। इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें और सफाई के दौरान उचित हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें।
4. बाहर की प्रदूषित हवा का घर में आना
घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद होने के बावजूद बाहर की हवा अंदर आ सकती है। दरवाजों के आसपास की जगह, खिड़कियों की दरारों और वेंटिलेशन सिस्टम से पॉल्यूशन घर में पहुंच सकता है। प्रदूषण ज्यादा होने पर खिड़कियां लंबे समय तक खुली न रखें।
5. एयर प्यूरीफायर की सही देखभाल न करना
अगर मशीन का फिल्टर गंदा या जाम हो गया है, तो वह ठीक से काम नहीं कर पाएगा। इसके अलावा छोटे कमरे के लिए बना प्यूरीफायर बड़े कमरे में लगाने से भी पूरा फायदा नहीं मिलेगा। फिल्टर की सफाई और बदलाव कंपनी के निर्देशों के अनुसार करें।
6. ऐसी गैसें जिन्हें सामान्य प्यूरीफायर नहीं हटा पाता
हर एयर प्यूरीफायर सभी तरह के पॉल्यूशन को नहीं हटाता है। सामान्य फिल्टर हवा में मौजूद बारीक कणों को रोक सकते हैं, लेकिन कार्बन मोनोऑक्साइड और कुछ गैसों को हटाने के लिए खास तकनीक की जरूरत होती है। इसलिए, मशीन खरीदते समय उसकी फिल्ट्रेशन क्षमता जरूर जांचें।
यह भी पढ़ें- गंदी नदी की वजह से बना था दुनिया का पहला इंडोर स्विमिंग पूल, सिर्फ रईसों को थी तैरने की इजाजत
Photo Credit: Magnific
घर की हवा साफ रखने के लिए क्या करें?
1. सुबह-शाम वेंटिलेशन का टाइम सही रखें
दिन में 11 से 4 बजे के बीच जब AQI थोड़ा बेहतर होता है, तभी खिड़कियां खोलें। सुबह जल्दी और शाम को धुंध में खिड़कियां बंद रखें। किचन और बाथरूम में Exhaust Fan जरूर चलाएं।
2. धूल को रोज हटाएं, फैलाएं नहीं
झाड़ू की जगह गीले कपड़े से पोंछा और वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें। बेडशीट, पर्दे हफ्ते में एक बार धोएं। जूते-चप्पल घर के बाहर ही उतारें, 70% धूल वहीं से आती है।
3. पौधे लगाएं
स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, ये रात में भी ऑक्सीजन देते हैं और VOCs सोखते हैं। 1 बड़े कमरे में 2-3 पौधे काफी हैं।
4. नमी कंट्रोल करें
बहुत ज्यादा नमी से फफूंद और बैक्टीरिया बढ़ते हैं। 40-60% के बीच नमी रखें। बरसात में Dehumidifier या नीम के तेल से सफाई मदद करती है।
यह भी पढ़ें- बिना पटाखों के भी जगमगाएगा त्योहार, जानिए नो-पॉल्यूशन वाली दिवाली मनाने के बेस्ट आइडियाज
एयर प्यूरीफायर हवा साफ करने का सॉल्यूशन है, सोर्स नहीं। जब तक घर के अंदर धुआं, धूल और केमिकल बनते रहेंगे, कोई भी मशीन अकेले हवा प्योर नहीं कर सकती। इसलिए मशीन के साथ-साथ आदतें बदलना ज्यादा जरूरी है - किचन में चिमनी चलाना, अगरबत्ती कम करना और फिल्टर टाइम पर बदलना। तभी आपका प्यूरीफायर सच में पैसा वसूल काम करेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या AC भी एयर प्यूरीफायर का काम करता है?
- नहीं। AC सिर्फ हवा को ठंडा करता है, उसके फिल्टर बड़े धूल के कण ही रोक पाते हैं। PM2।5 और VOCs जैसी बारीक गैसों को रोकने के लिए HEPA + Activated Carbon फिल्टर वाला प्यूरीफायर ही चाहिए।
- एयर प्यूरीफायर को दिन में कितनी देर चलाना चाहिए?
- प्रदूषण ज्यादा होने पर इसे 24 घंटे ऑटो मोड पर चलाना सबसे बेहतर है। बार-बार ऑन-ऑफ करने से कमरे में फिर से प्रदूषण भर जाता है और फिल्टर पर लोड भी बढ़ता है।
- क्या एयर प्यूरीफायर से ऑक्सीजन बढ़ती है?
- बिल्कुल नहीं। प्यूरीफायर सिर्फ हवा से गंदगी निकालता है, ऑक्सीजन नहीं बनाता। ऑक्सीजन के लिए वेंटिलेशन और पौधे जरूरी हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।